
सोनी के स्मार्टफोन अपनी प्रीमियम क्वॉलिटी के लिए पहचाने जाते हैं। लंबे समय से सुस्त चाल चल रही इस कंपनी ने एक नया मोबाइल फोन पेश किया है। ग्लोबल मार्केट में Sony Xperia 1 VIII स्मार्टफोन लॉन्च किया गया है जो 16GB RAM और Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर की ताकत से लैस होकर आया है। नए सोनी के फोन एक्सपीरिया वन 8 के फीचर्स, स्पेसिफिकेशन्स और प्राइस की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
Sony Xperia 1 VIII 5G फोन क्वालकॉम के 3नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बने Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट पर लॉन्च किया गया है। यह फ्लैगशिप ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 3.62गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 4.61गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस नए सोनी स्मार्टफोन में Adreno 840 जीपीयू दिया गया है।
यह सोनी स्मार्टफोन LPDDR5X RAM पर लाया गया है जो मल्टीटास्किंग को स्मूथ और फास्ट बनाए रखने में मदद करता है। Xperia 1 VIII को एंड्रॉयड 14 पर लाया गया है जो कुछ चौंकाने वाली बात है। एक ओर जहां एंड्रॉयड 17 बीटा वर्जन अनाउंस हो चुका है वहीं नए स्मार्टफोन का Android 14 पर आना हजम नहीं होता। बहरहाल सोनी ने अपने नए मोबाइल को 4 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 6 साल की सिक्योरिटी अपडेट के साथ पेश किया है।
Sony Xperia 1 VIII स्मार्टफोन को 1080 x 2340 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.5-इंच की फुलएचडी+ डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह OLED पैनल पर बनी स्क्रीन है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट और 240Hz टच सैंपलिंग रेट मिलती है। इस सोनी स्मार्टफोन की स्क्रीन किसी तरह की कोई नॉच या पंच-होल नहीं दिया गया है। डिस्प्ले पूरी तरह फ्लैट है और इसके उपरी व नीचले हिस्से पर हल्का बेजल पार्ट मौजूद है। इसी उपरी बेजल पर सेल्फी कैमरा फिट किया गया है। स्मार्टफोन स्क्रीन को Gorilla Glass Victus 2 की प्रोटेक्शन प्राप्त है।
फोटोग्राफी के लिए यह सोनी स्मार्टफोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.9 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जो 48 मेगापिक्सल ultra-wide एंगल लेंस और 40 मेगापिक्सल 3x telephoto लेंस के साथ मिलकर काम करता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए Sony Xperia 1 VIII स्मार्टफोन में 12 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
पावर बैकअप के लिए इस स्मार्टफोन में 5000mAh battery दी गई है। मौजूदा बड़ी बैटरी वाले फोन के चलन में यह छोटी महसूस होती है। वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 30W वायर्ड और वायरलेस चार्जिंग का सपेार्ट मौजूद है। इस मोबाइल में 360 Spatial Sound और 360 Reality Audio का सपोर्ट दिया गया है जो शानदार म्यूजिक एक्सपीरियंस दे सकते हैं। साथ ही ग्राहकों को 3.5mm हेडफोन जैक भी मिलेगा।
Sony Xperia 1 VIII स्मार्टफोन साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर सपोर्ट करता है। मोबाइल को डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन देने के लिए इसे IP68 रेटिंग प्राप्त है। कनेक्टिविटी के लिए इस सोनी स्मार्टफोन में Wi-Fi 7, Bluetooth 6.0 और NFC जैसे विकल्प भी मौजूद हैं।
कीमत की बात करें तो Sony Xperia 1 VIII स्मार्टफोन को €1499 यूरो में लॉन्च किया गया है जो इंडियन करंसी अनुसार 1,68,000 रुपये के करीब है। यह मोबाइल के 256GB मेमोरी वेरिएंट का प्राइस है जिसमें Sony WH-1000XM6 headphone भी साथ में मिलेगा। इसके अलावा कंपनी 1TB स्टोरेज वाला सोनी स्मार्टफोन का लिमिटेड एडिशन भी लाई है जिसमें गोल्ड लगा है। इसका रेट €1999 यानी 2,24,400 रुपये के करीब है।












