
Honor एक बार फिर बड़ी बैटरी वाले स्मार्टफोन को लेकर चर्चा में है। दरअसल पूर्व में ब्रांड 10,080mAh बटेरी वाला फोन ला चुका है। वहीं, अब नए लीक में और बड़ी वाले फोन आने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार कंपनी जल्द ही अपना नया डिवाइस Honor X80 GT लॉन्च कर सकती है, जिसमें अब तक की सबसे बड़ी बैटरी देखने को मिल सकती है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
लीक के अनुसार चीन की माइक्रोब्लॉगिंग साइट वीबो पर टिप्स्टर ने दावा किया है कि Honor X80 GT में 13,080mAh की बैटरी दी जा सकती है। यह साइज मौजूदा स्मार्टफोंस से कहीं ज्यादा है और कई पोर्टेबल पावर बैंक के बराबर भी माना जा सकता है। बताया जा रहा है कि कंपनी इस फोन पर फिलहाल काम कर रही है और इसे साल की पहली छमाही में पेश किया जा सकता है। हालांकि अभी तक कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इस फोन की पुष्टि नहीं की है और इसके अन्य स्पेसिफिकेशंस जैसे प्रोसेसर, कैमरा या डिस्प्ले से जुड़ी जानकारी भी सामने नहीं आई है।

बता दें कि Honor पहले भी बड़ी बैटरी वाले स्मार्टफोंस पेश कर चुकी है। कंपनी की Win सीरीज में 10,000mAh की बैटरी दी गई है, जबकि Honor Power 2 में 10,080mAh की बैटरी मिलती है। यदि Honor X80 GT में 13,080mAh बैटरी मिलती है, तो यह कंपनी के पिछले मॉडलों से भी बड़ा अपग्रेड होगा। साथ ही यह दुनिया का सबसे ज्यादा बैटरी वाला फोन बन सकता है।
यह भी बताया गया है कि हाल के समय में कई चीनी स्मार्टफोन ब्रांड बड़ी बैटरी वाले डिवाइस पर ध्यान दे रहे हैं। इसके पीछे सिलिकॉन-कार्बन सेल जैसी नई बैटरी टेक्नोलॉजी का उपयोग बताया जा रहा है, जिससे बड़े साइज के बावजूद फोन का आकार ज्यादा बड़ा नहीं होता है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि Samsung भविष्य के डिवाइस के लिए 12,000mAh से लेकर 18,000mAh तक की हाई-कैपेसिटी बैटरी पर रिसर्च कर रहा है।
यदि यह लीक सही साबित होती है तो आने वाला Honor X80 GT स्मार्टफोन बैटरी क्षमता के मामले में नया रिकॉर्ड बना सकता है और लंबी बैटरी लाइफ चाहने वाले यूजर्स के लिए तगड़ा विकल्प बन सकता है। हम इस आगामी फोन के अपडेट आपको देते रहेंगे। 91मोबाइल्स पढ़ते रहें।











