
सैमसंग इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी ने पिछले हफ्ते ही कंपनी की गैलेक्सी ए सीरीज़ को लेकर कहा था कि मार्च महीने में गैलेक्सी ए सीरीज़ का नया फोन लॉन्च किया जाएगा। इस जानकारी के साथ ही बताया गया था कि सैमसंग साल की दूसरी छमाही में हर महीने एक गैलेक्सी ए फोन भारत में लॉन्च करेगी तथा ये स्मार्टफोन 10,000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये के बजट में होंगे। सैमसंग गैलेक्सी ए सीरीज़ को भारत में 4 बिलियन डॉलर का ब्रांड बनाने वाली है। वहीं अब इनमें से ही एक स्मार्टफोन गैलेक्सी ए50 को लेकर नया लीक सामने आया है। इस लीक में फोन की फोटो के साथ ही इसकी स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा किया गया है।
सैमसंग गैलेक्सी ए50 की फोटो को प्राइज़कार्ट द्वारा शेयर किया गया है। इस फोटो में फोन के फ्रंट और बैक दोनों पैनल्स को दिखाया गया है। गैलेक्सी ए50 की फोटो में फोन की लुक और डिजाईन के साथ ही इसकी स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी भी दी गई है। लीक हुई फोटो से गैलेक्सी ए50 का फ्रंट, बैक और लोवर पैनल दिखाया गया है जिससे फोन के कैमरा सेटअप के साथ ही फोन डायमेंशन्स, पोर्ट और सेंसर्स की डिटेल्स बताई गई है।

डिजाईन
गैलेक्सी ए50 के फ्रंट पैनल की बात पहले करें तो इस फोन को ‘यू’ शेप वाली नॉच पर पेश किया जा सकता है। फोन के तीन किनारें जहां पूरी तरह से बेजल लेस दिखाए गए हैं वहीं नीचे की ओर हल्का सा बॉडी पार्ट मौजूद है। इस डिसप्ले को सैमसंग ने इनफिनिटी यू डिसप्ले का नाम दिया है। फोन के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो उपरी बाईं ओर मौजूद है। इस कैमरा सेटअप के ठीक नीचे फ्लैश लाईट दी गई है।
फोन के बैक पैनल से फिंगरप्रिंट सेंसर नदारद है। वहीं फ्रंट पैनल पर डिसप्ले पर फिंगरप्रिंट सेंसर नज़र आ रहा है। यानि गैलेक्सी ए50 इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर से लैस होगा। फोन के नीचले पैनल पर यूएसबी टाईप-सी पोर्ट के साथ ही 3.5एमएम जैक भी दिया गया है। गैलेक्सी ए50 के दाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर और पावर बटन दिया गया है।
कैमरा सेटअप
सैमसंग गैलेक्सी ए50 ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। सामने आई फोटो के अनुसार गैलेक्सी ए50 के रियर कैमरा सेटअप में 25-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया जाएगा। दूसरा कैमरा सेंसर जहां 5-मेगापिक्सल का होगा वहीं रियर कैमरा सेटअप का तीसरा सेंसर 8-मेगापिक्सल का होगा। इसी तरह सेल्फी के लिए गैलेक्सी ए50 में 25-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा देखने को मिल सकता है।

स्पेसिफिकेशन्स
गैलेक्सी ए50 की अन्य स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो लीक के मुताबिक गैलेक्सी ए50 को 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया जाएगा। इस फोन में 2220 × 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.4-इंच की फुलएचडी+ एमोलेड डिसप्ले दी जाएगी जो एक्स्ट्रा लेयर से प्रोटेक्टेड होगी। लीक के मुताबिक इस फोन को कंपनी द्वारा 6जीबी रैम मैमोरी पर पेश किया जा सकता है। गैलेक्सी ए50 में 128जीबी की इंटरनल स्टोरेज देखने को मिल सकती है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये बढ़ाया जा सकेगा।
शाओमी ने किया खुलासा, रेडमी नोट 7 प्रो भी होगा लॉन्च
बताया जा रहा है कि गैलेक्सी ए50 एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 9 पाई पर पेश किया जाएगा तथा 2.3गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ सैमसंग के ही एक्सनॉस 9610 चिपसेट पर रन करेगा। लीक में सामने आया है कि गैलेक्सी ए50 में 4,000एमएएच की बैटरी दी जा सकती है जो फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस होगी।
गौरतलब है कि सैमसंग की ओर से अभी तक गैलेक्सी ए50 की स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी नहीं दी गई है। अगर यही वह स्मार्टफोन है जो मार्च महीने में भारतीय बाजार में कदम रखने वाला है, तो सैमसंग इंडिया जल्द ही गैलेक्सी ए50 को लेकर कोई घोषणा जरूर करेगी।


















