
शाओमी के फाउंडर लेई जून के कुछ समय पहले घोषणा की थी कि कंपनी मी सीरीज़ के नए स्मार्टफोन पर काम कर रही है और इसे जल्द ही बाजार में मी 9 नाम के साथ लॉन्च किया जाएगा। इस घोषणा के साथ ही लेई जून ने एक हिंट के जरिये बताया था कि इस डिवाइस को फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी से लैस किया जाएगा। शाओमी की ओर से अभी तक मी 9 के लॉन्च व स्पेसिफिकेशन्स से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है लेकिन इस फोन को सिंगापुर की आईएमडीए पर लिस्ट कर दिया गया है।
शाओमी मी 9 को सिंगापुर की इंफो कम्यूनिकेशन्स मीडिया डेवलेपमेंट अथॉरिटी (आईएमडीए) पर लिस्ट किया गया है। इस वेबसाइट पर मी 9 का मॉडल नंबर एम1901एफ1जी मॉडल नंबर के साथ दिखाया गया है। गौरतलब है कि यह पहली बार है जब शाओमी मी 9 को किसी सर्टिफिकेशन साइट पर लिस्ट किया गया है। इस वेबसाइट पर मॉडल नंबर के साथ ही यह भी साफ कर दिया गया है कि यह फोन शाओमी द्वारा लॉन्च किया जाने वाला फोन मी 9 ही है।

यह हुआ है खुलासा
मी 9 से जुड़ी स्पेसिफिकेशन्स सिंगापुर की वेबसाइट पर नहीं बताई गई है लेकिन इस लिस्टिंग में एक ओर जहां मी 9 स्मार्टफोन के नाम और मॉडल नंबर की पुष्टि हो गई है। वहीं दूसरी ओर मी 9 के कनेक्टिविटी फीचर्स का खुलासा भी आईएमडीए ने कर दिया है। वेबसाइट पर मी 9 को सर्टिफाइड करने के साथ ही इस फोन को ब्लूटूथ व वाईफाई रेडी बताया गया है। यानि मी 9 को ब्लूटूथ और वाईफाई सर्टिफाइड भी किया जा चुका है। वहीं साथ ही मी 9 में एनएफसी फीचर भी उपलब्ध रहेगा। इस बात की पुष्टि भी आईएमडीए ने कर दी है।
वीवो वाई91सी वेबसाइट पर हुआ लिस्ट, कम कीमत पर मिलेगा बड़ी बैटरी और फास्ट प्रोसेसर
यह होगी स्पेसिफिकेशन्स
शाओमी मी 9 को लेकर अब तक कई लीक्स सामने आ चुके हैं जिनमें फोन की संभावित स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी दी गई है। लीक्स के अनुसार मी 9 को 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो के साथ वॉटरड्रॉप नॉच पर पेश किया जा सकता है। इस फोन में 6.4-इंच की फुलस्क्रीन डिसप्ले दी जा सकती है जो 2के स्क्रीन रेज्ल्यूशन सपोर्ट करेगी। लीक्स के अनुसार मी 9 एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 9 पाई पर लॉन्च होगा।
मी 9 को शाओमी द्वारा 6जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया जा सकता है जिसके साथ यह फोन क्वालकॉम के सबसे नए और ताकतवर चिपसेट स्नैपड्रैगन 855 पर रन करेगा। वहीं पावर बैकअप के लिए मी 9 में 32वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाली 3,500एमएएच की बैटरी देखने को मिल सकती है।
शाओमी मी 9 कब तक टेक मंच पर कदम रखेगा इस बारें में अभी कुछ भी पुख्ता नहीं कहा जा सकता है। वहीं सामने आई फोन की स्पेसिफिकेशन्स की भी पुष्टि अभी नहीं हुई है। उम्मीद है कि शाओमी जल्द ही मी 9 को लेकर कोई घोषणा करेगी।



















