अगले 3 महीनों में 5 दमदार फोन होंगे लॉन्च, 5वें फोन का है सभी को इंतजार

इस साल सितंबर में आईफोन 17 सीरीज को भारत सहित दुनियाभर में लॉन्च कर दिया गया है। नए आईफोन को लेकर काफी चर्चा भी हुई, लेकिन उसके बाद लॉन्च का माहौल थोड़ा ठंडा पड़ गया है। फिलहाल दिवाली तक तो कोई भी बड़ा फोन लॉन्च नहीं है। मगर नवंबर से एक बार फिर से मोबाइल का बाजार गर्म होने वाला है। जैसे-जैसे भारत में सर्दी बढ़ती जाएगी वैसे-वैसे एक से बढ़कर एक हॉट फोन लॉन्च होते रहेंगे। अगले तीन महीनों में कई शानदार फोन भारतीय बाजार में दस्तक देने वाले हैं, जो मोबाइल मार्केट को बदलने का दम रखते हैं। इस लेख में मैंने ऐसे ही 5 बेहतरीन फोन का जिक्र किया है। तो चलिए देखते हैं कौन से वे 5 धाकड़ फोन हैं जो नवंबर और दिसंबर के दौरान भारत में दस्तक देने वाले हैं।
1. Realme GT 8 Pro
लॉन्च में पहला नाम है Realme GT 8 Pro का। कंपनी ने पिछले साल रियलमी जीटी7 प्रो को लॉन्च किया था। वहीं इस साल इसका अपग्रेड वर्जन रियलमी जीटी 8 प्रो को लॉन्च करने का प्लान कर रही है। यह फोन बेहद ही दमदार होने वाला है और गेमर्स के लिए काफी खास कहा जा सकता है। रियलमी जीटी 8 प्रो क्वालकॉम के सबसे ताकतवर मोबाइल चिपसेट Snapdragon 8 Elite Gen 5 से पावर्ड होगा। इसके साथ ही फोन में आपको 16जीबी की रैम मैमोरी और 512जीबी की स्टोरेज देखने को मिल सकती है। वहीं दूसरे स्पेसिफिकेशन की बात करें, तो रियलमी जीटी 8 प्रो में 200MP कैमरा के अलावा 50 मेगापिक्सल OIS सेंसर और 50 मेगापिक्सल अल्ट्रावाइड लेंस दिया जा सकता है। वहीं फोन में 6.78-इंच AMOLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। कंपनी इसे 8,000mAh बैटरी के साथ पेश कर सकती है।
2. iQOO 15
नवंबर में ही iQOO 15 भी अपना सबसे ताकतवर फोन लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी आईकू 15 को पेश करने वाली है। यह फोन भी Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर पर लॉन्च होगा। इसमें 4.6GHz तक के क्लॉक स्पीड वाला ऑक्टा कोर प्रोसेसर है, जो बेहद ही दमदार है। अब तक जो लीक आए हैं उसके अनुसार इसे कंपनी 12GB और 16GB रैम के साथ लॉन्च कर सकती है। वहीं इसमें 512GB तक का स्टोरेज हो सकता है। रही बात डिस्प्ले की तो iQOO 15 में 6.85-इंच की 2K Everest AMOLED डिस्प्ले देखने को मिल सकता है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 50 मेगापिक्सल ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। वहीं पावर बैकअप के लिए 7000mAh की बैटरी के साथ लॉन्च 100W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट देखने को मिल सकता है।
3. Oneplus 15
इन सबके साथ वनप्लस भी अपने सबसे पावरफुल फोन को लॉन्च करने वाला है। कंपनी Oneplus 15 को लेकर आने वाली है। कंपनी ने अधिकारिक रूप से जानकारी दी है कि यह फोन जल्द ही भारत सहित ग्लोबल बाजार में लॉन्च होने वाला है। इस फोन को भी आप नवंबर में ही भारतीय बाजार में देख पाएंगे। फोन के स्पेसिफिकेशन की बात करें, तो इसमें 6.78 इंच की OLED स्क्रीन देखने को मिल सकती है। कंपनी 165 Hz की रिफ्रेश रेट वाली 2k डिस्प्ले के साथ पेश कर सकती है। जैसा कि हम जानते हैं वनप्लस का फ्लैगशिप फोन क्वालकॉम के फ्लैगशिप प्रोसेसर पर लॉन्च होता है। इस फोन के साथ भी ऐसा ही है। OnePlus 15 में आपको Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर देखने को मिलेगा। इसके साथ ही कंपनी इसे 16GB और 24GB रैम की बड़ी रैम मैमोरी और 512GB और 1TB के स्टोरेज वेरिएंट में पेश कर सकती है।
