
सैमसंग ने पिछले महीने ही भारत में मौजूद चार रियर कैमरे वाले स्मार्टफोन गैलेक्सी ए9 की कीमत में कटौती की थी। कंपनी की ओर से इस फोन की कीमत 3,000 रुपये कम की गई थी जो फोन के दोनों वेरिएंट्स पर लागू हुई थी। वहीं एक महीने के भीतर ही सैमसंग की ओर से फिर से इस शानदार स्मार्टफोन के दाम कम किए गए हैं। सैमसंग इंडिया ने फिर से गैलेक्सी ए9 की कीमत सीधे 3,000 रुपये घटा दी है और आज से ही यह फोन नई कीमतों पर सेल के लिए उपलब्ध हो चुका है।
सैमसंग ने गैलेक्सी ए9 को भारत में दो वेरिएंट्स में लॉन्च किया था। कंपनी ने फोन के 6जीबी रैम वेरिएंट को 36,999 रुपये और 8जीबी रैम वेरिएंट को 39,999 रुपये में लॉन्च किया था। पिछले महीने हुई कटौती के बाद दोनो वेरिएंट्स कीमतें क्रमश: 33,990 रुपये व 36,990 रुपये हो गई थी। वहीं आज फिर से हुए प्राइज़ कट के बाद गैलेक्सी ए9 के 6जीबी रैम वेरिएंट को 30,990 रुपये तथा 8जीबी रैम वेरिएंट को 33,990 रुपये में खरीदा जा सकेगा।
![]()
गैलेक्सी ए9 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो फोन में 1080×2280 पिक्सल रेजल्यूशन 6.3-इंच की सुपर एमोलेड इनफिनिटी डिसप्ले दी गई है। इसमें 18.5:9 आसपेक्ट रेशियो वाली बेजल लेस डिसप्ले है। इसके अलावा यह फोन एंडरॉयड आॅपरेटिंग सिस्टम 8.1 ओरियो पर कार्य करता है। जो कि सैमसंग के यूजर इंटरफेस एक्सपीरियंस 8.5 यूआई के साथ काम करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए कंपनी ने इस फोन को 14एनएम ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर पेश किया है जो क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 660 चिपसेट पर रन करता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस फोन में एड्रीनो 512 जीपीयू मौजूद है।

इसके अलावा अगर बात करें गैलेक्सी ए9 की तो इसमें बैक पैनल पर 4 रियर कैमरा सेंसर दिए गए हैं। इनमें एफ/1.7 अपर्चर वाला 24-मेगापिक्सल का ओआईएस सेंसर, एफ/2.2 अपर्चर वाला 5-मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर, एफ/2.4 अपर्चर वाला 8-मेगापिक्सल का वाइड एंगल लेंस और एफ/2.4 अपर्चर वाला 10-मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस दिया गया है। वहीं सैमसंग ने गैलेक्सी ए9 को एफ/2.0 अपर्चर वाले 24-मेगापिक्सल के सेल्फी कैमरे से लैस कर बाजार में उतारा है।
सैमसंग गैलेक्सी ए9 के बैक पैनल पर जहां फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया गया है वहीं यह फोन अनलॉकिंग के लिए फेस रिकॉग्निशन फीचर भी सपोर्ट करता है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए सैमसंग ने गैलेक्सी ए9 को क्विक चार्ज 2.0 सपोर्ट वाली 3,800एमएएच बैटरी के साथ लॉन्च किया है।


















