
टेक ब्रांड टेक्नो भारत में अपना नया और सस्ता 5जी फोन लेकर आई है। कंपनी की ओर से Tecno Pop X 5G इंडिया में लॉन्च कर दिया गया है। यह 18 हजार से कम का 5जी फोन है जो बड़ी 6500mAh battery के साथ आया है और Extended RAM टेक्नोलॉजी के साथ इसमें 18GB RAM की ताकत मिलती है। लो बजट स्मार्टफोन टेक्नो पॉप एक्स 5जी प्राइस, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की पूरी जानकारी आप आगे पढ़ सकते हैं।
सबसे पहले कीमत की ही बात करें तो Tecno Pop X 5G का रेट 15,999 रुपये है। यह मोबाइल के बेस वेरिएंट का प्राइस है जिसमें 4GB RAM + 128GB Storage दी गई है। वहीं टेक्नो पॉप 5 एक्स 5जी फोन के 6GB RAM + 128GB Storage वेरिएंट को 17,999 रुपये में लॉन्च किया गया है। इस सस्ते 5जी फोन को Midnight Blue और Ripple Green कलर में 24 अप्रैल से शॉपिंग साइट अमेजन से खरीदा जा सकेगा।

Tecno Pop X 5G को कंपनी ने Extended RAM तकनीक से लैस कर बाजार में उतारा है। फोन के 6जीबी रैम वेरिएंट में 12जीबी वचुर्अल रैम का सपोर्ट दिया गया है। 6जीबी फिजिकल रैम और 12जीबी वचुर्अल रैम आपस में मिलकर यूजर्स को 18GB RAM की ताकत (6जीबी+12जीबी) दे सकती है। इसी तरह 4जीबी रैम वेरिएंट को 8जीबी वचुर्अल रैम के साथ लाया गया है जिसमें ग्राहकों को 12GB RAM (4जीबी+8जीबी) की पावर मिलेगी।
टेक्नो का यह सस्ता 5जी फोन एंड्रॉयड 16 पर लाया गया है जो HiOS के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस मोबाइल में MediaTek Dimensity 6400 चिपसेट दिया गया है। यह 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.5गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इसमें Arm Mali-G57 MC2 GPU मौजूद है।

टेक्नो पॉप एक्स 5जी फोन को aerospace-grade aluminium camera deco डिजाइन पर पेश किया गया है जो इसे काफी हद तक iPhone Air जैसी लुक देता है। यह MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड बॉडी पर स्मार्टफोन है जो इसे मजबूती प्रदान करती है। कंपनी की मानें तो 1.5मीटर की उंचाई से गिरने के बाद भी Tecno Pop X 5G का कुछ नहीं बिगड़ेगा। वहीं मोबाइल को डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन देने के लिए इसे IP64 Pro रेटिंग के साथ इंडियन मार्केट में उतारा गया है।
Tecno Pop X 5G की बड़ी बैटरी इसकी सबसे बड़ी खूबी है। पावर बैकअप के लिए यह स्मार्टफोन तगड़ी 6500एमएएच बैटरी से लैस कर इंडियन मार्केट में लॉन्च किया गया है। वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 45W फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है। फोटोग्राफी के लिए यह स्मार्टफोन 13 मेगापिक्सल डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है और फ्रंट पर 8 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर मौजूद है।

टेक्नो पॉप एक्स 5जी फोन में 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट वाली 6.78-इंच की एचडी+ स्क्रीन दी गई है। यह मोबाइल USRP 3.0 टेक्नोलॉजी से लैस है जो नेटवर्क स्पीड को 8X तक बढ़ा सकती है। वहीं भीड़-भाड़ वाले इलाके या ट्रैफिक के शोर में बिना परेशानी कॉल पर बात की जा सके, इसके लिए यह सस्ता 5जी फोन AI noise cancellation फीचर भी सपोर्ट करता है। फोटो एडिटिंग के लिए इस सस्ते 5जी फोन में AI Eraser 2.0, AI Image Extender और AI Flash Snap जैसे फीचर्स भी मिलेंगे।









