वोटर आईडी कार्ड कैसे डाउनलोड करें (2025), जानें मतदाता पहचान पत्र ऑनलाइन डाउनलोड का तरीका

इंडिया में आए दिन किसी न किसी राज्य में चुनाव चलता रहता है। अभी हाल में लोक सभा चुनाव हुए थे। वहीं अब 2025 में दिल्ली सहित कई राज्यों में चुनाव होने वाले हैं। इस साल होने वाले चुनाव में अपना वोट डालने के लिए आपके पास वोटर आईडी कार्ड यानी मतदाता पहचान पत्र नहीं है या फिर आपका वोटर कार्ड कहीं रह गया है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप चाहें, तो वोटर आईडी कार्ड को डाउनलोड (Voter ID Card Download) भी कर सकते हैं। इसे डाउनलोड करने के लिए आधिकारिक voterportal पर विजिट करना होगा या फिर Voter Helpline App की भी मदद ले सकते हैं। बता दें ई-इलेक्टर फोटो पहचान पत्र इलेक्टोरल फोटो पहचान पत्र का डिजिटल वर्जन है। इसे आप पोर्टेबल डाक्यूमेंट फार्मेट यानी पीडीएफ में प्रिंट करवा सकते हैं। आइए जानते हैं, वोटर आईडी कार्ड डाउनलोड कैसे करें?
डिजिटल वोटर आईडी कार्ड डाउनलोड कैसे करें
Digital Voter ID का डाउनलोड करने के लिए आपको मतदाता सेवा पोर्टल पर जाना होगा। डिजिटल वोटर कार्ड डाउनलोड करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करना होगा:
स्टेप-1: डिजिटल वोटर आईडी को डाउनलोड करने के लिए आपको मतदाता सेवा पोर्टल (https://voters.eci.gov.in/) पर विजिट करना होगा।
स्टेप-2: पोर्टल को ओपन करने बाद आपको रजिस्टर करना होगा। अगर आपने पहले से रजिस्टर किया हुआ है, तो फिर साइन-इन करना होगा।
स्टेप-3: इसके बाद आपको होम पेज पर दायीं तरफ ‘E-EPIC Download’ का ऑप्शन मिलेगा, जिसपर क्लिक करना होगा।
स्टेप-4: अब आपको ‘EPIC No.’ या फिर ‘Form Reference no.’ को सलेक्ट करना होगा।
स्टेप-5: इसके बाद EPIC number दर्ज करना होगा या फिर form reference number दर्ज करें, जो आपको फॉर्म भरने के दौरान मिलता है।
स्टेप-6: अब आपको अपना राज्य (state) सलेक्ट करना होगा। फिर ‘Search’ बटन पर क्लिक करें।
स्टेप-7: Voter ID की डिटेल स्क्रीन पर दिखाई देगी। अब ‘Send OTP’ बटन पर टैप करें। इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा, जिसे आपको दर्ज करना होगा। अगर आपका मोबाइल नंबर रजिस्टर नहीं है, तो वेबसाइट पर ‘Form 8’ भरना होगा।
स्टेप-8: अब आपको रजिस्टर मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज करना है। फिर ‘Verify’ बटन पर क्लिक करना है।
स्टेप-9: ओटीपी वेरिफाई हो जाता है, तो फिर ‘Download e-EPIC’ बटन पर क्लिक कर Digital Voter ID को डाउनलोड कर सकते हैं।
वोटर आईडी कार्ड डाउनलोड कैसे करें (वोटर हेल्पलाइन ऐप)
आप अपने मोबाइल फोन पर भी डिजिटल वोटर आईडी कार्ड को डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए आपको Voter Helpline ऐप को डाउनलोड करना होगा। यह ऐप एंड्रॉयड और आईओएस डिवाइस के लिए उपलब्ध है। डिजिटल वोटर आईडी डाउनलोड करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप को फॉलो करना होगाः
स्टेप-1: Voter Helpline ऐप को एंड्रॉयड और आईओएस डिवाइस के लिए गूगल प्ले स्टोर या फिर ऐपल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर लें।
स्टेप-2: वोटर हेल्पलाइन ऐप को ओपन करने के बाद आपको रजिस्टर या फिर लॉगइन करना होगा।
स्टेप-3: अब आपको ‘E-EPIC Download’ का विकल्प दिखाई देगा। इस पर आपको क्लिक करना है।
स्टेप-4: इसके बाद Voter ID की डिटेल दिखाई देगी। फिर आपको ओटीपी के साथ वेरिफाई करना होगा।
स्टेप-5: अब ‘Download e-EPIC’ बटन पर क्लिक कर अपने मोबाइल पर Digital Voter ID डाउनलोड कर सकते हैं।
Voter ID कार्ड डाउनलोड कैसे करें (Digilocker से)
डिजिटल वोटर आईडी कार्ड को पीडीएफ फॉर्मेट में ऑनलाइन लॉकर Digilocker में स्टोर यानी सेव करना होगा। इसके लिए आपको पहले e-EPIC card को Voter Services Portal या फिर Voter Helpline App से डाउनलोड करना होगा। इस आपको डिजिलॉकर में लॉगइन कर डिजिटल वोटर आईडी कार्ड को अपलोड करना होगा। फिर आपको जब भी डिजिटल वोटर आईडी कार्ड की जरूरत पड़ेगी, तो उसे डिजिलॉकर से डाउनलोड कर पाएंगे।
