
Xiaomi फैंस के लिए यह थोड़ी बुरी खबर कही जा सकती है। कंपनी ने दिल्ली का दिल कहे जाने वाले क्नॉट प्लेस स्थित Mi Home स्टोर को बंद कर दिया है। इस स्टोर को पिछले साल ही खोला गया था लेकिन कुछ कारणवश जल्द ही इसे बंद कर दिया गया। हालांकि इस खबर की जानकारी जब 91मोबाइल्स को मिली तो हमनें कंपनी से संपर्क किया और उन्होंने तुरंत अपनी प्रतिक्रिया दे दी। शाओमी के प्रवक्ता ने इस खबर की पुष्टी करते हुए एक बयान जारी कर हमें बताया कि “दिल्ली एन ब्लॉक, कनॉट प्लेस में स्थित Mi होम को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है। यह कंपनी की नहीं बल्कि थर्ड पार्टी फैक्टर्स की अक्षमता की वजह से हुआ है। परंतु Xiaomi अपने उपभोक्ताओं को बेस्ट यूजर एक्सपीरियंस देने के लिए प्रतिबद्ध है और मैं अपने यूजर्स को भरोसा देता हूं कि जल्द ही कंपनी क्नॉट प्लेस में नया फ्लैगशिप Mi Home लेकर आएगी।” इसे भी पढ़ें: ऐसे मिलेगा फ्री में जियो का 4K LED टीवी?
ज्ञात हो कि शाओमी ने 11 मई 2017 में भारत में अपना पहला मी होम लॉन्च किया था। कंपनी ने इसकी शुरुआत बैंगलुरू से की थी और उसी वक्त जानकारी दी थी कि जल्द ही भारत के दूसरे मेट्रो शहरों में भी Mi Home खोले जाएंगे। इसके बाद दिल्ली एनसीआर में मी होम खोला गया। कंपनी ने सबसे पहले गुरुग्राम एम्बियंस मॉल से इसकी शुरुआत की थी लेकिन बाद कंपनी में दिल्ली में भी कई जगह Mi Home खोले। इसी के तहत 9 मई 2018 को कंपनी ने दिल्ली क्नॉट प्लेस के एन ब्लॉक में मी होम को खोला गया था जिसे अब बंद कर दिया गया। परंतु कंपनी ने भरोसा दिया है कि जल्द ही नया स्टोर क्नॉट प्लेस में आने वाला है। इसे भी पढ़ें: जानें क्या है Jio Setup Box, कैसे है यह बाकी केबल और डीटीएच सर्विस से अलग और खास
गौरतलब है कि भारत में शाओमी ने 2015 में अपना पहला फोन लॉन्च किया था लेकिन उस वक्त कंपनी के फोन सिर्फ ऑनलाइन एक्सक्लूसिव हुआ करते थे। वहीं 2017 से कंपनी ने ऑफलाइन में दस्तक दी जिसके तहत सबसे पहले Mi Home खोले गए। महज दो सालों में भारत में लगभग 500 मी स्टोर खुल चुके हैं। हाल में जारी एक रिपोर्ट के अनुसार 31 मार्च 2019 तक विश्व भर में कंपनी के 480 से भी ज्यादा Mi Home स्टोर्स खुल चुके थे जिसमें 93.5 फीसदी की दर से ग्रोथ देखा गया। वहीं भारत में Mi Home की संख्या 79 थी।
इसके अलावा कंपनी ने अपनी ऑफलाइन रणनीति के तहत भारत भर में मी प्रीफर्ड पार्टनर, मी ऑथराइज्ड स्टोर और नई मी क्योस्क सर्विस शुरू की है जहां से आप शाओमी फोन खरीद सकते हैं। शाओमी भारत की नंबर एक स्मार्टफोन निर्माता कंपनी है और लगभग 29 फीसदी बाज़ार पर कंपनी का कब्जा है। सैमसंग को पीछे छोड़ कंपनी ने यह मुकाम हासिल किया है।


















