Huawei Pura 90 Pro और Pro Max चीन में लॉन्च, 200MP कैमरा, Kirin 9030S और दमदार AI फीचर्स से लैस फ्लैगशिप

Join Us icon

Huawei ने अपने नए फ्लैगशिप लाइनअप के तहत Huawei Pura 90 Pro और Huawei Pura 90 Pro Max को आधिकारिक तौर पर चीन में लॉन्च कर दिया है। इसके साथ Huawei Pura 90 भी आया है। इनमें डिजाइन, कैमरा और AI फीचर्स पर खास फोकस देखने को मिलता है। आइए, आगे कीमत और स्पेसिफिकेशंस की डिटेल्स जानते हैं।

डिस्प्ले की बात करें तो Huawei Pura 90 Pro में 6.6-इंच स्क्रीन दी गई है, जबकि Pro Max में बड़ा 6.9-इंच डिस्प्ले मिलता है। दोनों ही फोन में सिंगल पंच-होल डिजाइन दिया गया है। डिजाइन के मामले में Pro Max डुअल-कलर ग्रेडिएंट मेटल फ्रेम और ग्लोइंग बॉर्डरलेस लुक वाला है। यह Orange Ocean, Emerald Lake, Sunset Purple, Dawn Gold और Obsidian Black जैसे प्रीमियम कलर ऑप्शंस में उपलब्ध है। वहीं, Pura 90 Pro को Pink Guava, Orange Soda, Coconut White और Mulberry Black कलर में पेश किया गया है।

परफॉरमेंस के लिए Huawei Pura 90 Pro और Huawei Pura 90 Pro Max स्मार्टफोन Kirin 9030S प्रोसेसर से लैस हैं। कंपनी का दावा है कि इसमें NPU इमेज प्रोसेसिंग में 200% तक सुधार किया गया है, जिससे AI फोटोग्राफी, कलर प्रोसेसिंग और वीडियो स्टेबिलिटी बेहतर होती है। सॉफ्टवेयर के तौर पर ये डिवाइस HarmonyOS 6.1 पर काम करते हैं, जिसमें AI पोज रिकमेंडेशन, ऑटो कंपोजिशन, पोर्ट्रेट रिटचिंग और वन-क्लिक फोटो क्रिएशन जैसे फीचर्स शामिल हैं।

कैमरा सेगमेंट में Huawei Pura 90 Pro Max आगे नजर आता है। इसमें 50MP RYYB प्राइमरी सेंसर (1/1.28-इंच) OIS और वेरिएबल अपर्चर (f/1.4–f/4.0) के साथ दिया गया है। इसके साथ 40MP अल्ट्रा-वाइड और 200MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलता है, जो 4x ऑप्टिकल और 8x ऑप्टिकल-क्वालिटी जूम सपोर्ट से लैस है।

यदि Huawei Pura 90 Pro की बात करें तो इसमें भी 50MP RYYB प्राइमरी कैमरा (वेरिएबल अपर्चर के साथ) मिलता है, लेकिन इसमें 12.5MP अल्ट्रा-वाइड और 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो सेंसर दिया गया है। दोनों ही डिवाइस Huawei के XMAGE कैमरा सिस्टम के तहत आते हैं और इनमें Red Maplee मल्टीस्पेक्ट्रल लेंस, 3D डायनामिक फोटो, पोर्ट्रेट एन्हांसमेंट और AI शूटिंग फीचर्स मिलते हैं।

बैटरी और चार्जिंग की बात करें तो Huawei Pura 90 Pro और Huawei Pura 90 Pro Max दोनों में 6000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। Pura 90 Pro में 66W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 50W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है साथ ही यह वायरलेस और 5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग भी सपोर्ट करता है। वहीं, Huawei Pura 90 Pro Max वैरियंट में 100W वायर्ड चार्जिंग और 80W वायरलेस चार्जिंग दी गई है, साथ ही 18W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है। दोनों ही डिवाइस IP68 और IP69 रेटिंग के साथ आते हैं, जिससे ये 2 मीटर तक पानी में सुरक्षित रहने के साथ हाई-प्रेशर और हाई-टेम्परेचर वॉटर स्प्रे को भी झेल सकते हैं।

Huawei Pura 90 Pro Max मॉडल में Kunlun ग्लास प्रोटेक्शन भी दिया गया है, जो स्क्रैच रेजिस्टेंस को 16 गुना और ड्रॉप रेजिस्टेंस को 25% तक बेहतर बनाता है। साथ ही, इसमें लॉन्ग-डिस्टेंस वॉयस एन्हांसमेंट फीचर भी है, जिससे 10 मीटर तक वॉयस कैप्चर संभव है।

Huawei Pura 90 Pro की शुरुआती कीमत चीन में 5,499 युआन (12GB + 256GB) यानी करीब 75,079 रुपये रखी गई है, जबकि इसका टॉप वैरियंट (16GB + 1TB) 7,499 युआन यानी 1,02,386 रुपये तक जाता है। वहीं, Huawei Pura 90 Pro Max की कीमत 6,499 युआन यानी 88,733 रुपये से शुरू होकर 8,499 युआन यानी 1,16,039 रुपये (16GB + 1TB) तक जाती है।

Huawei Pura 90 Pro सीरीज को कंपनी ने प्रीमियम फ्लैगशिप के रूप में उतारा है, जिसमें हाई-एंड कैमरा, पावरफुल परफॉरमेंस, AI फीचर्स और यूनिक डिजाइन देखने को मिलता है। यह उन यूजर्स के लिए खास है जो फोटोग्राफी, परफॉरमेंस और AI एक्सपीरियंस को आगे रखते हैं। यदि आप चीन में हैं तो इन मोबाइल्स को चुन सकते हैं। ऐसी ही और खबरों के लिए 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here