
आज इंडिया में सैमसंग का सबसे नया स्मार्टफोन Samsung Galaxy A51 पहली बार सेल के लिए उपलब्ध हुआ है। इस फोन को कंपनी की ओर से 23,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया था जो पंच-होल डिसप्ले के साथ L-शेप वाला क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है। गैलेक्सी ए51 की सेल शुरू होने के साथ ही आज सैमसंग गैलेक्सी ए सीरीज़ के एक और नए स्मार्टफोन की जानकारी सामने आ रही है। कंपनी का नया डिवाईस Samsung Galaxy A41 बेंचमार्किंग साइट पर लिस्ट हो गया है जहां फोन की कई अहम स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा हुआ है।
Samsung Galaxy A41 को चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर लिस्ट किया गया है। गैलेक्सी ए41 की यह लिस्टिंग आज यानि 31 जनवरी की ही है जिसे एमएसपी वेबसाइट ने सबसे पहले स्पॉट किया। यहां फोन को Samsung SM-A415F मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। बेंचमार्क डिटेल्स की बात करें तो गीकबेंच पर सैमसंग के इस आगामी स्मार्टफोन को 4 जीबी रैम मैमोरी से लैस बताया गया है। वेबसाइट पर यह फोन एंडरॉयड 10 के साथ नज़र आया है जो 1.70गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर से लैस है।

सैमसंग गैलेक्सी ए41 की गीकबेंच लिस्टिंग में मदरबोर्ड का कोडनेम k68v1_64_titan लिखा गया है जो ईशारा करता है कि Samsung का यह आगामी स्मार्टफोन मीडियाटेक के हेलियो पी65 चिपसेट के साथ बाजार में कदम रख सकता है। वहीं बेंचमार्क स्कोर की बात करें तो Samsung Galaxy A41 को सिंगल-कोर में जहां 1684 स्कोर दिया गया है वहीं मल्टी-कोर में इस डिवाईस को 5043 स्कोर प्राप्त हुआ है।
यह भी पढ़ें : Samsung Galaxy A51 को खास बनाते हैं ये 5 फीचर्स, जानें इनके बारे में
गौरतलब है कि पिछले दिनों Samsung Galaxy A41 और Galaxy A31 से जुड़ा लीक सामने आया था जिसमें दोनों फोन की कैमरा डिटेल्स शेयर की गई थी। गैलेक्सी ए41 की बात पहले करें तो गैलेक्सीक्लब के मुताबिक गैलेक्सी ए41 स्मार्टफोन 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। गौरतलब है कि गैलेक्सी ए40 में 16 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा देखने को मिला था। वहीं Galaxy A41 के रियर कैमरा सेटअप में 2 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस भी शामिल रहेगा। रिपोर्ट के अनुसार सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए सैमसंग गैलेक्सी ए41 में 25 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जाएगा।

Samsung Galaxy A41 में 3500एमएएच की बैटरी देने की बात रिपोर्ट में सामने आई थी। वहीं दूसरी ओर Samsung Galaxy A31 को लेकर गैलेक्सीक्लब ने बताया था कि सैमसंग गैलेक्सी ए31 में भी 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर दिया जाएगा जिसके साथ यह फोन 5 मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस सपोर्ट करेगा। वहीं पावर बैकअप के लिए इस डिवाईस में 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी देखने को मिलेगी।
Samsung Galaxy A51
सैमसंग गैलेक्सी ए51 की बात करें तो इस फोन ने दो वेरिएंट में इंडिया में दस्तक दी है। फोन का बेस वेरिएंट जहां 6 जीबी रैम मैमोरी के साथ 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है वहीं दूसरे वेरिएंट में 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी की स्टोरेज मौजूद है। कीमत की बात करें तो फोन का 6 जीबी + 128 जीबी वेरिएंट 23,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च हुआ है तथा Samsung Galaxy A51 के 8 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की कीमत से पर्दा आने वाले दिनों में उठेगा।





















