
Vivo ने अपनी नई X500 सीरीज के डिजाइन से पर्दा उठा दिया है। कंपनी पिछले कुछ दिनों से चीन में Vivo X500 सीरीज को टीज कर रही है, लेकिन अब पहली बार Vivo X500, X500 Pro और X500 Pro Max के डिजाइन की आधिकारिक तस्वीरें सामने आई हैं। तीनों फोन का डिजाइन एक-दूसरे से थोड़ा अलग नजर आता है। कंपनी चीन में इन स्मार्टफोन के साथ Vivo Watch 6 और Vivo Buds Clip को भी पेश करेगी। आइए, आगे इन सभी के लुक और कलर्स को विस्तार से जानते हैं।
Vivo X500 का डिजाइन और कलर्स
Vivo X500 को चार कलर ऑप्शन में देखा गया है। इनमें वाइट, ग्रे, डॉन (पिंक) और ब्लैक शामिल हैं। फोन का डिजाइन Pro मॉडल्स से अलग रखा गया है। X500 के पीछे बाईं तरफ एक सर्कुलर कैमरा यूनिट दी गई है। जिसे एक रेक्टेंगुलर कैमरा मॉड्यूल के अंदर रखा गया है। इसके दाईं तरफ एक कैमरा सेंसर और LED फ्लैश दिखाई देता है। फ्रंट में पंच होल स्क्रीन नजर आती है।
Vivo X500 Pro और Pro Max का डिजाइन
Vivo X500 Pro और X500 Pro Max का डिजाइन एक-दूसरे से मिलता-जुलता है। दोनों फोन में पिछली जनरेशन की तरह बड़ा सर्कुलर कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। तस्वीरों में दोनों मॉडल के बीच सबसे बड़ा अंतर इनके साइज का है। जहां Vivo X500 Pro छोटा मॉडल है। जबकि X500 Pro Max को इससे बड़ा रखा गया है। इसके अलावा X500 Pro Max के बाईं तरफ एक अतिरिक्त बटन दिखाई देता है, जो इसे Pro मॉडल से अलग करता है। दोनों फोन को ग्रे, वाइट, ऑरेंज और ब्लैक जैसे कलर ऑप्शन में दिखाया गया है।
डिजाइन से साफ है कि Vivo ने इस बार Vivo X500 और Pro सीरीज के बीच अलग लुक रखने की कोशिश की है। जहां X500 का रियर कैमरा डिजाइन पूर्व में आए Vivo X90 से लिया गया लगता है। वहीं, Pro और Pro Max मॉडल में कंपनी ने बड़े सर्कुलर कैमरा मॉड्यूल को बरकरार रखा है।
21 सितंबर को चीन में लॉन्च होगी सीरीज
Vivo X500 सीरीज को चीन में 21 सितंबर को आयोजित होने वाले लॉन्च इवेंट में पेश किया जाएगा। इस इवेंट में कंपनी Vivo Watch 6 और Vivo Buds Clip जैसे अन्य प्रोडक्ट भी लॉन्च करेगी।
ग्लोबल लॉन्च की बात करें तो Vivo X500 सीरीज के चीन के बाद इंडिया सहित दूसरे बाजारों में आने की उम्मीद है। मौजूदा लीक जानकारी के अनुसार, सीरीज की ग्लोबल एंट्री नवंबर में हो सकती है। हालांकि अलग-अलग बाजारों में मॉडल, कीमत और उपलब्धता को लेकर कंपनी की ओर से जानकारी नहीं दी गई है।
फिलहाल Vivo ने X500 सीरीज के डिजाइन की आधिकारिक झलक दे दी है। स्मार्टफोंस की पूरी जानकारी 21 सितंबर के लॉन्च इवेंट में सामने आएगी। यदि आप कैमरा और दमदार परफॉरमेंस के लिए नया फोन देख रहे हैं तो इस लाइनअप के लिए रुक सकते हैं। हम आपको लॉन्च के दिन फुल अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स साइट पर खबरें पढते रहें।











