
मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस का 2019 संस्करण शुरू होने से पहले ही सोनी घोषणा कर चुकी थी कि कपंनी इस बड़े ईवेंट में हिस्सा लेने वाली है और अपने नए स्मार्टफोंस और डिवाईस पेश करेगी। वहीं आज सोनी ने एक साथ 4 नए स्मार्टफोंस से पर्दा उठा दिया है। सोनी ने अपनी एक्सपीरिया सीरीज़ को अंर्तराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाते हुए एक्सपीरिया 1 और एक्सपीरिया एल3 के साथ ही एक्सपीरिया 10 और एक्सपीरिया 10 प्लस भी लॉन्च किए हैं। आईये नज़र डालते हैं सोनी के सबसे नए और शानदार स्मार्टफोन एक्सपीरिया 10 और एक्सपीरिया 10 प्लस के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स पर:
एक्सपीरिया 10 और एक्सपीरिया 10 प्लस दुनिया के पहले स्मार्टफोन हैं जो 21:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किए गए हैं। इन दोनों स्मार्टफोंस की डिसप्ले पतली और लंबी है। कंपनी ने अपने इस फोंस को नॉच से दूर रखा है। डिसप्ले के उपर तथा नीचे की ओर जहां हल्का सा बॉडी पार्ट मौजूद है वहीं दोनों साईट पूरी तरह से बेजल लेस है। फोन के बैक पैनल पर हारिजॉन्टल शेप में रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इन दोनों ही फोन के दाए पैनल पर बटन दिया गया है जो फिंगरप्रिंट सेंसर इम्बेडिड है।
सोनी एक्सपीरिया 10
कंपनी ने इस फोन में 6-इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले दी है जो कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 से प्रोटेक्टेड है। सोनी ने इस फोन को 3जीबी की रैम मैमोरी पर पेश किया है। फोन में 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 512जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। एक्सपीरिया 10 को सोनी ने एंडरॉयड के सबसे नए ओएस एंडरॉयड पाई पर पेश किया है तथा यह फोन आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 630 चिपसेट पर रन करता है।
सोनी एक्सपीरिया 10 के बैक पैनल पर डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी तथा 5-मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी के लिए फोन के फ्रंट पैनल पर 8-मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही इस फोन में 2,870एमएएच की बैटरी देखने को मिलेगी। सोनी एक्सपीरिया 10 को 350 यूएस डॉलर में लॉन्च हुआ है। यह कीमत भारतीय करंसी अनुसार तकरीबन 24,800 रुपये है।
सोनी एक्सपीरिया 10 प्लस
यह फोन एक्सपीरिया 10 का बड़ा वर्ज़न है। एक्सपीरिया 10 प्लस में 21:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली 6.5-इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले दी गई है। कंपनी की ओर से इस फोन में 4जीबी की रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है जो 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। एक्सपीरिया 10 प्लस एंडरॉयड पाई आधारित फोन है जो आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 636 चिपसेट पर रन करता है।
सोनी एक्सपीरिया 10 प्लस भी डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर 12-मेगापिक्सल का प्राइमरी तथा 8-मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा सेंसर दिया गया है। इसी तरह सेल्फी के लिए फोन के फ्रंट पैनल पर 8-मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही इस फोन में 3,000एमएएच की बैटरी दी गई है। सोनी एक्सपीरिया 10 प्लस मार्च महीने से 430 यूएस डॉलर (तकरीबन 30,000 रुपये) में सेल के लिए उपलब्ध हो जाएगा।


















