Infinix Note 60 सीरीज CES 2026 में पेश, ये बनेंगे दुनिया के पहले ग्लोबल सैटेलाइट कॉलिंग वाले स्मार्टफोन

Join Us icon

CES 2026 के मंच पर Infinix ने अपनी नई Note 60 सीरीज से पर्दा उठाया है। जिसे कंपनी दुनिया की पहली ऐसी स्मार्टफोन सीरीज बता रही है जो ग्लोबल सैटेलाइट कॉलिंग को सपोर्ट करेगी। बता दें कि सैटेलाइट कनेक्टिविटी स्मार्टफोंस में कोई नई बात नहीं है, लेकिन Infinix ने इसे केवल “इमरजेंसी-ओनली” फीचर तक सीमित नहीं रखा है जबकि हमेशा एक्टिव रहने वाले कनेक्शन के तौर पर पेश किया है, जो इसे बाकी डिवाइस से अलग बनाता है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।

Infinix के अनुसार Note 60 सीरीज में दिया गया ग्लोबल सैटेलाइट कॉलिंग फीचर किसी एक्स्ट्रा रजिस्ट्रेशन के बिना काम कर सकता है। साथ ही पृथ्वी की लगभग दो-तिहाई सतह को कवर कर सकता है। Android Headlines की रिपोर्ट के अनुसार, इसका मतलब यह है कि यूजर दुनिया के ज्यादातर हिस्सों में इस फीचर का उपयोग कर पाएंगे।

यह उन ग्राहकों को ज्यादा पसंद आ सकता है जिन्हें मोबाइल नेटवर्क की दिक्कत होती है। हालांकि ट्रांसमिशन स्पीड सिर्फ 4Kbps तक सीमित रह सकती है, लेकिन कंपनी का दावा है कि सिस्टम को HD वॉयस कॉल और टू-वे SMS के लिए ऑप्टिमाइज किया गया है। फोन जरूरत के हिसाब से सैटेलाइट नेटवर्क और रोमिंग नेटवर्क के बीच अपने आप स्विच कर सकता है, जिससे कनेक्टिविटी बनी रह सकती है।

डिजाइन की बात करें तो Infinix Note 60 सीरीज के बैक पैनल में स्मार्ट मटीरियल्स फोटोक्रोमिक लेदर और थर्मोक्रोमिक इंक का उपयोग देखा गया है, ये मटीरियल्स रोशनी और तापमान के हिसाब से कलर बदल सकते हैं, 3D इफेक्ट दिखा सकते हैं या फ्लोइंग एनिमेशन क्रिएट कर सकते हैं। यह फीचर ज्यादा फंक्शनल न होकर विजुअल अपील के लिए है, लेकिन फोन को यूनिक लुक मिल रहा है।

गेमिंग और परफॉरमेंस के लिए Infinix ने Note 60 सीरीज में अपने नए HydroFlow लिक्विड कूलिंग सिस्टम की पेशकश की है। यह कंपनी का पहला स्मार्टफोन है जिसमें यह नया कूलिंग आर्किटेक्चर दिया गया है। इसमें डुअल पायजोइलेक्ट्रिक सिरेमिक पंप्स का इस्तेमाल किया गया है, जो 6.5ml प्रति मिनट की रफ्तार से कूलेंट को सर्कुलेट कर सकता है। इसके साथ नया वाइब्रेटिंग पायजोइलेक्ट्रिक फैन भी दिया गया है, जो पारंपरिक घूमने वाले ब्लेड्स की जगह अल्ट्रा-थिन वाइब्रेटिंग ब्लेड्स का उपयोग करता है। ये ब्लेड्स सिर्फ 0.1mm मोटे हैं और प्रति सेकेंड 25,000 बार वाइब्रेट करते हैं। कंपनी का कहना है कि यह सॉलिड-स्टेट डिजाइन लंबे गेमिंग सेशंस और हैवी AI वर्कलोड के दौरान हीट को ज्यादा बेहतर तरीके से कंट्रोल कर सकता है।

Infinix ने गेमिंग एक्सेसरीज सेगमेंट में भी कदम रखा है। इसमें कंपनी ने इंडस्ट्री का पहला स्प्लिट गेमिंग कंट्रोलर पेश किया है, जिसमें प्रेशर-सेंसिटिव टचपैड और अल्ट्रा-लो लेटेंसी दी गई है। इसके अलावा वायरलेस मैग्नेटिक ट्रिगर भी दिखाया गया है, जिसमें माउस-ग्रेड माइक्रोस्विच का इस्तेमाल किया गया है, जिससे गेमिंग एक्सपीरियंस और बेहतर हो सकता है।

कंपनी ने AI Module Universe नाम से एक नया मॉड्यूलर इकोसिस्टम भी पेश किया है। इसमें मैग्नेटिक एक्सेसरीज शामिल हैं, जैसे इंस्टेंट ट्रांसलेशन के लिए कॉन्फ्रेंसिंग मॉड्यूल, AI सब्जेक्ट ट्रैकिंग वाला VlogCam मॉड्यूल, प्रोफेशनल माइक्रोफोन मॉड्यूल और StackPower नाम का एक्सपेंडेबल बैटरी पैक। यानी यूजर्स को फोन को अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से कस्टमाइज करने की सुविधा मिल पाएगी।

आगामी Infinix Note 60 सीरीज बाजार में कुछ महीनों में उपलब्ध हो सकती है क्योंकि पोस्टर में 2026 लिखा हुआ है। यह उन यूजर्स के लिए हो सकती है जो ट्रैवलिंग, एडवेंचर, रिमोट एरिया में काम करने या बार-बार नेटवर्क इश्यू का सामना करते हैं। इसके साथ ही गेमर्स के लिए भी यह फोन खास हो सकते हैं।

यदि आप ऐसा स्मार्टफोन चाहते हैं जो नेटवर्क न होने पर भी कनेक्टिविटी में रहे, साथ ही गेमिंग और एक्सेसरीज का सपोर्ट दे तो Infinix Note 60 सीरीज बढ़िया विकल्प बन सकती है। आप इसका इंतजार कर सकते हैं। हम आगे भी आपको इसका अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here