
रियलमी उन चुनिंदा ब्रांड्स में से एक है जिसने कुछ ही स्मार्टफोन बाजार में उतारे हैं, लेकिन ये सभी स्मार्टफोन आम जनता द्वारा इतने ज्यादा पसंद किए गए हैं कि रियलमी थोड़े ही समय में देश में हिट ब्रांड्स में शुमार हो चुकी है। साल 2019 में अपने पहले स्मार्टफोन के रूप में रियलमी ने रियलमी 3 स्मार्टफोन लॉन्च किया है। यह फोन मार्च के पहले हफ्ते में लॉन्च हुआ था जो देश में 2 वेरिएंट्स में सेल के लिए उपलब्ध है। रियलमी कंपनी अपने इस नए स्मार्टफोन को फ्लैश सेल के जरिये बेच रही है। कल यानि 12 मार्च को रियलमी 3 पहली बार फ्लैश सेल के लिए उपलब्ध हुआ था और पहले ही दिन इस स्मार्टफोन ने सेल के ऐसे रिकॉर्ड बनाए कि कंपनी ने 2 अरब रुपये के करीब के रियलमी 3 फोन बेच डाले। जी हां, आपने सही पढ़ा कल एक ही दिन में रियलमी ने तकरीबन 2,00,00,00,000 रुपये के रियलमी 3 स्मार्टफोन बेचे हैं।
एक दिन में दो फ्लैश सेल
आपको बता दें कि कल यानि 12 मार्च को दोपहर 12 बजे रियलमी 3 की पहली फ्लैश सेल शुरू हुई थी। यह सेल रियलमी की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा सिर्फ फ्लिपकार्ट पर ही आयोजित हुई थी। पहली फ्लैश सेल के दौरान रियलमी 3 को खरीदने वालों की इतनी भीड़ उमड़ी कि कुछ ही मिनटों में इस फोन का स्टॉक आउट भी हो गया था। कंपनी का दावा है कि कुछ ही मिनटों में रियलमी 3 की 1.5 लाख से भी ज्यादा यूनिट बिकी गई।

रियलमी 3 का प्रति स्मार्टफोन यूजर्स का इतना ज्यादा क्रेज देखते हुए रियलमी ने दोपहर में ही घोषणा कर दी थी कि कल ही यानि 12 मार्च को ही रात 8 बजे फिर से रियलमी 3 की फ्लैश सेल आयोजित होगी। तय समयानुसार रात 8 बजे रियलमी 3 की दूसरी फ्लैश सेल शुरू हुई और दूसरी फ्लैश सेल में भी कुछ ही मिनटों में रियलमी 3 फिर से आउट आफ स्टॉक हो गया। कंपनी ने दावा किया है दोनों फ्लैश सेल में मिलाकर रियलमी 3 की कुल 2,10,000 से भी ज्यादा यूनिट बिकी है। यह भी पढ़ें : 4,000एमएएच बैटरी, 8जीबी रैम और 48एमपी कैमरे से लैस होगा वीवो एक्स27, लॉन्च से पहले ही कंपनी ने किया खुलासा
बिक गए 2 अरब के रियलमी 3
रियलमी ने घोषणा की है कि दोनों फ्लैश सेल में रियलमी 3 की 2 लाख 10 हजार से भी ज्यादा यूनिट बिकी है। कंपनी ने हालांकि अपने वक्तव्य यह नहीं बताया है कि इस सेल में रियलमी 3 के कौन से वेरिएंट की कितनी यूनिट बिकी है। आपको बता दें कि रियलमी 3 के 3जीबी/32जीबी वेरिएंट को 8,999 रुपये और 4जीबी/64जीबी वेरिएंट को 10,999 रुपये में बेचा गया था। ऐसे में यदि बेची गई सभी 2,10,000 यूनिट को रियलमी 3 का बेस वेरिएंट भी माना जाए तो कंपनी ने एक दिन में 1,88,97,90,000 रुपये के फोन बेच दिए हैं। यानि रियलमी 3 की बदौलत रियलमी ने एक ही दिन में 2 अरब रुपये का कारोबार किया है।

अगली सेल 19 मार्च
लो बजट सेग्मेंट में हिट साबित हो चुके रियलमी 3 की दोनों फ्लैश सेल सफल साबित हुई है। ऐसे में जो यूजर्स स्टॉक खत्म होने के चलते रियलमी 3 को खरीद नहीं पाएं हैं उनके लिए रियलमी ने घोषणा कर दी है कि रियलमी 3 की अगली फ्लैश सेल 19 मार्च को आयोजित की जाएगी। यह फ्लैश सेल 19 मार्च की दोपहर 12 बजे शुरू होगी जो कंपनी की वेबसाइट के साथ ही फ्लिपकार्ट पर होगी। यह भी पढ़ें : जियोफोन 2 को टक्कर देने इस भारतीय कंपनी ने लॉन्च किया फोन, कीमत 2 हजार से भी कम
लगे हाथ आपको बता दें कि रियलमी कंपनी बेहद जल्द रियलमी 3 को आफलाईन रिटेल स्टोर्स पर भी सेल के लिए उपलब्ध करा सकती है। वहीं दूसरी ओर रियलमी की ओर से रियलमी 3 प्रो स्मार्टफोन की जल्द ही बाजार में लाए जाने की तैयारी चल रही है। इन दोनों मुद्दों से जुड़ी अन्य अहम जानकारी बेहद जल्द आपको दी जाएगी। रियलमी 3 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स जानने के लिए (यहां क्लिक करें)


















