
Infinix ने कुछ दिनों पहले ही बताया था कि कंपनी इंडिया में अपना स्मार्टफोन प्रोर्टफोलियो बढ़ाने वाली है और इस कड़ी में नया डिवाईस Hot 8 लॉन्च करेगी। वहीं आज कंपनी ने Infinix Hot 8 से पर्दा उठा दिया है। शानदार लुक और पावरफुल स्पेसिफिकेशन्स से लैस यह स्मार्टफोन लो बजट सेग्मेंट में उतारा गया है जो ऑनलाईन शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर ही सेल के लिए उपलब्ध होगा।
Infinix Hot 8 लुक
Infinix की ओर से इस स्मार्टफोन को बेज़ल लेस ड्यूड्रॉप नॉच डिसप्ले पर पेश किया गया है। डिस्पले दोनों साईड से जहां बेजल लेस है वहीं उपरी हिस्से पर ‘वी’ शेप वाली छोटी की नॉच दी गई है। फोन डिसप्ले के नीचले हिस्से पर चौड़ा चिन पार्ट मौजूद है। Infinix Hot 8 के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो उपरी बाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित है। इस सेटअप में फ्लैश लाईट भी शामिल है। दो सेंसर जहां फ्लैश लाईट से उपर लगे हैं वहीं एक सेंसर फ्लैश से नीचे स्थित है।
Infinix Hot 8 के बैक पैनल पर बीच में रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। रियर पैनल पर ही नीचे की ओर Infinix की ब्रांडिंग लगी है। फोन के लोवर पैनल पर यूएसबी पोर्ट दिया गया है। इस पोर्ट के एक साईड स्पीकर लगा है तथा दूसरी साईड 3.5एमएम जैक दिया गया है। Infinix Hot 8 के दाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर और पावर बटन दिया गया है तथा बाईं ओर सिम स्लॉट मौजूद है।
Infinix Hot 8 स्पेसिफिकेशन्स
Infinix Hot 8 को 20:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है जो 6.52 इंच की एचडी+ डिसप्ले सपोर्ट है। यह स्मार्टफोन एंडरॉयड 9 पाई पर पेश किया गया है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ 12एनएम तकनीक पर बने मीडियाटेक हेलीयो पी22 चिपसेट पर रन करता है। कंपनी की ओर से Infinix Hot 8 को 4जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है जो 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है।

फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Infinix Hot 8 ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही इनफिनिक्स हॉट 8 में 2-मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा और 2-मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए यह स्मार्टफोन 8-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
Infinix Hot 8 डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही सिक्योरिटी के लिए जहां यह फोन रियर फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक फीचर सपोर्ट करता है वहीं पावर बैकअप के लिए Infinix Hot 8 में 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है। कीमत की बात करें तो Infinix Hot 8 को 6,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है तथा इस फोन को 12 सितंबर से शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर खरीदा जा सकेगा। गौरतलब है कि Infinix Hot 8 को 31 अक्टूबर तक ही इस प्राइस पर खरीदा जा सकेगा।

















