Jio, Airtel और Vi पर कसी नकेल! 30 दिन वैलिडिटी वाले मोबाइल रिचार्ज, टैरिफ और कॉम्बो वाउचर लाने का मिला ऑर्डर

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2022/01/Jio-Airtel-Vi-Offer.jpg

28 दिनों की वैलिडिटी वाले प्लान्स को लेकर बीते कई दिनों से इंडियन टेलीकॉम इंडस्ट्री में गहमागहमी का माहौल था। इंडियन मोबाइल यूजर लगातार अपनी नाराजगी जता रहे थे कि Reliance Jio, Airtel और Vodafone Idea (Vi) जैसी प्राइवेट कंपनियां 28 दिनों का महीना बनाकर बेच रही है जिससे कंपनियों को तो फायदा हो रहा है लेकिन आम जनता को भारी नुकसान हो रहा है। यूजर्स की डिमांड थी कि 28 दिनों की वैलिडिटी को बढ़ाकर एक महीना कर देना चाहिए। वहीं अब टेलीकॉम रेग्युलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI ने सभी टेलीकॉम कंपनियों को आदेश दे दिया है कि उन्हें 30 दिनों की वैलिडिटी वाले Mobile Recharge Plan जरूर लॉन्च करने होंगे।

TRAI ने Telecom Tariff (67th Amendment) Order, 2022 को पेश करते हुए रिलायंस जियो, एयरटेल, वीआई और बीएसएनएल को आदेश दिया है कि उन्हें कम से कम एक ऐसा प्लान वाउचर जरूर पेश करना होगा जिसमें 30 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसके साथ-साथ ट्राई का आदेश है कि इन टेलीकॉम कंपनियों को प्लान वाउचर के अलावा एक स्पेशल टैरिफ वाउचर और एक कॉम्बो वाउचर भी लॉन्च करना होगा जिसमें मोबाइल यूजर्स को 30 दिनों की वैलिडिटी मिलती हो।

अब एक रिचार्ज चलेगा पूरा एक महीना

​मोबाइल यूजर्स के साथ किसी तरह का कोई कपट या चालाकी न हो, ट्राई ने इस बात का भी पूरा ख्याल रखा है। अपने आदेश में ट्राई ने यह भी साफ कर दिया है कि 30 दिनों की वैलिडिटी वाले प्लान्स पेश करने के साथ ही मोबाइल टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे प्लान्स भी जारी करने होंगे जो हर महीने की समान तारीख पर ऑटो रिन्यू यानी दुबारा शुरू हो जाए। ऐसा होने के मोबाइल यूजर्स को 30 दिन वाले महीने में 30 दिन तथा 31 दिन वाले महीने में 31 दिनों की वैलिडिटी का लाभ मिल सकेगा।

यह थी यूजर्स की मांग

आम तौर पर एक महीने में जहां 30 या 31 दिन होते हैं वहीं जियो, एयरटेल और वीआई जैसी कंपनियां एक महीने को 28 दिन का बनाकर बेच रही है। 28 दिन का एक महीना जब मार्केट में चलना शुरू हो गया तो इन टेलीकॉम कंपनियों ने 56 दिन और 84 दिन वाले प्लान भी ला दिए। दो महीने के रिचार्ज में 56 दिन मिलने लगे और तीन महीने में सिर्फ 84 दिनों की वैलिडिटी मिलने लगी है। यूजर्स की जेब पर भारी पड़ते इन प्लान्स के बाद उपभोक्ताओं ने आवाज उठाई थी कि उन्हें 28 दिन की जगह 30 दिन, 54 दिन की बजाय 60 दिन और 84 दिन की जगह 90 दिन की वैलिडिटी मिलनी चाहिए।

इन​कमिंग कॉल भी हो फ्री

मंथली वैलिडिटी प्लान्स के साथ ही भारतीय मोबाइल उपभोक्ताओं की मांग है कि Jio, Airtel और Vi को इन​कमिंग कॉल भी पूरी तरह से फ्री कर देनी चाहिए तथा वैलिडिटी रिचार्ज बंद कर देने चाहिए। यूजर्स की शिकायत है कि देश के ग्रामीण ईलाकों में बहुत से ऐसे लोग हैं जो अपना मोबाइल नंबर तो एक्टिव रखना चाहते हैं लेकिन उसमें बार-बार रिचार्ज करवाना नहीं चाहते हैं। इसी तरह अनेंको यूजर्स ऐसे भी हैं जो अपने फोन का यूज़ सिर्फ कॉल रिसीव करने के लिए करते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को मोबाइल सर्विस यूज़ करने के लिए हर बार वैलिडिटी रिचार्ज करावाना पड़ता है जो उनकी जेब पर भारी पड़ता है। इन लोगों को ट्राई से उम्मीद है कि इनकमिंग कॉल को लेकर भी कोई आदेश जारी करना चाहिए।