
कूलपैड और लेईको द्वारा मिलकर तैयार किया गया पहला फोन कूल1 डुअल को भारत में लॉन्च कर दिया गया है। फोन के स्पेसिफिकेशन, कीमत और फीचर्स शानदार हैं। पंरतु इस बजट में मोटोरोला मोटो एम और लेनोवो के6 नोट जैसे फोन पहले से उपलब्ध हैं जो इसे टक्कर देने का दम रखते हैं।
तो क्या कूलपैड कूल1 डुअल इनकी चुनौती से पार पाएगा? आइए जानें।
डिजाइन
कूलपैड कूल1 डुअल डिजाइन के मामले में नया नहीं कहा जाएगा। यह फोन बहुत हद तक लेईको ले 2 के समान है। हालांकि फोन की क्वालिटी बेहतर है और आपको अच्छा अहसास भी कराएगा।

वहीं मोटो एम कंपनी का पहला मैटल फोन है। इसकी बॉडी पीछे कर्व है और लुक के मामले में इसमें नयापन भी है। मोटो एम की बॉडी पी2आई नैनो कोटिंग की गई है जो इसे कुछ हद तक पानी और धूल से सुरक्षित रखने में सक्षम है।
लेनेवो के6 नोट भी फुल मैटल डिजाइन में बना फोन है। इसका लुक अच्छा है लेकिन इसे देखकर आप यह नहीं कह सकते कि लुक में नयापन है। इससे पहले भी इस डिजाइन में लेनोवो के फोन हमने देखे हैं।
हालांकि डिजाइन के मामले में आप किसी को कम नहीं कहेंगे लेकिन मोटो एम हमें बेहतर लगा।
डिसप्ले
कूलपैड कूल1 डुअल में 5.5-इंच की फुल एचडी डिसप्ले है। फोन का स्क्रीन रेजल्यूशन 1920×1080 पिक्सल है। हालांकि कंपनी ने इसमें कोटिंग की जानकारी नहीं दी है।

मोटोरोला मोटो एम में भी 5.5-इंच का फुल एचडी 2.5डी कर्व्ड डिसप्ले ही दिया गया है। ऐसे में स्क्रीन में कोई खास अंतर नहीं है।
लेनोवो के 6 नोट में भी 5.5-इंच की फुल एचडी आईपीएस एलसीडी स्क्रीन दी गई है। कहा जा सकता है कि तीनों फोन में आपको समान डिसप्ले मिलेंगे।
प्रोसेसर
कूलपैड कूल1 डुअल को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 652 चिपसेट पर पेश किया गया है और इसमें 64बिट्स का 1.8गीगाहर्ट्ज का ऑक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही बेहतर ग्राफिक्स के लिए एड्रीनो 510 जीपीयू है।

मोटो एम को मीडियाटेक के हेलियो पी15 चिपसेट पर पेश किया गया है। इस फोन में 2.2गीगाहट्र्ज क्लॉक स्पीड वाला 64बिट्स का आॅक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही माली-टी860 जीपीयू देखने को मिलेगा।
लेनोवो के6 नोट को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 430 चिपसेट पर पेश किया गया है और इस फोन में 1.4गीगाहट्र्ज का 64बिट्स वाला आॅक्टाकोर प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही एड्रीनो 505 जीपीयू देखने को मिलेगा।
यह सबसे कमजोर लेनोवो के6 नोट नजर आता है।
मैमोरी
कूलपैड कूल1 डुअल में 3जीबी रैम और 4जीबी रैम मैमोरी उपलब्ध है। इमसें 32जीबी स्टोरेज है। हालांकि कमी यह कही जा सकती है कि फोन में कार्ड सपोर्ट नहीं है।

