
Vivo V80 और Vivo X Fold6 स्मार्टफोन की भारत में सेल शुरू हो गई है। कंपनी ने पिछले हफ्ते इन दोनों फोन को लॉन्च किया था। इनमें V80 प्रीमियम मिड-रेंज सेगमेंट में आता है। जबकि Vivo X Fold6 कंपनी का प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन है। जिसमें MediaTek Dimensity 9500 Super Edition प्रोसेसर, 200MP कैमरा और 6,900mAh बैटरी दी गई है। आइए, आगे कीमत, ऑफर्स और स्पेसिफिकेशंस विस्तार से जानते हैं।
Vivo V80 और X Fold6 की कीमत और ऑफर्स
Vivo V80 को भारत में तीन स्टोरेज में पेश किया गया है। इसके 8GB RAM + 128GB स्टोरेज की कीमत 62,999 रुपये, 8GB RAM + 256GB स्टोरेज 69,999 रुपये और 8GB RAM + 512GB स्टोरेज 79,999 रुपये का है। यह स्मार्टफोन Sunrise Anthem, Horizon Blue और Stellar Black कलर ऑप्शन में उपलब्ध है। लॉन्च ऑफर के तहत Vivo V80 5G खरीदने वाले ग्राहकों को 10 प्रतिशत का इंस्टेंट कैशबैक मिलेगा। साथ ही अलग अलग प्लेटफॉर्म पर एक्सचेंज ऑफर और अलग बेनिफिट भी दिए जा रहे हैं।
यदि Vivo X Fold6 की बात करें तो यह 12GB RAM +512GB स्टोरेज में आता है। इसकी कीमत 2,19,999 रुपये में उपलब्ध है। इसे Nebula Teal और Prism Black कलर में खरीदा जा सकता है। फोन की ऑनलाइन खरीदारी पर चुनिंदा बैंक कार्ड के जरिए 26,400 रुपये तक का इंस्टेंट कैशबैक मिल सकता है। इसके साथ ही एक्सचेंज का लाभ मिल जाएगा।
दोनों फोन को कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के साथ Amazon, Flipkart और रिटेल स्टोर से खरीदा जा सकता है।

Vivo X Fold6 के स्पेसिफिकेशंस
Vivo X Fold6 में MediaTek Dimensity 9500 Super Edition प्रोसेसर दिया गया है। यह स्मार्टफोन Android 17 पर आधारित OriginOS 7 पर काम करता है। फोन में 8.02 इंच का मेन डिस्प्ले और 6.51 इंच का कवर डिस्प्ले मिलता है। दोनों स्क्रीन AMOLED टेक्नोलॉजी पर आधारित हैं और इनमें LTPO सपोर्ट, 1Hz से 120Hz तक का रिफ्रेश रेट और HDR10+ सपोर्ट दिया गया है।
फोटोग्राफी के लिए Vivo X Fold6 फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है। इसमें OIS सपोर्ट वाला 200MP Samsung HPB प्राइमरी कैमरा, 50MP Samsung JN1 अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 3x ऑप्टिकल जूम वाला 50MP Sony LYT-602 टेलीफोटो कैमरा शामिल है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन की मेन और कवर डिस्प्ले पर 20MP के कैमरे दिए गए हैं।
फोन में 6,900mAh की बैटरी मिलती है। यह 80W वायर्ड FlashCharge और 40W वायरलेस FlashCharge सपोर्ट करता है।

Vivo V80 के स्पेसिफिकेशंस
Vivo V80 में 6.59 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इस पर 1.5K 2,750 × 1,260 पिक्सल रिजॉल्यूशन, 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट मिल जाता है। इसकी लोकल पीक ब्राइटनेस 5,000 निट्स और HBM ब्राइटनेस 1,800 निट्स तक है।
परफॉरमेंस के लिए Vivo V80 स्मार्टफोन में Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह Android 17 पर आधारित OriginOS 7 के साथ आता है। कंपनी ने फोन के लिए चार बड़े OS अपग्रेड और 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है।
Vivo V80 की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,200mAh बैटरी है। जो कंपनी की V सीरीज में अब तक की सबसे बड़ी बैटरी है। फोन में 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है।

कैमरा सेटअप की बात करें तो Vivo V80 के रियर में Zeiss के साथ OIS सपोर्ट वाला 50MP प्राइमरी कैमरा, 50MP टेलीफोटो कैमरा और 8MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल है। वहीं,सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 50MP का फ्रंट कैमरा मिलता है।
Vivo V80 उन यूजर्स के लिए अच्छा विकल्प है। जो हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले, बड़ी बैटरी और Zeiss कैमरा चाहते हैं। वहीं, Vivo X Fold6 प्रीमियम फोल्डेबल फोन खरीदने वाले ग्राहकों के लिए तगड़ा विकल्प है। आप अपनी पसंद और बजट अनुसार फोन ले सकते हैं। टेक से जुड़े अपडेट लगातार पढ़ने के लिए 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।









