
आज के समय में स्मार्टफोन कंपनियां अपने फोन में एक से बढ़कर एक कैमरा फीचर देने की कोशिश में लगी हुई हैं। नए फीचर्स के साथ अपने फोन्स को पेश करने की कोशिश में कंपनियां बेहतर करने की तलाश की होड़ में हैं। इसी बीच रिपोर्ट्स मिली हैं कि कंपनी Huawei एक बार फिर रोटेटिंग कैमरा लाने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, इस तरह का कैमरा सेटअप हमने इस साल Asus 6Z स्मार्टफोन में देखा था।
टेक्नॉलजी वेबसाइट LetsGoDigital को Huawei के ट्रेडमार्क पेटेंट की एक कॉपी मिली है, जो कंपनी ने WIPO ग्लोबल डिजाइन डेटाबेस में फाइल की है। इससे पता चला है कि फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप होगा, जो रोटेट होकर फ्रंट में आ जाएगा।

उम्मीद की जा रही है कि Huawei के अपकमिंग स्मार्टफोन में फ्रंट कैमरा अलग से नहीं दिया जाएगा। मतलब रियर कैमरा एक मकैनिकल मोटर के जरिए बाहर आएगा जो कि रोटेट होकर फ्रंट कैमरे का भी काम करेगा। कंपनी कैमरा सेटअप को कई बार टेस्ट करती हैं ताकि अगर आपका फोन अचानक से गिर जाता है तो कैमरा खुद-ब-खुद बंद हो जाएगा।
सामने आई जानकारी के अनुसार इस स्मार्टफोन में फुल-स्क्रीन डिसप्ले दी जा सकती है, जिसमें किसी तरह की पंच-होल या नॉच नहीं होगी। इस रोटेटिंग कैमरा सेटअप में एलईडी फ्लैश भी दी जाएगा।
कैमरा सेटअप में प्राइमरी लेंस के अलावा एक अल्ट्रा वाइड ऐंगल लेंस और एक तीसरा डेप्थ सेंसर भी हो सकता है। कंपनी ने इस डिजाइन पेटेंट को जनवरी को फाइल किया था और दिसंबर में इसे मंजूरी मिल गई है। माना जा रहा है कि कंपनी अगले साल इस फोन को पेश कर सकती है।



