मोटोरोला मोटो एम 3जीबी रैम + 32जीबी मैमोरी और 4जीबी रैम + 64जीबी की इंटरनल मैमारी दी गई है। दोनों मॉडल में 256जीबी तक के मैमोरी कार्ड सपोर्ट है।
लेनोवो के6 नोट 3जीबी रैम और 4जीबी रैम मैमोरी के साथ उपलब्ध है। दोनों रैम मैमोरी के साथ आपको 32जीबी की इंटरनल मैमोरी मिलेगी। इसमें मैमोरी कार्ड सपोर्ट है।
यहां पर सबसे कमजोर कूलपैड नजर आता है।
कैमरा
कूलपैड कूल1 डुअल 13-मेगापिक्सल के दो रियर कैमरे दिए गए हैं। एक कैमरा आरजीबी है जबकि दूसरा लेंस मोनोक्रोम से फोटो लेता है। इससे आप न सिर्फ बेहतर तरीके से फोटो को एडीट कर सकेंगे बल्कि फोटोग्राफी में डिटेल्स भी काफी बेहतर होंगे। इसके साथ ही 8-मेगापिक्सल सेकेंडरी कैमरा है।

मोटो एम में 16-मेगापिक्सल का रियर और 8-मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा मौजूद है।
लेनोवो के6 नोट में एलईडी फ्लैश के साथ 16-मेगापिक्सल का रियर कैमरा तथा सेल्फी के 8-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कैमरे के मामले में कूलपैड सबसे बेस्ट साबित होता है।
पावर बैकअप
कूलपैड कूल1 डुअल में पावर बैकअप के लिए 4,000 एमएएच की बैटरी दी गई है। फोन में फास्ट चार्जिंग सपोर्ट है।

वहीं मोटो में 3,050 एमएएच की बैटरी है। इसमें फास्ट चार्जिंग सपोर्ट है।
पावर बैकअप के लिए लेनोवो में 4,000 एमएएच की पॉवरफुल बैटरी दी गई है।
कनेक्टिविटी
कूलपैड में डुअल सिम सपोर्ट है और दोनों सिम में आप 4जी का लाभ ले सकते हैं। इसके साथ ही फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है।
मोटो एम में डुअल सिम सपोर्ट है। इसमें भी फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। हालांकि इसका दूसरा स्लॉट हाईब्रीड है। जहां आप सिम और कार्ड में से किसी एक का ही उपयोग कर सकते हैं।
लेनोवो के6 नोट में भी समान फीचर है। फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है और इसमें 4जी सापोर्ट भी है। इसमें भी दूसरा सिम स्लॉट हाईब्रीड है जहां आप सिम और कार्ड में से किसी एक का ही उपयोग कर सकते हैं।
कीमत
कूलपैड कूल1 डुअल की कीमत 13,999 रुपये है।
मोटो एम 3जीबी रैम वाले फोन कीमत 15,999 रुपये है जबकि 4जीबी रैम वाला फोन 17,999 रुपये में उपलब्ध है।
लेनोवो के6 नोट 3जीबी रैम वाला फोन 13,999 रुपये और 4जीबी रैम वाला फोन 15,499 रुपये में उपलब्ध है।
निष्कर्ष

कुल मिलाकर देखेंगे तो हर जगह कूलपैड कूल1 डुअल ही भारी पड़ता है। कम कीमत में ज्यादा रैम, बेहतर प्रोसेसर, ताकतवर डुअल कैमरा और यूएसबी टाइप सी की वजह से कूलपैड कूल1 डुअल सबसे आगे नजर आता है। परंतु इसमें एक ही कमी है कार्ड सपोर्ट नहीं है। परंतु यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि मोटो एम और लेनोवो के6 नोट में यदि आप मैमोरी कार्ड का उपयोग करते हैं तो दूसरा सिम नहीं यूज कर सकते। वहीं यदि सिम लगाते हैं तो कार्ड नहीं। ऐसे में सभी फीचर को देखकर मेरा मत कूल1 डुअल को ही जाता है और वह एक बेहतर फोन कहा जाएगा।


















