Samsung Galaxy Z Roll वीडियो: देखें कैसे रोल होकर फोन बॉडी के अंदर घुस जाती है 12 इंच की स्क्रीन

Join Us icon

Samsung ने कुछ महीनों पहला अपना पहला ट्राई-फोल्ड स्मार्टफोन Galaxy Z TriFold टेक मंच पर पेश किया है। इसे तीन बार मोड़ा जा सकता है। वहीं अब कंपनी मोबाइल मार्केट में अपनी नई इनोवेशन के साथ तहलका मचाने की तैयारी में है। लीक में Samsung Galaxy Z Roll 5G फोन की प्रोटोटाइप वीडियो सामने आई है। जैसा कि नाम से ही पता चलता है, इस फोन में रोल होने वाली स्क्रीन दी जा सकती है। यूं तो यह रोलएबल डिस्प्ले फोन बॉडी के अंदर छिपी रहेगी लेकिन जरूरत पड़ने पर बाहर आकर टैबलेट का रूप ले लेगी।

सबसे पहले तो आपको बता दें कि सैमसंग गैलेक्सी ज़ेड रोल स्मार्टफोन को लेकर अभी तक कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सिर्फ लीक में ही इस मोबाइल के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स शेयर किए जा रहे हैं। वहीं अब Miror Pro नाम के यूट्यूब चैनल ने Samsung Galaxy Z Roll की प्रोटोटाइप वीडियो बनाई है जिसमें इस मोबाइल के संभावित डिजाइन और लुक को दिखाया गया है। हालांकि सैमसंग वाकई में इस मोबाइल को बनाने की योजना में है भी या नहीं, इस बारे में कुछ भी पुख्ता तौर पर नहीं कहा जा सकता है। लेकिन फिर भी यह कॉन्सेप्ट वीडियो वाकई में नेक्स्ट लेवल है जिसे आप नीचे देख सकते हैं।

सबसे पहला फायदा इस फोन का यही नजर आ रहा है कि, यह रोलएबल स्क्रीन फोल्डेबल स्मार्टफोंस की डिस्प्ले पर दिखने वाली क्रीज को खत्म कर देगी। Samsung Galaxy Z Roll की सबसे बड़ी खासियत इसकी मोटराइज्ड रोलएबल डिस्प्ले बताई जा रही है। फोल्डेबल फोंस ​बीच में से मुड़ते हैं, फ्लिप फोन वर्टिकली और फोल्ड को किसी किताब की तरह हॉरिजॉन्टली ओपन किया जाता है।

लेकिन वीडियो के मुताबिक इस सैमसंग गैलेक्सी ज़ेड रोल की स्क्रीन फोन बॉडी के अंदर ही रहेगी और कमांड देने पर ही फ्रेम से बाहर निकलेगी। यह कुछ-कुछ किसी कैलेंडर या चार्ट पेपर की तरह रोल होगी जिसे लेफ्ट या राइट साइड पर ओपन किया जाएगा। लीक के अनुसार फोन बॉडी के अंदर 6.8mm का सेंट्रल एक्सिस फिट किया जाएगा जो मोटराइज्ड रोलएबल डिस्प्ले को एक्सपेंड करने का काम करेगा।

बताया जा रहा है कि सैमसंग गैलेक्सी ज़ेड रोल स्मार्टफोन की रोलएबल स्क्रीन साइड की ओर फैलकर बड़ी होगी। लीक की मानें तो फोन में किए जा रहे काम के अनुसार यह स्क्रीन अपने आप ही खुद का साइज सेट कर सकेगी। वहीं वीडियो देखते हुए, डॉक्यूमेंट एडिट करते या फिर गेम खेलते हुए डिस्प्ले साइज बड़ा या छोटा किया जा सकेगा। इस फोन में ग्रेड-5 टाइटेनियम फ्रेम दिए जाने की बात कही गई है। यह डिवाइस को मजबूत भी बनाएगा और वजन में हल्का भी रखेगा।

Samsung Galaxy Z Roll 5G फोन की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो लीक के अनुसार इस मोबाइल का फुल स्क्रीन साइज 12.4-इंच का हो सकता है। यानी इस फोन में टैबलेट वाली डिस्प्ले मिलेगी। इसमें Dynamic AMOLED 2X पैनल का इस्तेमाल किया जा सकता है जिसपर 144Hz अडैप्टिव रिफ्रेश रेट और 3000nits पीक ब्राइटनेस मिल सकती है। फोन के साथ S Pen सपोर्ट भी मिल सकता है, जिसकी लेटेंसी 2.1ms के करीब बताई गई है।

सैमसंग गैलेक्सी ज़ेड रोल को क्वालकॉम के अपकमिंग और पावरफुल प्रोसेसर Snapdragon 8 Elite Gen 6 Pro पर लॉन्च किया जा सकता है जिसके साथ कई AI फीचर्स मिलेंगे। वहीं पावर बैकअप के लिए इस मोबाइल में 8000mAh बैटरी दिए जाने की बात कही गई है। लीक में तो फोटोग्राफी के लिए 324MP कैमरा दिए जाने की जिक्र हुआ है लेकिन यह कुछ ज्यादा ही बनावटी लग रहा है। वहीं साथ ही मोबाइल में 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस दिए जाने की बात भी कही गई है।

जैसा कि हमने खबर शुरू होते ही बताया Samsung Galaxy Z Roll की बातें फिलहाल सिर्फ लीक और अनुमान के आधार पर ही की जा रही है। कंपनी इसे डिजाइन कर भी रही है या नहीं, इस बात को लेकर भी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। लिहाजा सामने आई वीडियो ​और डिटेल्स को अभी महज एक लीक के तौर पर ही लिया जाना बेहतर होगा। लेकिन हॉं, हर दिन बदलती और एडवांस होती तकनीक को देखते हुए आशा की जा सकती है कि शायद आने वाले समय में वाकई रोलएबल फोन हमारी आम दिनचर्या का हिस्सा बन जाए।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here