
Samsung Galaxy S21 सीरीज़ को बाजार में आने में अभी वक्त है, लेकिन लॉन्च से पहले ही इस सीरीज़ ने चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है। अलग-अगल लीक्स और वेबसाइट लिस्टिंग्स में इस सीरीज़ की डिटेल्स सामने आ रही है जिनमें Samsung Galaxy S21, Samsung Galaxy S21+ और Samsung Galaxy S21 Ultra स्मार्टफोन की स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स का खुलासा हो रहा है। इसी कड़ी में अब सैमसंग गैलेक्सी एस21 प्लस स्मार्टफोन का बेंचमार्क सर्टिफिकेशन सामने आया है जिसमें फोन की कई अहम स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी मिली है।
Samsung Galaxy S21+ को बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर लिस्ट किया गया है जो 16 नवंबर की है। सबसे पहले तो आपको याद दिला दें कि सैमसंग अपनी फ्लैगशिप गैलेक्सी एस सीरीज़ के दो मॉडल बाजार में उतारती है जिनमें एक मॉडल ‘एक्सनॉस’ चिपसेट वाला होता है तथा दूसरा मॉडल क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन चिपसेट सपोर्ट करता है। गीकबेंच पर सैमसंग गैलेक्सी एस21+ स्मार्टफोन का क्वॉलकॉम प्रोसेसर वाला मॉडल सर्टिफाइड हुआ है। चिपसेट के साथ ही अन्य पावरफुल स्पेसिफिकेशन्स भी सामने आ गई है।
गीकबेंच पर सैमसंग गैलेक्सी एस21 प्लस को एंडरॉयड के सबसे नए ओएस एंडरॉयड 11 के साथ सर्टिफाइड किया गया है। यहां फोन को आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ दिखाया गया है जिसमें मदरबोर्ड सेक्शन में ‘Lahaina’ लिखा गया है। बता दें कि यह कोडनेम क्वॉलकॉम के आने वाले सबसे पावरफुल चिपसेट स्नैपड्रैगन 875 का है। लिस्टिंग में साफ हो गया है Samsung Galaxy S21+ स्मार्टफोन स्नैपड्रैगन 875 चिपसेट सपोर्ट करेगा। वहीं चर्चा है कि फोन का दूसरा मॉडल एक्सनॉस 2100 चिपसेट के साथ लॉन्च होगा।
Samsung Galaxy S21 Plus को गीकबेंच पर 8 जीबी रैम मैमोरी से लैस दिखाया गया है। वहीं बेंचमार्किंग स्कोर की बात करें तो इस फोन को सिंगल-कोर में 1120 प्वाइंट्स तथा मल्टी-कोर में 3319 प्वाइंट्स प्राप्त हुए है। बता दें कि सैमसंग गैलेक्सी एस21 प्लस के एक्सनॉस चिपसेट वाले मॉडल को सिंगल-कोर में 1040 स्कोर तथा मल्टी-कोर में 3107 बेंचमार्क स्कोर प्राप्त हुआ था जो क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 875 चिपसेट वाले मॉडल की तुलना में कुछ कम है।
यह हो सकती है स्पेसिफिकेशन्स
Samsung Galaxy S21+ से जुड़े लीक्स की बात करें तो बताया जा रहा है कि सैमसंग के इस फोन को एमोलेड पैनल पर लॉन्च किया जाएगा जो 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट पर काम करने वाली स्क्रीन सपोर्ट करेगा। लीक के अनुसार इस फोन में 6.7 इंच की एलटीपीएस फुलएचडी+ पंच-होल डिसप्ले दी जा सकती है। गैलेक्सी एस21+ एक 5G फोन होगा जो Wi-Fi 6 और Bluetooth 5.1 जैसे फीचर्स से लैस होगा। इसी तरह पावर बैकअप के लिए इस फोन में 4,800एमएएच की बैटरी दिए जाने की बात सामने आ रही है। चर्चा है कि सैमसंग गैलेक्सी एस21 प्लस स्मार्टफोन Phantom Silver, Phantom Black और Phantom Violet कलर में बाजार में उतारा जाएगा।