यह फोन एल्युमिनियम फ्रेम पर बना होगा और जिसके लिए micro-arc oxidation ट्रीटमेंट का इस्तेमाल हो सकता है। कंपनी का दावा है कि यह फ्रेम साधारण एल्युमिनियम के मुकाबले 3.4 गुणा अधिक टफ और टाइटेनियम से 1.5 गुणा ज्यादा मजबूत है। वहीं कैमरे के लिए इसमें 50 मेगापिक्सल ट्रिपल रियर सेंसर दिया जा सकता है। इस बार कंपनी कैमरे के लिए अपनी नई तकनीक का प्रदर्शन भी कर सकती है। रही बात पावर बैकअप की तो इसमें 7,000mAh की बड़ी बैटरी के साथ 100W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग देखने को मिल सकता है। अब तक जो जानकारी आई है उसके अनुसार यह फोन 13 नवंबर को लॉन्च हो सकता है।
4. OPPO Find X9 Pro
नवंबर के अंत तक ओपो भी अपने फ्लैगशिप फोन को लेकर आ सकता है। कंपनी OPPO Find X9 Pro प्रो पेश कर सकती है। यह फोन इसी माह चीन में लॉन्च हो रहा है, लेकिन भारत में इसे नवंबर तक आने की उम्मीद है। सबसे खास बात कही जा सकती है कि जहां बाकी फोन क्वालकॉम के साथ लॉन्च हो रहे हैं। वहीं ओपो का यह नया फोन MediaTek के फ्लैगशिप प्रोसेसर Dimensity 9500 के साथ आने वाला है। 3 नैनोमीटर फैब्रिकेशन पर बना मोबाइल चिपसेट है, जो 4.21GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं इसमें 6.78-इंच की 1.5के LTPO OLED डिस्प्ले देखने को मिल सकता है। पिछले साल कंपनी ने OPPO Find X8 Pro को पेश किया था, जिसका कैमरा बेहद ही खास था। वहीं इस बार भी कुछ ऐसी ही आशा है। फोटोग्राफी के लिए OPPO Find X9 Pro में 50 मेगापिक्सल मेन LYT828 सेंसर वाला मेन कैमरा दिया जा सकता है। इसके साथ ही 200 मेगापिक्सल Periscope HP5 लेंस, 50 मेगापिक्सल Ultra Wide एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल True Chroma सेंसर दिया जा सकता है। इसके अलावा, फ्रंट में 50 मेगापिक्सल सेल्फी कैमरा हो सकता है। यह फोन 7500mAh बैटरी और 80W की फास्ट चार्जिंग के साथ आ सकता है। इसी के साथ कंपनी OPPO Find X9 को भी पेश कर सकती है।
5. vivo X300 Pro
vivo का एक्स सीरीज अपने कैमरे के लिए काफी शानदार माना जाता है। vivo X100 Pro को लेकर काफी बातें हुई। वहीं vivo X200 Pro का कैमरा कई मामलों में आईफोन से बेहतर माना गया। भले ही इसे लॉन्च हुए एक साल होने वाला है, लेकिन अब भी वीवो एक्स200 प्रो के कैमरे की बराबरी करना दूसरे फोंस के लिए मुश्किल हो रहा है। वहीं अब कंपनी इसका अपग्रेड संस्करण पेश करने की तैयारी में है यानी कि इस साल vivo X300 Pro आने वाला है और इसे लेकर अभी से ही सुर्खियों का बाजार गर्म है।
अब तक जो जानकारी आई है उसके अनुसार वीवो एक्स300 प्रो को कंपनी MediaTek Dimensity 9500 प्रोसेसर पर पेश कर सकती है। यह एक दमदार प्रोसेसर है, जो गेमिंग से लेकर कैमरे तक हर मामले में बेहतर है। फोन में आपको 16जीबी की रैम मैमारी और 512जीबी तक का स्टोरेज देखने को मिल सकता है। प्रोसेसर के बाद कैमरे की बात करें, तो इसमें इन-हाउस V3+ इमेजिंग चिप का सपोर्ट मिलेगा जो आपको बेस्ट क्वालिटी इमेज का भरोसा देता है। Vivo X300 Pro को कंपनी 200MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा से लैस कर सकती है। इसके अलावा, आपको 50 एमपी के दो कैमरे देखने को मिलेंगे। फ्रंट में भी 50 एमपी का सेल्फी कैमरा हो सकता है। इस फोन को दिसंबर में भारत में लॉन्च किया जा सकता है, लेकिन अभी से ही यूजर्स इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।