Smart TV का माइक्रोफोन क्यों बंद करना चाहिए? जानें प्राइवेसी से जुड़ा खतरा

आजकल Smart TV सिर्फ टीवी देखने के काम नहीं आता है। इसमें YouTube, Netflix जैसे ऐप्स के साथ Voice Assistant भी मिलता है। इसकी मदद से रिमोट पर टाइप करने के बजाय बोलकर TV को कंट्रोल किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, कोई फिल्म देखनी हो तो रिमोट से नाम टाइप करने के बजाय सीधे बोलकर फिल्म खोजी जा सकती है। इसी तरह ऐप खोलने, कंटेंट सर्च करने या कुछ दूसरे कामों के लिए भी Voice Command का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं कुछ Smart TV को Amazon Alexa और Google Home जैसे स्मार्ट होम सिस्टम से भी जोड़ा जा सकता है। इसके जरिए आप TV घर की लाइट, थर्मोस्टेट और दूसरे स्मार्ट डिवाइस को कंट्रोल कर कर सकते हैं। सुविधा के साथ एक सवाल भी उठता है कि क्या Smart TV के माइक्रोफोन को हमेशा ऑन रखना जरूरी है? अगर Voice Command का इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो माइक्रोफोन को बंद करना प्राइवेसी और सुरक्षा के लिहाज से बेहतर विकल्प हो सकता है। जानें कैसे?
Smart TV का माइक्रोफोन बंद करने की पहली वजह प्राइवेसी
स्मार्ट टीवी (Smart TV) में दिया गया माइक्रोफोन Voice Assistant के लिए Wake Word सुनने के लिए तैयार रहता है। उदाहरण के लिए, Google Assistant के लिए Hey Google जैसे शब्द इस्तेमाल किए जाते हैं। ऐसा नहीं है कि TV हर बातचीत को Voice Command मानकर काम करने लगता है। लेकिन Wake Word पहचानने के लिए माइक्रोफोन को बैकग्राउंड में एक्टिव रहना पड़ता है।
यही वजह है कि कुछ लोगों को Smart TV का माइक्रोफोन हमेशा ऑन रखना पसंद नहीं आता है। घर में होने वाली निजी बातचीत के दौरान कमरे में मौजूद TV भी आवाज सुनने की स्थिति में रहता है। कंपनियां आमतौर पर नहीं बताती हैं कि Voice Assistant से जुड़ी रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल किस तरह किया जाता है। देखा जाए तो Voice Command को समझने और प्रोसेस करने के लिए ऑडियो डाटा कंपनी या किसी थर्ड पार्टी सर्वर तक भेजा जा सकता है। कुछ मामलों में रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल Voice Recognition सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए भी किया जाता है। इसलिए अगर Voice Assistant की जरूरत नहीं है, तो माइक्रोफोन बंद रखना प्राइवेसी के लिहाज से एक आसान कदम हो सकता है।
Voice Command का इस्तेमाल कम है तो माइक्रोफोन बंद करना बेहतर
Voice Command काफी सुविधाजनक फीचर है, लेकिन हर कोई इसका नियमित इस्तेमाल नहीं करता है। TV पर ऐप खोलने, वॉल्यूम बदलने या फिल्म खोजने के लिए रिमोट आज भी आसान तरीका हो सकता है। Voice Assistant कई बार गलत शब्द समझ सकता है, जिससे कमांड दोबारा बोलनी पड़ती है। वहीं अगर TV बैठने की जगह से दूर है, तो Voice Command के लिए तेज आवाज में बोलना भी पड़ सकता है। ऐसे में जिस फीचर का इस्तेमाल बहुत कम होता है, उसके लिए माइक्रोफोन को हमेशा चालू रखने की जरूरत नहीं है। इस स्थिति में माइक्रोफोन बंद करने से TV के सामान्य कामकाज पर कोई खास असर नहीं पड़ता है। सिर्फ Voice Command और Hands-Free Voice Assistant जैसी सुविधाएं बंद हो जाती हैं।
Smart TV को हैक करने का भी हो सकता है जोखिम
Smart TV इंटरनेट से जुड़ा डिवाइस है। इसमें सॉफ्टवेयर होता है और यह Wi-Fi के जरिए इंटरनेट से कनेक्ट रहता है। इसलिए दूसरे इंटरनेट से जुड़े डिवाइस की तरह इसमें भी सुरक्षा से जुड़े जोखिम हो सकते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि हर Smart TV आसानी से हैक हो सकता है। लेकिन सॉफ्टवेयर में मौजूद सुरक्षा खामी का गलत फायदा उठाने की कोशिश की जा सकती है।
अगर किसी Smart TV का अनधिकृत एक्सेस मिल जाता है, तो माइक्रोफोन जैसे हार्डवेयर का गलत इस्तेमाल भी चिंता का विषय हो सकता है। अगर TV में कैमरा दिया गया है तो इस्तेमाल न होने पर उसे कवर करके रखना भी एक अच्छी सुरक्षा आदत है।
Smart TV का माइक्रोफोन कैसे बंद करें?
माइक्रोफोन बंद करने का तरीका TV के ब्रांड और ऑपरेटिंग सिस्टम के हिसाब से अलग हो सकता है। Google TV वाले TCL Smart TV में इसे बंद करने के लिए आमतौर पर ये स्टेप्स अपनाए जा सकते हैं।
- सबसे पहले Settings को ओपन करें।
- इसके बाद Privacy विकल्प पर जाएं।
- अब Google Assistant की Settings ओपन करें।
- यहां Hands-free mic और Voice Control जैसे विकल्पों को बंद कर दें।
इसके बाद TV का Always-On माइक्रोफोन बंद हो जाएगा। हालांकि Samsung, LG, Fire TV और दूसरे Smart TV में Settings का नाम और तरीका अलग हो सकता है।
सिर्फ माइक्रोफोन बंद करना काफी नहीं
Smart TV की प्राइवेसी बेहतर करने के लिए सिर्फ माइक्रोफोन बंद करना ही काफी नहीं है। TV में Automatic Content Recognition यानी ACR नाम का फीचर भी हो सकता है। आसान भाषा में समझें तो ACR TV स्क्रीन पर चल रहे कंटेंट को पहचानने में मदद करता है। इससे यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि TV पर किस तरह का कंटेंट देखा जा रहा है।
अलग-अलग कंपनियां ACR के लिए अलग नाम इस्तेमाल करती हैं। Samsung में इसे Viewing Information Services, LG में Live Plus और Fire TV में Automatic Content Recognition कहा जाता है। अगर प्राइवेसी को लेकर ज्यादा सावधानी बरतनी है, तो TV की Settings में जाकर ACR से जुड़ा विकल्प भी चेक करें और जरूरत न होने पर इसे बंद कर दें।
क्या Smart TV का माइक्रोफोन बंद करना चाहिए?
अगर Voice Assistant या Voice Search का इस्तेमाल करते हैं, तो Smart TV का Always-On माइक्रोफोन बंद रखना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इससे Voice Command की सुविधा जरूर बंद हो जाएगी, लेकिन TV देखने, ऐप इस्तेमाल करने और दूसरे सामान्य कामों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। वहीं, अगर Voice Assistant का नियमित इस्तेमाल करते हैं, तो माइक्रोफोन चालू रखना ज्यादा सुविधाजनक रहेगा। आखिर में फैसला जरूरत और प्राइवेसी की प्राथमिकता पर निर्भर करता है। जिस फीचर का इस्तेमाल नहीं होता है, उसे बंद रखने से अनावश्यक रूप से एक्टिव माइक्रोफोन को लेकर चिंता कम की जा सकती है।