6000mAh बैटरी और रिवर्स चार्जिंग वाला फोन POCO C85 5G, 9 दिसंबर को होगा इंडिया में लॉन्च

इंडियन स्मार्टफोन मार्केट के लिए बीते कुछ महीने फ्लैगशिप फोंस के नाम रहे हैं। एक से बढ़कर एक पावरफुल और महंगे स्मार्टफोन भारत में लॉन्च हुए हैं। लेकिन यह साल जाते-जाते लो बजट सस्ते मोबाइल भी देकर जा रहा है। हाल ही में जहां realme C85 और Redmi 15C इंडिया में लॉन्च हुए हैं, वहीं अब POCO C85 5G भी भारतीय बाजार में दस्तक देने जा रहा है।
पोको सी85 5जी फोन अगले सप्ताह पेश होगा। कंपनी की ओर से अनाउंस कर दिया गया है कि POCO C85 5G 9 दिसंबर को इंडिया में लॉन्च होगा। इस दिन दोपहर के 12 बजे फोन की कीमत, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी दी जाएगी। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट पर स्मार्टफोन की माइक्रोसाइट लाइव कर दी गई है और पोको सी85 इसी शॉपिंग साइट पर बिकेगा। यह भी सस्ता 5जी फोन होगा जो 15 हजार से कम रुपये में भारत में लॉन्च होगा।
Make a statement that doesn’t fade.
The POCO C85 is designed to flaunt, built to last, and ready to power your day with a 6000mAh Battery.
Launching on 9th Dec, 12 Noon. pic.twitter.com/ykcVgrnHjB— POCO India (@IndiaPOCO) December 3, 2025
POCO C85 स्मार्टफोन ग्लोबल मार्केट में पहले ही लॉन्च हो चुका है और अपकमिंग 5जी फोन की अधिकांश स्पेसिफिकेशन्स आज भारत में अनाउंस हुए Redmi 15C 5G फोन जैसी है। यानी कहा जा सकता है कि पोको सी85 इंडिया में रेडमी 15सी के ही रिब्रांडिड मॉडल के तौर पर लाया जाएगा। याद दिला दें कि रेडमी और पोको दोनों मोबाइल ब्रांड चीनी कंपनी Xiaomi की इकाइयां हैं।
कंपनी की ओर से खुलासा किया जा चुका है कि POCO C85 5G स्मार्टफोन को इंडिया में 6,000mAh बैटरी के साथ लॉन्च किया जाएगा। इस बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए मोबाइल में 33वॉट फास्ट चार्जिंग और 10वॉट रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया जाएगा। ब्रांड के अनुसार पोको सी85 5जी को सिर्फ 28 मिनट में 1% से 50% तक चार्ज किया जा सकता है। वहीं इस फोन में 3 डिफरेंट चार्जिंग मोड वाला Smart Charging 2.0 फीचर भी मिलेगा।
पोको सी85 5जी फोन को MediaTek Dimensity 6300 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर पेश किया जा सकता है। यह 6नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना मोबाइल चिपसेट है जो 2.4गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। यही प्रोसेसर रेडमी 15सी 5जी फोन में लगा है। POCO C85 5G फोन को इंडिया में एंड्रॉयड बेस्ड HyperOS 2 पर लॉन्च किया जा सकता है।
इस अपकमिंग पोको 5जी फोन को 1600 × 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.9-इंच की एचडी+ डिस्प्ले पर लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी द्वारा शेयर की गई फोटो से यह खुलासा भी हो चुका है कि पोको सी85 5जी में वॉटरड्रॉप नॉच एलसीडी स्क्रीन मिलेगी। उम्मीद कर सकते हैं कि इस डिस्प्ले 120Hz रिफ्रेश रेट और तकरीबन 800निट्स ब्राइटनेस का सपोर्ट दिया जा सकता है।
POCO C85 5G फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। अनुमान है कि फोटोग्राफी के लिए इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल वाला मेन सेंसर दिया जाएगा जिसके साथ सेकेंडरी एआई लेंस भी मिलेगा। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 9 दिसंबर को लॉन्च होने वाले पोको सी85 5जी फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा देखने को मिल सकता है।
POCO C85 5G फोन को लो बजट सेगमेंट में लाया जाएगा। हमारा अनुमान है कि इसकी शुरुआती कीमत 12 हजार रुपये के आस-पास रखी जा सकती है। भारतीय बाजार में मौजूद सस्ते 5जी फोन Samsung Galaxy M17, OPPO K13x, Infinix Note 50x और Vivo T4x सहित Redmi 15C 5G भी अपकमिंग पोको मोबाइल को टक्कर देगा।