
चीन की टेक कंपनी शाओमी ने इंडिया में जबरदस्त फैन फॉलोइंग बना ली है। शाओमी ने भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के बाजारों में कम कीमत से लेकर हाई बजट वाले स्मार्टफोन पेश किए हैं जो शानदार स्पेसिफिकेशन्स व फीचर्स से लैस है। वहीं, अब शाओमी भारत में अपने गेमिंग सेंट्रिक ब्लैक शार्क लाइनअप को लॉन्च करने की पुष्टि कर चुकी है।
ब्लैक शार्क और ब्लैक शार्क हीलो फिलहाल चीन में खरीदने के लिए उपलब्ध हैं। हालांकि, भारत में इन फोन को लॉन्च करने के लिए किसी डेट का चयन नहीं किया गया है। शाओमी का कहना है “हम अपने पार्टनर के साथ काम कर रही है और जल्द ही ऑफिशियल लॉन्च डेट का जानकारी देगी।”
अभी के लिए शाओमी ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि भारत में ब्लैक शार्क को पेश किया जाएगा या ब्लैक शार्क हीलो को, लेकिन मीडिया को भेजे गए प्रेस नोट से संकेत मिल रहा है कि कंपनी ब्लैक शार्क हीलो को पेश करेगी। प्रेस नोट में लिखा है “एक बड़ा” हैलो “आपको ब्लैक शार्क की भारतीय टीम से!”
ब्लैक शार्क हीलो यानि ब्लैक शार्क 2 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो इसे 18:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली 6.01-इंच की फुलएचडी+ एमोलेड डिसप्ले है।
ब्लैक शार्क हीलो एंडरॉयड के सबसे नए ऑपरेटिंग सिस्टम एंडरॉयड 9 पाई पर पेश किया गया है जो कंपनी के लेटेस्ट मीयूआई के साथ काम करता है। फोन में आॅक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम का सबसे पावरफुल चिपसेट स्नैपड्रैगन 845 चिपसेट दिया गया है। वहीं विजुअल क्वॉलिटी और ग्राफिक्स को बढ़ाने के लिए फोन को एड्रेनो 630 जीपीयू से लैस किया गया है।
शाओमी ने चीन में इस फोन को 3 वेरिएंट में लॉन्च किया था। ब्लैक शार्क हीलो 10जीबी की पावरफुल रैम सपोर्ट करता है तथा इसमें 256जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है। वहीं दूसरा वेरिएंट 8जीबी रैम के साथ 128जीबी की स्टोरेज सपोर्ट करता है तथा तीसरे वेरिएंट में 6जीबी रैम के साथ 128जीबी की इंटरनल मैमोरी दी गई है। फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो ब्लैक शार्क हीलो डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर 12-मेगापिक्सल का प्राइमरी और 20-मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा सेंसर दिया गया है। वहीं सेल्फी के लिए यह फोन 24-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
ब्लैक शार्क हीलो डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। फोन में डुअल बैंड वाईफाई, ब्लूटूथ 5.0 व जीपीएस जैसे बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स मौजूद है। वहीं, पावर बैकअप के लिए इसमें फास्ट चार्जिंग तकनीक वाली 4,000एमएएच की बैटरी दी गई है।


















