19 सितंबर को लॉन्च हो सकता है Samsung Galaxy S25 FE 5G फोन, प्राइस रेंज भी हुई लीक

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2025/01/samsung-galaxy-s25-series-support-qi-2-1-wireless-charging.jpg

Samsung Galaxy S25 FE 5G फोन को लेकर लंबे समय से चर्चाओं का बाजार गर्म है। गैलेक्सी एस25 सीरीज जनवरी, 2025 में लॉन्च हो चुकी है लेकिन मोबाइल यूजर अभी भी इस सीरीज के ‘फैन एडिशन‘ का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन लगता है कि यह इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है। ताजा लीक में गैलेक्सी एस25 एफई की लॉन्च डेट सामने आई है जिसके अनुसार अगले महीने यानी सितंबर में यह नया सैमसंग स्मार्टफोन टेक मार्केट में उतारा जा सकता है।

सैमसंग गैलेक्सी एस25 एफई लॉन्च से जुड़ी जानकारी कोरियन वेबसाइट एफएन न्यूज के जरिये सामने आई है। रिपोर्ट में इंडस्ट्री सोर्स के हवाले से लिखा गया है कि सैमसंग कंपनी अपना नया स्मार्टफोन Galaxy S25 FE 19 सितंबर को लॉन्च करेगी। खबर के अनुसार इन दिन फोन का डोमेस्टिक लॉन्च होगा यानी 19 सितंबर को सैमसंग गैलेक्सी एस25 एफई साउथ कोरिया में लॉन्च किया जाएगा।

रिपोर्ट की मानें तो कोरिया में गैलेक्सी एस25 एफई की कीमत 1 मिलियन वॉन से कम रखी जाएगी जो इंडियन करंसी अनुसार 63,490 रुपये के करीब है। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि भारत में Galaxy S25 FE 5G फोन तकरीबन 60,000 रुपये की रेंज में लॉन्च हो सकता है। बताते चलें कि Galaxy S24 FE का इंडिया लॉन्च प्राइस 59,999 रुपये था जिसमें 8GB RAM के साथ 128GB स्टोरेज दी गई थी।

प्रतीकात्मक फोटो

फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो हाल ही सामने आए लीक के अनुसार यह स्मार्टफोन सैमसंग के ही Exynos 2400 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर लॉन्च किया जा सकता है। यह 4नैनोमीटर फे​ब्रिकेशन्स पर बना मोबाइल चिपसेट है जिसमें 1.95GHz स्पीड वाले Cortex-A520 से लेकर 3.21GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने वाला Cortex-X4 कोर शामिल है। इसी चिपसेट के साथ गैलेक्सी एस25 लॉन्च हुआ था। यानी S25 वाली पावरफुल परफॉर्मेंस S25 FE में कम कीमत पर ही मिल सकती है।

Samsung उन चुनिंदा मोबाइल ब्रांड्स में से एक है जो अपने स्मार्टफोंस को लंबी एंड्रॉयड और सिक्योरिटी अपडेट के साथ लेकर आती है। ऐसा ही कुछ हमें Galaxy S25 FE 5G फोन में भी देखने को मिल सकता है। यह डिवाइस One UI 8 आधारित लेटेस्ट एंड्रॉयड 16 पर लॉन्च किया जा सकता है, जिसके साथ 6 जेनरेशन की एंड्रॉयड ओएस अपग्रेड देखने को मिल सकती है। उम्मीद है कि इंडिया में यह सैमसंग फोन 8GB RAM और 256GB तक की स्टोरेज सपोर्ट करेगा।

लीक के अनुसार सैमसंग गैलेक्सी एस25 एफई 5जी फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट वाली 2× Dynamic AMOLED स्क्रीन दी जा सकती है। यह मोबाइल अंडर-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस फुलएचडी+ डिस्प्ले पर लॉन्च हो सकता है। गौरतलब है कि Galaxy S25 में 6.2-इंच और S25+ में 6.7-इंच स्क्रीन मिलती है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि S25 FE का डिस्प्ले साइज़ क्या होगा।

फोटोग्राफी के लिए Samsung Galaxy S25 FE में ट्रिपल रियर कैमरा दिए जाने की बात लीक में कही गई है। इसमें एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50MP OIS मेन सेंसर, एफ/2.2 अपर्चर वाला 12MP Ultrawide एंगल लेंस और 3एक्स ज़ूम वाला 8MP Telephoto OIS सेंसर दिया जा सकता है। वहीं फ्रंट पर एफ/2.2 अपर्चर वाला 12MP सेल्फी सेंसर मिल सकता है।

Galaxy S25 FE लीक इमेज

सैमसंग गैलेक्सी एस24 एफई Exynos 2400e चिपसेट पर लॉन्च हुआ था जो 3.1GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन कर सकता है। वहीं अपकमिंग एस25 एफई में बताए गए Exynos 2400 की क्लॉक स्पीड 3.21GHz तक जा सकती है। लीक के अनुसार S25 FE 4,900mAh बैटरी पर लॉन्च हो सकता है। यह भी S24 FE में मौजूद 4,700एमएएच से कुछ अधिक है। उम्मीद कर सकते हैं कि सैमसंग अपने नए फैन एडिशन के तौर पर एक बेहतर अपग्रेड वाला फोन लेकर आएगी। वहीं लीक स्पेसिफिकेशन्स को देखते हुए गैलेक्सी एस25 एफई लॉन्च का इंतजार किया जा सकता है।

अगर वाकई में यह मोबाइल 60 हजार रुपये से कम कीमत पर आता है तो इस प्राइस सेगमेंट में मौजूद OnePlus 13s, iPhone 16E और Vivo X200 FE को कड़ी टक्कर दे सकता है। ये तीनों स्मार्टफोन एडवांस फीचर्स और पावरफुल स्पेसिफिकेशन्स से लैस हैं और अपकमिंग Samsung Galaxy S25 FE भी एआई की ताकत के साथ फ्लैगशिप स्पेसिफिकेशन्स से लैस होकर मार्केट में एंट्री लेगा। बहरहाल कंफर्म फोन लॉन्च डेट और स्पेसिफिकेशन्स के लिए अभी कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।