
लंबे समय से सैमसंग की गैलेक्सी ए सीरीज़ को लेकर लीक्स सामने आ रहे थे। चर्चा थी कि सैमसंग जल्द ही अपनी गैलेक्सी ए सीरीज़ के तहत गैलेक्सी ए50 और गैलेक्सी ए30 स्मार्टफोन लॉन्च करेगी। गैलेक्सी ए सीरीज़ के इन दोनों स्मार्टफोन की फोटो तथा इनकी स्पेसिफिकेशन्स लीक्स में सामने आती रही है। लेकिन आज अपने फैन्स को तोहफा देते हुए सैमसंग ने इन दोनों स्मार्टफोंस को आफिशियली लॉन्च कर दिया है। सैमसंग की ओर से गैलेक्सी ए50 और गैलेक्सी ए30 स्मार्टफोन से पर्दा उठा दिया गया है तथा इन्हें टेक मंच पर पेश कर दिया गया है।
सैमसंग गैलेक्सी ए50
सैमसंग ने अपने इस स्मार्टफोन को गैलेक्सी एम सीरीज़ की ही तरह इनफिनिटी यू डिसप्ले पर लॉन्च किया है। फोन में 1080 x 2340 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.4-इंच की फुलएचडी+ सुपर एमोलेड डिसप्ले दी गई है जिसके उपरी ओर छोटी सी ‘यू’ शेप की नॉच मौजूद है। सैमसंग ने अपने इस फोन को इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट से लैस किया है। गैलेक्सी ए50 एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस पर बेस्ड है जो विभिन्न मार्केट्स में अलग-अलग चिपसेट पर लॉन्च होगा।

गैलेक्सी ए50 को कंपनी ने दो वेरिएंट में पेश किया है। एक वेरिएंट जहां 4जीबी रैम मैमोरी के साथ 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है वहीं दूसरे वेरिएंट में 6जीबी रैम मैमोरी के साथ 128जीबी की इंटरनल मैमोरी दी गई है। इन दोनों ही वेरिएंट्स की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 512जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो गैलेक्सी ए7 की ही तरह गैलेक्सी ए50 भी ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है।
फोन के बैक पैनल पर एफ/1.7 अपर्चर वाला 25-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर दिया गया है। इसी तरह गैलेक्सी ए50 5-मेगापिक्सल का सेकेंडरी तथा 8-मेगापिक्सल का तीसरा कैमरा सेंसर सपोर्ट करता है। फोन के ये दोनों ही कैमरा सेंसर एफ/2.2 अपर्चर सपोर्ट करते है। सेल्फी कैमरे की बात करें तो गैलेक्सी ए50 में एफ/2.2 अपर्चर वाला 25-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

सैमसंग गैलेक्सी ए50 में बिक्सबे शार्टकट बटन दिया गया है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही यह फोन डुअल सिम और 4जी सपोर्ट करता है। वहीं पावर बैकअप के लिए गैलेक्सी ए50 में फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाली 4,000एमएएच की बैटरी दी गई है। भारत में यह फोन आने वाले दिनों में अनाउंस किया जा सकता है। फोन की कीमत क्या होगी यह अभी पुख्ता नहीं कहा जा सकता है लेकिन यह फोन बाजार में ब्लैक, वाईट, ब्लू और कोलर लाईट कलर वेरिएंट में सेल के लिए उपलब्ध होगा।
सैमसंग गैलेक्सी ए30
सैमसंग ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से गैलेक्सी ए30 से भी पर्दा उठा दिया है। इस फोन की डिसप्ले व बैटरी जहां गैलेक्सी ए50 के समान है वहीं यह फोन 16-मेगापिक्सल + 5-मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। वहीं सेल्फी के लिए गैलेक्सी ए30 में 16-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कंपनी की ओर से गैलेक्सी ए30 को बाजार में दो वेरिएंट में बेचा जाएगा जिनमें 3जीबी रैम + 32जीबी मैमोरी तथा 4जीबी रैम + 64जीबी मैमोरी शामिल होंगे।


















