
दिग्गज टेक कंपनी सैमसंग नए साल में नई उम्मीदों व नए जोश के साथ बाजार में कदम रख चुकी है। साल 2019 सैमसंग के लिए बेहद अहम और सैमसंग फैन्स के लिए बेहद खास होने वाला है। नई स्मार्टफोन सीरीज़, दमदार फ्लैगशिप फोन व नई तकनीक तथा एडवांस गैजेट्स के साथ सैमसंग पूरे साल धमाल मचाने वाली है। आज ही जहां सैमसंग गैलेक्सी एस10 सीरीज़ और कंपनी ने पहले 5जी फोन की लॉन्च डेट का खुलासा हुआ है वहीं एक ताजा रिपोर्ट में सामने आया है कि सैमसंग एक साथ तीन इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर वाले स्मार्टफोन लॉन्च करने वाली है।
सैमसंग से जुड़ी इस खबर को कोरियन मीडिया में पब्लिश किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि सैमसंग तीन ऐसे स्मार्टफोंस पर काम कर रही है जिनमें इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि ये तीनों फोन गैलेक्सी ए सीरीज़ के होंगे और इन्हें गैलेक्सी ए90, गैलेक्सी ए70 तथा गैलेक्सी ए50 नाम के साथ बाजार में उतारा जाएगा। कोरियन मीडिया के अनुसार ये तीनों ही स्मार्टफोन मीड बजट में लॉन्च किए जाएंगे।
कोरियन मीडिया ने इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक डेवलेप करने वाली कंपनी के सूत्र से यह खबर पुख्ता की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पार्टोन एंड मैक्नेक्स द्वारा सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर वाली तकनीक बनाई जा रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सैमसंग इस साल अपनी गैलेक्सी ए सीरीज़ में 9 स्मार्टफोन लॉन्च करने की योजना बना रही है। और इन 9 में 3 स्मार्टफोन इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर वाले होंगे।

सैमसंग को लेकर कहा गया है कि कंपनी साल की दूसरी तिमाही में ही गैलेक्सी ए90, गैलेक्सी ए70 और गैलेक्सी ए50 स्मार्टफोन पेश कर सकती है। ये तीनों ही स्मार्टफोन पहले अंर्तराष्ट्रीय मंच पर लॉन्च किए जाएंगे जो बाद में विभिन्न समय में अलग अलग मार्केट्स में सेल के लिए उपलब्ध होंगे। रिपोर्ट में बताए गए सूत्रों के अनुसार सैमसंग की ओर इन तीनों स्मार्टफोन का मास प्रोडक्शन शुरू किया जा चुका है।
सैमसंग ने हालांकि अभी तक अपनी गैलेक्सी ए सीरीज़ के आगामी स्मार्टफोन को लेकर कोई भी घोषणा नहीं की गई है। सैमसंग अगले महीने आयोजित होने वाली मोबाईल वर्ल्ड कॉग्रेस 2019 के पहले ही गैलेक्सी एस10 सीरीज़ के पर्दा उठाने वाली है। हो सकता है कि इस आयोजन में कंपनी अपनी स्ट्रेटजी और गैलेक्सी ए सीरीज़ की योजना की भी कोई जानकारी दे दे।