वोटर आईडी कार्ड डाउनलोड कैसे करें (EPIC Number)
अगर आपके पास EPIC Number नंबर है, तो इसकी मदद से भी वोटर आईडी कार्ड को डाउनलोड कर सकते हैं:
स्टेप-1: आपको आधिकारिक वोटर सर्विस पोर्टल पर विजिट करना होगा।
स्टेप-2: अब आपको यहां पर लॉगइन करना होगा और ‘E-EPIC Download’ पर क्लिक करना होगा।
स्टेप-3: यहां पर ‘EPIC No’ का ऑप्शन सलेक्ट कर लें, फिर EPIC number दर्ज करें और अपना स्टेट सलेक्ट करने के बाद ‘Search’ पर क्लिक करें।
स्टेप-4: अब वोटर आईडी कार्ड की डिटेल स्क्रीन पर दिखाई देगी। ‘Send OTP’ पर बटन पर क्लिक करने बाद ओटीपी को वेरिफाई करें।
स्टेप-5: ‘Download e-EPIC’ का ऑप्शन दिखाई देगा। इसपर क्लिक कर Voter ID card डाउनलोड कर सकते हैं।
(Delhi Election 2025) दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए यहां से Download करें Voter ID
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा कर दी गई है। 5 फरवरी, 2025 को वोटिंग है जबकि 8 फरवरी को वोटों की गिनती शुरू होगी। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले एक महीने में लगभग 5 लाख लोगों ने वोटर आईडी के लिए आवेदन किया था और लगभग 1 लाख 67 हजार से ज्यादा नए लोगों को वोटर आईडी जारी कर दिया गया है। वहीं दिल्ली में इस बार कुल वोटर्स की संख्या 1.5 करोड़ से भी ज्यादा की है।
ऐसे में यदि आप भी नए वोटर हैं दिल्ली में होने वाले 2025 के विधानसभा चुनाव में वोटिंग करना चाहते हैं लेकिन अब तक आपका वोटर आईडी आपके घर तक नहीं पहुंचा तो घबराने की बात नहीं है। आप नीचे दिए गए स्टेप्स से अपना वोटर आईडी डाउनलोड कर सकते हैं। यह स्टेप उन लोगों के लिए भी है जिनका वोटर आईडी खो गया है और अब तक नया नहीं आया है।
स्टेप-1: इसके लिए सबसे पहले आपको मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली की वेबसाइट पर जाना है। इसके लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं।
स्टेप-2: यहां अपको उपर में ही मतदाता सेवा पोर्टल का विकल्प मिलेगा। आपको उस पर क्लिक करना है।
स्टेप-3: क्लिक करते ही आप वोटर पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पहु्ंच जाएंगे।
स्टेप-4: यहां सबसे पहले आपको पोर्टल पर रजिस्टर करना होगा। आप अपने फोन नंबर और ईमेल आईडी का उपयोग कर पोर्टल पर रजिस्टर कर सकते हैं। या किसी का पहले से आईडी बना हुआ है तो उसके आईडी का उपयोग कर भी आप अपना वोटर आईडी डाउनलोड कर सकते हैं।
स्टेप-5: इस पर लॉगिन करते ही आपके सामने EPIC No और Reference no सहित दो विकल्प मिलेंगे।
स्टेप-6: यदि आपके पास आपका वोटर आईडी नंबर जिसे एपिक नंबर कहते हैं, है तो EPICnumber डालना है।
स्टेप-7: इसके बाद नीचे सलेक्ट स्टेट का विकल्प मिलेगा। दिल्ली के लिए आप एनसीटी दिल्ली NCT OF Delhi का विकल्प चुनें और फिर नीचे दिए गए ‘Search’ बटन पर क्लिक करें।
स्टेप-8: इसे क्लिक करते ही आपके सामने आपके वोटर आईडी के डिटेल आ जाएंगे। अब नीचे दिए गए ‘Send OTP’ पर आपको क्लिक करना है। क्लिक करते ही आपके वोटर आईडी के साथ रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी चला जाएगा।
स्टेप-9: अब ओटीवी डालकर ‘Verify’ करते ही ‘Download e-EPIC’ का ऑप्शन मिलेगा। आप जैसे ही उप पर क्लिक करेंगे, आपका वोटर आईडी डाउनलोड होकर आपके सामने आ जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली की वेबसाइट https://www.ceodelhi.gov.in/ पर आपको वोटर आईडी डाउनलोड से लेकर फाइनल इलेक्ट्रॉलर रोल यानी अंतिम मतदाता सूची, मतदाता सूची में अपना नाम चेक करने का विकल्प, ऑनलाइन एप्लीकेशन करने का विकल्प, एप्लिकेशन स्टेटस चेक करने का विकल्प, वोटर सेंटर, पोलिंग स्टेशन लोकेशन और अपने बीएलओ सहित कई दूसरी जानकारी पा सकते हैं।
सवाल-जवाब (FAQs)
Digital Voter ID Card क्या है?
