Vivo X500 Pro के फीचर्स लीक, 7000mAh तक बैटरी और Dimensity चिपसेट के साथ आ सकता है फोन

Vivo की अपकमिंग X500 सीरीज को लेकर लगातार लीक जानकारियां सामने आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीरीज के टॉप मॉडल Vivo X500 Pro Max में 200MP कैमरा मिल सकता है, लेकिन Vivo X500 Pro और अन्य मॉडल्स में कंपनी अलग कैमरा सेटअप दे सकती है। वहीं, अब टिप्स्टर Digital Chat Station ने Vivo X500 Pro या X500 Pro Mini के कैमरा, बैटरी और प्रोसेसर से जुड़ी अहम जानकारी शेयर की है। आइए, आगामी डिवाइस के बारे में विस्तार से जानते हैं।
Vivo X500 Pro चिपसेट डिटेल्स लीक
लीक के अनुसार, Vivo एक कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप स्मार्टफोन की टेस्टिंग कर रहा है, जिसमें MediaTek का अपकमिंग 2nm Dimensity चिपसेट दिया जा सकता है। माना जा रहा है कि यह प्रोसेसर Vivo X500 Pro या Vivo X500 Pro Mini में लगाया जा सकता है।
बता दें कि इस चिपसेट का आधिकारिक नाम अभी सामने नहीं आया है, लेकिन रिपोर्ट्स में इसे MediaTek Dimensity 9600 Pro कहा जा रहा है। वहीं, स्टैंडर्ड Dimensity 9600 को 3nm प्रोसेस पर आधारित बताया जा रहा है, जो मौजूदा Dimensity 9500 का अपग्रेडेड वर्जन हो सकता है। यह चिपसेट Vivo X500 मॉडल में दिया जा सकता है।
Vivo X500 Pro बैटरी डिटेल्स लीक
बैटरी की बात करें तो Vivo X500 Pro में 6,500mAh से 6,600mAh के बीच की बैटरी दी जा सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी फाइनल बैटरी साइज तय नहीं किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, Vivo इस क्षमता को बढ़ाकर करीब 7,000mAh तक ले जा सकता है। हालांकि, बड़ी बैटरी को फिट करना कंपनी के लिए आसान नहीं है, क्योंकि फोन में प्रीमियम कैमरा हार्डवेयर दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें 64MP 85mm पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और बड़ा LOFIC प्राइमरी सेंसर मिलने की उम्मीद है।
Vivo X500 Pro कैमरा डिटेल्स लीक
पूर्व रिपोर्ट्स की मानें तो Vivo X500 Pro फोन में 50MP का 1/1.28-इंच मेन सेंसर और 50MP अल्ट्रावाइड कैमरा दिया जा सकता है। इससे लगता है कि Vivo X500 Pro में 200MP कैमरा नहीं दिया जाएगा। कंपनी बड़े कैमरा सेंसर और पेरिस्कोप लेंस के साथ बेहतर फोटोग्राफी अनुभव दे सकती है। टिप्स्टर के अनुसार, बड़े कैमरा सेंसर, पेरिस्कोप कैमरा और बड़ी बैटरी को एक साथ फिट करने की वजह से फोन के इंटरनल स्पेस को लेकर दिक्कत आ सकती है।
Vivo X500 Pro के संभावित फीचर्स
रिपोर्ट्स के अनुसार, Vivo X500 Pro में 6.37 इंच का OLED LTPO डिस्प्ले दिया जा सकता है। यह स्क्रीन 1.5K रिजॉल्यूशन और 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट के साथ आ सकती है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन में Android 17 आधारित OriginOS 7 मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा यह डिवाइस प्रीमियम कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप कैटेगरी में लॉन्च किया जा सकता है।
Vivo X500 सीरीज लॉन्च टाइमलाइन
Vivo X500 Pro Max, Vivo X500 Pro और Vivo X500 को चीन में सितंबर 2026 में लॉन्च किए जाने की बात सामने आई है। अगर Vivo X500 Pro में Dimensity 9600 Pro, बड़ी बैटरी और प्रीमियम कैमरा सेटअप मिलता है, तो यह कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप स्मार्टफोन सेगमेंट तगड़ा विकल्प बन सकता है। आप इसके लिए कुछ महीनों का वेट कर सकते हैं। हम आपको आगे भी फोन के अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।