
टेक ब्रांड एमएचडी ग्लोबल ने अपना प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बढ़ाते हुए एक नया स्मार्टफोन HMD Arc 2 पेश किया है। यह मोबाइल थाईलैंड में लॉन्च हुआ है जो लो बजट सेग्मेंट में लाया गया है। यह एक 4G Smartphone है जिसका कीमत इंडियन करंसी अनुसार सिर्फ 6,500 रुपये के करीब है। सस्ता स्मार्टफोन एचएमडी आर्क 2 भारतीय बाजार में लाया जाएगा या नहीं अभी इस बारे में कुछ पुख्ता तौर पर नहीं कहा जा सकता है लेकिन इस मोबाइल के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
HMD Arc 2 प्राइस
सबसे पहले कीमत की ही बात करें तो एचएमडी आर्क 2 स्मार्टफोन थाईलैंड में दो मेमोरी वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। इसके बेस वेरिएंट में 4GB RAM + 64GB Storage दी गई है जिसका प्राइस 2,290 थाईभाट यानी 6,549 रुपये के करीब है। वहीं बड़ा वेरिएंट 4GB RAM + 128GB Storage सपोर्ट करता है और इसकी कीमत THB 2,990 यानी इंडियन करंसी के मुताबिक 8,549 रुपये के करीब है। यह सस्ता स्मार्टफोन थाईलैंड में Dark Blue और Golden Beige कलर में बिकेगा।

HMD Arc 2 स्पेसिफिकेशन्स
एचएमडी आर्क 2 4जी फोन को एंड्रॉयड ओएस के साथ Unisoc T603 चिपसेट पर लॉन्च किया गया है। यह 12नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। विदेशी बाजार में इस मोबाइल को 4जीबी रैम पर लॉन्च किया गया है। स्मार्टफोन में दिए गए Android Go edition के चलते इसमें कम स्टोरेज घेरने वाली और कम इंटरनेट कन्ज्यूम करने वाली ऐप्स को रन किया जा सकता है।
HMD Arc 2 स्मार्टफोन को 6.52-इंच की एचडी+ डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली स्क्रीन है जो आइपीएस एलसीडी पैनल पर बनी है। इस मोबाइल डिस्प्ले पर 60हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया गया है जो सस्ते स्मार्टफोन में भी स्मूथ स्क्रालिंग एक्सपीरियंस दे सकती है। स्क्रीन के चारों ओर हल्के मोटे बेजल्स मौजूद है जो तकरीबन एक दशक पहले आए स्मार्टफोंस की याद दिलाते हैं।

फोटोग्राफी के लिए एचएमडी आर्क 2 स्मार्टफोन के बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा सेंसर दिया गया है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह सस्ता स्मार्टफोन 5 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। पावर बैकअप के लिए इस नए 4जी मोबाइल में 5000mAh बैटरी लगाई गई है और इसे तेजी से चार्ज करने के लिए 10वॉट फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है। इस एंट्री लेवल स्मार्टफोन में यूजर्स को 3.5mm हेडफोन जैक, यूएसबी टाइप सी पोर्ट और मेमोरी कार्ड सपोर्ट भी मिलेगा









