URBAN ARC NOTE AI फिटनेस बैंड भारत में लॉन्च, 16 घंटे रिकॉर्डिंग और 17+ भाषाओं में अनुवाद, जानें कीमत

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/08/urban-arc-note-ai-fitness-band-launch-price.jpg

URBAN ने भारत में अपना नया ARC NOTE स्मार्ट फिटनेस बैंड लॉन्च किया है। कंपनी के अनुसार यह भारत का पहला AI मीटिंग स्मार्ट फिटनेस बैंड है। जिसमें फिटनेस ट्रैकिंग के साथ बातचीत रिकॉर्ड करने और उसे उपयोगी जानकारी में बदलने की सुविधा मिलती है। इसमें रिकॉर्ड की गई बातचीत का ट्रांसक्रिप्शन, सारांश, अनुवाद और AI माइंड मैप तैयार किया जा सकता है। इसकी एडवांस बुकिंग आज यानी 31 अगस्त से शुरू हो गई है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।

URBAN ARC NOTE AI फिटनेस बैंड के फीचर्स

ARC NOTE की सबसे खास सुविधा इसका AI Meeting Recorder है। ग्राहक बैंड पर दो बार क्लिक करके रिकॉर्डिंग शुरू और एक बार दबाकर रिकॉर्डिंग बंद कर सकते हैं। रिकॉर्डिंग शुरू होने पर बैंड इसका संकेत भी देता है। कंपनी के अनुसार, यह हमेशा सुनने वाला डिवाइस नहीं है और रिकॉर्डिंग ग्राहकों के जरिए शुरू किए जाने पर ही होती है। एक बार चार्ज करने पर बैंड करीब 16 घंटे तक रिकॉर्ड कर सकता है।

रिकॉर्ड की गई बातचीत को ARC NOTE का AI कई तरह की उपयोगी जानकारी में बदल सकता है। इसमें AI Transcription के जरिए बातचीत सर्च करने वाले टेक्स्ट में बदला जा सकता है। इससे किसी नाम, नंबर, निर्णय या चर्चा के खास हिस्से को बाद में आसानी से सर्च किया जा सकता है। बैंड में 17 से ज्यादा भारतीय भाषाओं के लिए अनुवाद की सुविधा दी गई है। इसका उपयोग अलग-अलग भाषाओं में हुई बातचीत को समझने और दोबारा देखने के लिए किया जा सकता है।

इसमें Minutes of Meeting सुविधा बातचीत के प्रमुख पॉइंट्स और फैसलों का छोटा सारांश तैयार करती है। वहीं, Auto Mind Map चर्चा में मौजूद विषयों, विचारों और फैसलों को माइंड मैप के रूप में सही करता है।

ARC NOTE में स्क्रीन नहीं दी गई है। कंपनी का कहना है कि इसका उद्देश्य मीटिंग या बातचीत के दौरान उपयोगकर्ता का ध्यान किसी दूसरी स्क्रीन की तरफ जाने से रोकना है। रिकॉर्ड की गई जानकारी देखने के लिए Android और iOS पर उपलब्ध ऐप का उपयोग किया जा सकता है।

मीटिंग से जुड़े फीचर्स के अलावा ARC NOTE एक फिटनेस बैंड के तौर पर 24×7 हेल्थ ट्रैक कर सकता है। इसमें हार्ट रेट, SpO₂, नींद और तनाव की ट्रैकिंग की जा सकती है। इसके AI Health Insights फीचर में इन आंकड़ों के आधार पर व्यक्तिगत जानकारी भी दी जाती है।

बैंड में छह सेंसर दिए गए हैं। कंपनी के अनुसार, इसकी बैटरी रोजमर्रा के उपयोग में 15 दिनों तक और स्टैंडबाय में 30 दिनों तक चल सकती है। इसे IPX68 रेटिंग मिली है, जिससे यह बारिश, पसीने और पानी के छींटों से सुरक्षित रह सकता है। इसमें नायलॉन स्ट्रैप दिया गया है। जिसे पूरे दिन और रात में पहनने के लिए बनाया गया है।

ARC Pro और ARC Go भी लॉन्च

URBAN ने ARC NOTE के साथ ARC Pro और ARC Go भी पेश किए हैं। ARC Pro की कीमत 3,999 रुपये है और इसमें AI आधारित रिकवरी जानकारी, सुझाव, 110 से ज्यादा स्पोर्ट्स मोड और 30 दिनों तक की बैटरी मिलती है। वहीं, ARC Go की कीमत 2,999 रुपये है। इसमें हार्ट रेट, SpO₂, नींद, तनाव और एक्टिविटी की 24×7 निगरानी के साथ स्वास्थ्य जानकारी, 110 से ज्यादा स्पोर्ट्स मोड और 45 दिनों तक की बैटरी दी गई है।

तीनों मॉडल में किसी तरह का मासिक या सालाना शुल्क नहीं है। यानी रिकॉर्डिंग, ट्रांसक्रिप्शन, अनुवाद, मीटिंग सारांश, माइंड मैप और हेल्थ ट्रैकिंग जैसी सुविधाओं के लिए अलग से सदस्यता लेने की जरूरत नहीं होगी।

कीमत और उपलब्धता

URBAN ARC NOTE की कीमत 6,999 है और इसकी सेल 7 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इसकी एडवांस बुकिंग आज यानी 31 अगस्त से शुरू हो गई है। जिसके दौरान 1,000 की अतिरिक्त छूट के साथ इसे 5,999 रुपये की प्रभावी कीमत पर बुक किया जा सकता है।

यह ARC सीरीज URBAN की आधिकारिक वेबसाइट, अधिकृत पार्टनर, प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और देश के रिटेल स्टोर्स से ली जा सकेगी। टेक से जुड़े हर अपडेट के लिए 91मोबाइल्स साइट पर खबरें पढ़ते रहें।