
भारती एयरटेल ने अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए 348 रुपये वाला एक नया प्लान पेश किया है। हालांकि कंपनी के पास पहले से ही 349 रुपये वाले प्रीपेड प्लान है। देखा जाए, तो दोनों प्रीपेड प्लान की कीमत में सिर्फ 1 रुपये का अंतर है, लेकिन इनके बेनिफिट्स में काफी फर्क है। 348 रुपये वाले प्लान में रोजाना 2GB डाटा मिलता है, जबकि 349 रुपये के प्लान में अनलिमिटेड 5G डाटा की सुविधा के साथ प्रतिदिन 1.5GB डाटा मिलता है। इसके अलावा, दोनों प्लान में Adobe Express Premium का सब्सक्रिप्शन भी मिलता है। ऐसे में रिचार्ज कराने से पहले जानें कौन-सा प्लान आपके लिए ज्यादा फायदेमंद रह सकता है।
Airtel का 348 रुपये वाला प्रीपेड प्लान
एयरटेल का 348 रुपये वाला प्रीपेड प्लान 28 दिनों की वैलिडिटी के साथ आता है। इसमें ग्राहकों को रोजाना 2GB डाटा मिलता है। इस तरह पूरी वैलिडिटी के दौरान कुल 56GB डाटा इस्तेमाल किया जा सकता है। इस हिसाब से प्लान का रोजाना खर्च करीब 12.43 रुपये बैठता है। इसके अलावा, प्लान में अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और हर दिन 100 SMS की सुविधा मिलती है।

डाटा और कॉलिंग बेनिफिट्स के अलावा, एयरटेल के इस प्लान में 12 महीने के लिए Adobe Express Premium का सब्सक्रिप्शन मिलता है। कंपनी इस सब्सक्रिप्शन की कीमत करीब 4,000 रुपये बताती है। इसके साथ Airtel Safe की सुविधा और 30 दिनों के लिए फ्री HelloTunes भी मिलती है। Airtel Safe नेटवर्क इस्तेमाल के दौरान सुरक्षा से जुड़े फायदे देने के लिए है, जबकि HelloTunes के जरिए ग्राहक अपनी पसंद की कॉलर ट्यून सेट कर सकते हैं।
Airtel के 349 रुपये वाला प्रीपेड प्लान
वहीं अगर आप एयरटेल के 349 रुपये वाले प्रीपेड प्लान की बात करें, तो इसमें यूजर को 28 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसके साथ प्लान में प्रतिदिन 1.5GB डाटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और हर दिन 100 SMS मिलते हैं। इसके अलावा, पात्र ग्राहकों को अनलिमिटेड 5G डाटा का फायदा भी मिलता है।

इस प्लान में भी यूजर को 12 महीने के लिए Adobe Express Premium का सब्सक्रिप्शन शामिल है। साथ ही, 348 प्लान की तरह ही एयरटेल सेफ और हेलोट्यून की सुविधा 30 दिनों के लिए मिलती है। इसके अलावा, ग्राहकों Apple Music का फ्री सब्सक्रिप्शन भी मिलता है। इस तरह 349 रुपये वाला प्लान उन ग्राहकों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है, जो 5G डाटा के साथ म्यूजिक स्ट्रीमिंग का फायदा भी चाहते हैं।
Airtel 348 रुपये vs 349 रुपये वाला प्लान
दोनों प्लान की तुलना करें, तो 348 रुपये वाला प्लान रोजाना 2GB डाटा देता है। वहीं, 349 रुपये वाले प्लान में रोजाना 1.5GB डाटा के साथ अनलिमिटेड 5G की सुविधा मिलती है। दोनों प्लान में कॉलिंग, SMS और 12 महीने का Adobe Express Premium सब्सक्रिप्शन शामिल है। हालांकि 349 रुपये वाले प्लान में Apple Music का अतिरिक्त फायदा भी मिलता है।
कीमत के लिहाज से दोनों में सिर्फ 1 रुपये का अंतर है। 348 रुपये वाले प्लान का रोजाना खर्च करीब 12.43 रुपये है, जबकि 349 रुपये वाले प्लान का रोजाना खर्च लगभग 12.46 रुपये पड़ता है यानी दोनों की दैनिक लागत लगभग समान है, लेकिन मिलने वाले डाटा और अतिरिक्त सुविधाओं में अंतर है।
कौन-सा प्लान रहेगा बेहतर?
अगर आपके इलाके में एयरटेल की 5G कनेक्टिविटी अच्छी है और आपका स्मार्टफोन 5G सपोर्ट करता है, तो 349 रुपये वाला प्लान बेहतर विकल्प हो सकता है। इसमें अनलिमिटेड 5G डाटा के साथ Apple Music का सब्सक्रिप्शन भी मिलता है। ऐसे में ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को इसका फायदा मिल सकता है।
दूसरी ओर, अगर आप मुख्य रूप से 4G डाटा पर निर्भर हैं या आपके इलाके में 5G नेटवर्क की उपलब्धता सीमित है, तो 348 रुपये वाला प्लान ज्यादा उपयोगी हो सकता है। इसमें रोजाना 2GB डाटा मिलता है, जो 349 रुपये वाले प्लान की तुलना में करीब 500MB ज्यादा है। ऐसे ग्राहकों के लिए रोजाना मिलने वाला हाई-स्पीड डाटा अधिक मायने रख सकता है। हालांकि रिचार्ज करने से पहले सभी प्लान के मौजूदा बेनिफिट्स और पात्रता की जानकारी एयरटेल की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर जरूर चेक कर लें।










