
सैमसंग ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपनी गैलेक्सी एम सीरीज़ की शुरूआत करते हुए गैलेक्सी एम10 और गैलेक्सी एम20 स्मार्टफोन लॉन्च किए थे। ये दोनों ही स्मार्टफोन देश में सेल के लिए उपलब्ध हो चुके हैं तथा अपनी पहली ही फ्लैश सेल में खुद को हिट साबित कर चुके हैं। गैलेक्सी एम10 और गैलेक्सी एम20 पूरी दुनिया में सिर्फ इंडियन बाजार में ही उतारे गए हैं जो आने वाले समय में अन्य देशों में एंट्री लेंगे। वहीं अब इसी सीरीज़ के एक अन्य स्मार्टफोन गैलेक्सी एम30 की स्पेसिफिकेशन्स भी सामने आ गई है।
सैमसंग गैलेक्सी एम30 को पहले ही चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर लिस्ट किया जा चुका है जहां फोन की कई अहम स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा हुआ था। वहीं एक नए लीक में गैलेक्सी एम30 की फुल स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी सामने आई है। गैलेक्सी एम सीरीज़ के मौजूदा डिवाईसेज़ की ही तरह यह स्मार्टफोन भी ‘वी’ शेप वाली वॉटरड्रॉप नॉच पर पेश किया जाएगा। लीक के मुताबिक गैलेक्सी एम30 में 2220 × 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.38-इंच की फुलएचडी+ एमोलेड डिसप्ले दी जाएगी जो 2.5डी कर्व्ड ग्लास से प्रोटेक्टेड होगी।

लीक के अनुसार गैलेक्सी एम30 को कंपनी द्वारा 6जीबी रैम मैमोरी पर पेश किया जा सकता है। इस फोन में 128जीबी की इंटरनल स्टोरेज देखने को मिल सकती है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये बढ़ाया जा सकेगा। बताया जा रहा है कि गैलेक्सी एम30 एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 9 पाई पर पेश किया जाएगा तथा 1.8गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले कोर्टेक्स ए73 एवं 1.6गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले कोर्टेक्ट ए53 के साथ सैमसंग एक्सनॉस 7904 चिपसेट पर रन करेगा। गौरतलब है कि यही चिपसेट सैमसंग गैलेक्सी एम20 में भी दिया गया है।

गैलेक्सी एम30 की अन्य स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो लीक के मुताबिक यह फोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। फोन के बैक पैनल पर एफ/1.9 अपर्चर वाला 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया जाएगा। वहीं रियर कैमरा सेटअप में एफ/2.2 अपर्चर वाला 5-मेगापिक्सल का वाईड सेंसर तथा एफ/2.2 अपर्चर वाला 5-मेगापिक्सल का ही डेफ्थ सेंसर देखने को मिल सकता है। इसी तरह सेल्फी के लिए गैलेक्सी एम30 में एफ/2.0 अपर्चर वाला 16-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।
मोटो जी7 सीरीज़ हुई लॉन्च, मोटो जी7 के साथ मोटो जी7 प्ले, मोटो जी7 पावर और मोटो जी7 प्लस ने दी दस्तक
सैमसंग गैलेक्सी एम30 डुअल सिम फोन होगा जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करेगा। फोन की लीक हुई फोटो में फोन की डिसप्ले पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिखाया गया है। वहीं बैटरी की बात करें तो लीक के मुताबिक गैलेक्सी एम30 में यूएसबी टाईप सी पोर्ट के साथ 5,000एमएएच की पावरफुल बैटरी दी जा सकती है जो क्विक चार्ज तकनीक सपोर्ट करेगी। बहरहाल गैलेक्सी एम30 की इन स्पेसिफिकेशन्स को तब तक पुख्ता नहीं कहा जा सकता है जब तक सैमसंग स्वयं फोन की घोषणा न कर दें।


















