
OPPO आधिकारिक तौर पर इस बात की घोषणा कर चुकी है कि कंपनी आने वाली 26 दिसंबर को अंर्तराष्ट्रीय मंच पर अपनी ‘रेनो सीरीज़’ का विस्तार करने वाली है और कंपनी के अगले स्मार्टफोन OPPO Reno 3 सीरीज़ के होंगे। ये स्मार्टफोंस क्वॉलकॉम के नए और मीडबजट में 5G सपोर्ट प्रदान करने वाले स्नैपड्रैगन 765G चिपसेट से लैस होंगे। बताया जा रहा है कि सीरीज़ के अगले स्मार्टफोन OPPO Reno 3 5G और Reno 3 Pro 5G नाम के साथ बाजार में एंट्री लेंगे। इन दोनों ही स्मार्टफोंस को लेकर कई लीक्स सामने आ चुके हैं। लेकिन अब फोन लॉन्च से पहले OPPO Reno 3 सीरीज़ की कीमत का भी खुलासा हो गया है।
लीक के अनुसार OPPO Reno 3 5G के 8 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 3199 युआन यानि तकरीबन 32,400 रुपये में लॉन्च किया जाएगा। वहीं फोन के 12 जीबी रैम + 128 जीबी मैमोरी वेरिएंट को कंपनी द्वारा 3599 युआन यानि करीब 36,400 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया जाएगा। वहीं लीक में बताया गया है कि OPPO Reno 3 Pro 5G भी दो वेरिएंट्स में लॉन्च होगा जिसमें 8 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 3699 युआन ( करीब 37,500 रुपये ) और 12 जीबी रैम + 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 4199 युआन ( लगभग 42,500 रुपये ) होगी।
— I_Leak_VN (@I_Leak_VN) December 15, 2019
Oppo Reno 3 5G
OPPO Reno 3 5G की इस स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी की बात करें तो यह स्मार्टफोन 6.5 इंच की ओएलईडी डिसप्ले सपोर्ट के साथ आएगा। वहीं, इसमें दी गई स्क्रीन 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगी। साथ ही फोन में 30वॉट फास्ट चार्जिंग वाली बैटरी दिए जाने की बात सामने आ चुकी है। लीक के अनुसार OPPO Reno 3 में 12 जीबी की अधिकतम रैम मैमोरी दी जाएगी तथा यह स्मार्टफोन क्वॉलकॉम के नए चिपसेट स्नैपड्रैगन 765G पर रन करेगा।

इसके अलावा फोटोग्राफी के लिए Oppo Reno 3 5G को क्वॉड रियर कैमरा सेटअप के साथ लॉन्च किया जा सकता है। लीक के मुताबिक फोन में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर देखने को मिलेगा। इसके साथ ही Reno3 5G में 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड-एंगल कैमरा, 13 मेगापिक्सल का टेलीफोटो कैमरा सेंसर और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा सेंसर भी दिया जा सकता है।
Oppo Reno 3 Pro 5G
अगर बात करें Oppo Reno 3 Pro 5जी में 6.5 इंच का फुल-एचडी+ (1080×2400 पिक्सल) एमोलेड डिसप्ले हो सकता है। इसके अलावा फोन के डिसप्ले में एस्पेक्ट रेशियो 20:9 हो सकता है। वहीं, टेना पर सामने आई तस्वीरों के अनुसार डिवाइस में होल-पंच डिज़ाइन और घुमावदार किनारे होंगे। टेना लिस्टिंग से भी यह भी पता लगा है कि अपकमिंग Oppo फोन में 2.4 गीगाहर्ट्ज़ ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है। फोन में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 765जी प्रोसेसर दिया जा सकता है। वहीं, डिवाइस में 4025एमएएच की बैटरी होगी।

फोटोग्राफी के लिए Oppo Reno 3 Pro 5G में भी रियर पर चार कैमरे हो सकते हैं, जिसमें 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर, 13 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर होगा। टेना लिस्टिंग में 8 मेगापिक्सल और 2 मेगापिक्सल के कैमरा सेंसर का भी जिक्र किया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा भी हो सकता है। डिवाइस में सिक्योरिटी के लिए इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर हो सकता है। वहीं, इस फोन में भी एंडरॉयड 10 ऑपरेटिंग सिस्टम देखने को मिल सकता है।
ध्यान रहें कि जब तक कंपनी की ओर Oppo Reno 3 सीरीज़ से ऑफिशियली पर्दा नहीं उठाया जाता है, तब तक सामने आए फोन वेरिएंट्स और उनकी कीमत को पुख्ता नहीं कहा जा सकता है।

















