
बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर कुछ दिनों पहले ही सैमसंग की नई गैलेक्सी एस सीरीज़ के आगामी डिवाईस गैलेक्सी एस10 लाईट को देखा गया था। इस लिस्टिंग में फोन की कुछ अहम स्पेसिफिकेशन्स के साथ ही इसका कोर स्कोर भी सामने आया था। वहीं अब सैमसंग की इसी सीरीज़ के एक और स्मार्टफोन को गीकबेंच पर लिस्ट कर दिया गया है। गीकबेंच की लिस्टिंग में सैमसंग गैलेक्सी एस10 प्लस स्मार्टफोन सामने आया है जहां फोन की स्पेसिफिकेशन्स का भी खुलासा हुआ है।
चीनी बेंचमार्किंग साइट पर सैमसंग के आगामी स्मार्टफोन को लिस्ट किया गया है जिसका नाम गैलेक्सी एस10 प्लस माना जा रहा है। गीकबेंच पर गैलेक्सी एस10 प्लस को एसएम-जी975यू मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। यह लिस्टिंग 16 जनवरी की है। गीकबेंच की लिस्टिंग से पता चला है कि सैमसंग का आगामी स्मार्टफोन एंडरॉयड के सबसे नए ऑपरेटिंग सिस्टम एंडरॉयड 9 पाई पर लॉन्च किया जाएगा।

सैमसंग गैलेक्सी एस10 प्लस को गीकबेंच पर 6जीबी रैम से लैस बताया गया है। लिस्टिंग से पता चला है कि इस फोन में 1.78गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया जा सकता है। स्कोर की बात करें तो गैलेक्सी एस10 को गीकबेंच पर सिंगल-कोर में जहां 3413 स्कोर दिया गया है वहीं मल्टी-कोर में इस फोन को 10256 स्कोर प्राप्त हुआ है। आपको बता दें कि लीक्स में यह बात सामने आ चुकी है कि सैमसंग गैलेक्सी एस10 प्लस को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 855 चिपसेट पर लॉन्च किया जाएगा।

गीकबेंच पर लिस्ट हुए सैमसंग गैलेक्सी एस10 प्लस मॉडल का स्मार्टफोन का छोटा वेरिएंट माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि सैमसंग गैलेक्सी एस10 प्लस को एक से अधिक रैम वेरिएंट्स में लॉन्च करेगी और इनमें 6जीबी रैम के साथ ही 8जीबी रैम भी देखने को मिल सकती है। आपको बता दें सैमसंग अपनी इस सीरीज़ के बेहद ही ताकतवर स्मार्टफोंस से लैस करने वाली है। इस सीरीज़ में गैलेक्सी एस10, गैलेक्सी एस10 ई और गैलेक्सी एस10+ के साथ ही कंपनी का 5जी फोन गैलेक्सी एस10 एक्स भी शामिल रहेगा।
8जीबी रैम और 128जीबी स्टोरेज के साथ लॉन्च हो सकता सैमसंग गैलेक्सी ए90
सैमसंग गैलेक्सी एस10 सीरीज़ को लेकर कल ही कोरियन मीडिया ने बताया है कि सैमसंग मार्च की 8 तारीख को अपनी नई सीरीज़ के गैलेक्सी एस10, गैलेक्सी एस10 ई और गैलेक्सी एस10+ स्मार्टफोन बाजार में उतार देगी। वहीं इस ग्लोबल लॉन्च के कुछ ही दिनों बाद 29 मार्च के दिन सैमसंग अपना पहला 5जी स्मार्टफोन गैलेक्सी एस10 एक्स भी लॉन्च कर देगी। उम्मीद की जा सकती है कि इन्हीं तारीखों पर सैमसंग गैलेक्सी एस10 सीरीज़ के फोन भारत में भी दस्तक दे सकते हैं।





















