
Samsung Galaxy M31 को लेकर कल ही खबर सामने आई थी कि यह स्मार्टफोन 64 मेगापिक्सल कैमरा सेंसर के साथ जल्द भी मार्केट में लॉन्च हो सकता है। इस स्मार्टफोन की टीज़र ईमेज इंटरनेट पर लीक हो चुकी है। गैलेक्सी एम31 के साथ ही आज Samsung Galaxy M21 स्मार्टफोन की भी नई डिटेल सामने आई है। सैमसंग गैलेक्सी एम सीरीज़ का यह स्मार्टफोन ब्लूटूथ सर्टिफिकेशन साइट पर लिस्ट हुआ है। वहीं दूसरी ओर सैमसंग की इसी सीरीज़ का Galaxy M11 स्मार्टफोन भी थाईलैंड की एनबीटीसी वेबसाइट पर SM-M115F/DS मॉडल नंबर के साथ लिस्ट हो गया है। ये दोनों लिस्टिंग ईशारा करती हैं कि ये डिवाईस बेहद जल्द बाजार में एंट्री ले सकते हैं।
Samsung Galaxy M21 को ब्लूटूथ सर्टिफिकेशन साइट पर SM-M215F_DS मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। यह लिस्टिंग आज यानि 5 फरवरी की ही है। इस सर्टिफिकेशन में फोन की स्पेसिफिकेशन्स तो सामने नहीं आई है लेकिन लिस्टिंग के बाद इतना जरूर साफ हो गया है कि सैमसंग कंपनी बेहद जल्द अपने इस स्मार्टफोन से पर्दा उठाते हुए इसे बाजार में उतार सकती है। यहां ‘DS’ का मतलब डुअल सिम माना जा रहा है। गौरतलब है कि यह डिवाईस पिछले महीने ही चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर भी लिस्ट हुआ था जहां फोन का मॉडल नंबर SM-M215F बताया गया था।
Samsung Galaxy M21
सैमसंग गैलेक्सी एम21 की गीकबेंच लिस्टिंग की बात करें तो वहां इस फोन को एंडरॉयड 10 ओएस पर बना दिखाया गया था। वेबसाइट पर साथ ही फोन में 1.74गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टाकोर प्रोसेसर दिए जाने के साथ ही एक्सनॉस 9611 चिपसेट की पुष्टि भी हुई थी। गीकबेंच पर सैमसंग गैलेक्सी एम21 में 4 जीबी रैम दिए जाने की बात सामने आई थी। वहीं उम्मीद है कि इंडिया में यह फोन एक से ज्यादा रैम वेरिएंट में लॉन्च हो सकता है। चर्चा है कि Samsung Galaxy M21 में 24 मेगापिक्सल + 5 मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा देखने को मिल सकता है।
Samsung Galaxy A01
सैमसंग गैलेक्सी ए01 को कल वियतनाम में लॉन्च किया गया है जहां फोन की कीमत VDN 2,790,000 यानि तकरीबन 8,500 रुपये है। इस फोन को 720 x 1520 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 5.7-इंच की आईपीएस एचडी+ वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। यह फोन एंडरॉयड 10 आधारित वनयूआई 2.0 पर पेश हुआ है जो आक्टाकोर प्रोसेसर पर के साथ क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 439 चिपसेट पर रन करता है। कंपनी की ओर से इस फोन को 2 जीबी रैम मैमोरी पर उतारा गया है जो 16 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है।

फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Samsung Galaxy A01 डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ एफ/2.2 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ 2 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर मौजूद है। वहीं सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए यह स्मार्टफोन 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। इसी तरह फोन में पावर बैकअप के लिए 3000 एमएएच की बैटरी दी गई है।





















