
OPPO ने इस महीने की शुरूआत में भारतीय बाजार में अपनी ‘एफ सीरीज़’ की नेक्स्ट जेनरेशन पेश करते हुए दो नए स्मार्टफोन लॉन्च किए थे। ये फोन OPPO F17 और OPPO F17 Pro नाम के साथ मार्केट में आए हैं। ओपो एफ17 प्रो को जहां कंपनी ने साल 2020 का सबसे स्लीम फोन कहा है वहीं ओपो एफ17 को भी शानदार लुक और स्पेसिफिकेशन्स के साथ लॉन्च किया है। OPPO F17 Pro गत 7 सितंबर से 22,900 रुपये की कीमत पर सेल के लिए उपलब्ध हो चुका है। वहीं आज OPPO F17 आज से देश में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध हो गया है जिसकी सेल आने वाली 21 सितंबर से शुरू होगी।
OPPO F17 लॉन्च करते वक्त कंपनी ने फोन के सभी फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स तो ऑफिशियल कर दिए थे लेकिन एफ17 की कीमत को पर्दे में रखा था। लेकिन आज ओपो ने फोन के वेरिएंट्स और कीमत की घोषणा कर दी है। OPPO F17 दो वेरिएंट्स में सेल के लिए उपलब्ध होगा जिनमें से 6 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 17,990 रुपये तथा 8 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 19,990 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकेगा। फोन के प्री-ऑर्डर आज से शुरू हो गए हैं और 21 सितंबर से यह फोन देश के ऑनलाईन बाजार के साथ ही ऑफलाईन रिटेल स्टोर्स पर भी बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।

OPPO F17
ओपो एफ17 के फीचर्स व स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह फोन 2.5डी कर्व्ड डिजाईन पर लॉन्च किया गया है। कंपनी की ओर से 6.44 इंच की फुलएचडी वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। फोन की स्क्रीन इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस है। ओपो एफ17 के दोनों वेरिएंट्स Navy Blue, Classic Silver और Dynamic Orange कलर में खरीदें जा सकेंगे।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो OPPO F17 क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ 16 मेगापिक्सल का प्राइमरी अल्ट्रा वाइड सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन 8 मेगापिक्सल का वाइड एंगल लेस, 2 मेगापिक्सल का मोनो लेंस और 2 मेगापिक्सल का रेट्रो लेंस सपोर्ट करता है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस फोन में 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

OPPO F17 को एंडरॉयड 10 पर पेश किया गया है जो कलरओएस 7.2 के साथ काम करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए ओपो एफ17 में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 662 चिपसेट दिया गया है। ग्राफिक्स के लिए यह फोन एड्रेनो 610 जीपीयू सपोर्ट करता है। ओपो एफ17 एक डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। पावर बैकअप के लिए ओपो एफ17 को 4015एमएएच बैटरी पर लॉन्च किया गया है जो 30वॉट VOOC फ्लैश चार्ज 4.0 टेक्नोलॉजी सपोर्ट करता है।



