डिजिटल वोटर आईडी कार्ड (Digital Voter ID Card) आपके फिजिटल वोटर आईडी कार्ड का डिजिटल वर्जन है। रजिस्टर्ड यूजर अपने डिजिटल मतदाता पहचान पत्र को आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। इस वोटर कार्ड को आप पीडीएफ वर्जन में डाउनलोड करके अपने मोबाइल या कंप्यूटर में रख सकते हैं। आप डिजिटल वोटर आईडी कार्ड को क्लाउड स्टोरेज में भी अपलोड कर सकते हैं। इससे आपके व्यक्तिगत डाटा और मतदाता पहचान संख्या सुरक्षित रहेगी। भारत सरकार ने मतदाताओं को मतदान के दिन ही डिजिटल मतदाता पहचान पत्र का उपयोग करने की सुविधा दी है। इसका फायदा तब होगा जब आपका फिजिकल वोटर कार्ड खो गया हो। मतदाताओं को डिजिटल मतदाता पहचान पत्र की सुरक्षा के बारे में चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि डिजिटल मतदाता कार्ड में इमेज और डेमोग्राफिक्स क्यूआर कोड से सुरक्षित होता है जिसे डुप्लिकेट नहीं किया जा सकता है।
Voter ID Card कहां से डाउनलोड कर सकते हैं?
आप मतदाता सेवा पोर्टल से वोटर आईडी कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, मोबाइल फोन पर वोटर हेल्पलाइन ऐप से भी वोटर आईडी कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
मैं अपना वोटर आईडी कार्ड कितनी बार डाउनलोड कर सकता हूं?
आप मतदाता सेवा पोर्टल से जितनी बार चाहें वोटर आईडी कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। वोटर आईडी कार्ड डाउनलोड करने की कोई सीमा नहीं है।
मैं अपना ई-ईपीआईसी कैसे प्रिंट कर सकता हूं?
जब आप ई-ईपीआईसी कार्ड डाउनलोड करते हैं, तो यह पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड हो जाता है। आप डाउनलोड किए गए ई-ईपीआईसी कार्ड की पीडीएफ का प्रिंटआउट ले सकते हैं या फिर इसे लेमिनेट भी करवा सकते हैं।
e-EPIC की वैधता क्या है?
e-EPIC कार्ड तब तक वैध है जब तक कोई दूसरा नया कार्ड जारी नहीं हो जाता है। इसका मतलब है कि अगर वोटर आईडी कार्ड में कोई बदलाव नहीं हुआ है, तो ई-ईपीआईसी कार्ड जीवन भर के लिए वैध रहेगा। जब आप किसी बदलाव के लिए आवेदन करेंगे, तो बदलावों के साथ एक नया वोटर आईडी कार्ड जारी किया जाएगा। जब नया वोटर आईडी जारी किया जाएगा तो पुराना ई-ईपीआईसी कार्ड अमान्य हो जाएगा और आपको नया ई-ईपीआईसी कार्ड डाउनलोड करना होगा।
ई-ईपीआईसी और फिजिकल वोटर आईडी कार्ड में क्या अंतर है?
ई-ईपीआईसी कार्ड फिजिकल मतदाता पहचान पत्र का पीडीएफ वर्जन है जिसे मोबाइल या कंप्यूटर पर डाउनलोड कर सकते हैं। कोई भी व्यक्ति ई-ईपीआईसी कार्ड को अपने मोबाइल पर स्टोर कर सकता है या डिजिलॉकर पर पीडीएफ के रूप में अपलोड कर सकता है।
क्या वोटर आईडी और ईपीआईसी नंबर एक जैसे हैं?
हां, वोटर आईडी नंबर और ईपीआईसी नंबर एक ही है।
वोटर आईडी में मोबाइल नंबर कैसे बदल सकते हैं?
आप मतदाता सेवा पोर्टल पर लॉग इन करके और फॉर्म 8 भरकर जमा करके अपना मोबाइल नंबर बदल या अपडेट कर सकते हैं।