
Motorola ने पिछले हफ्ते ही ब्राजील में अपनी ‘जी9 सीरीज़’ को बढ़ाते हुए नया स्मार्टफोन Moto G9 Plus लॉन्च किया था। यह फोन 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी के साथ 64 मेगापिक्सल का क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है जो पंच-होल डिसप्ले के साथ लॉन्च हुआ है। मोटो जी9 प्लस के कुछ ही दिनों बाद अब मोटोरोला ने अपनी ‘ई सीरीज़’ के तहत भी नया स्मार्टफोन जोड़ते हुए Moto E7 Plus लॉन्च कर दिया है। कंपनी की ओर से यह फोन भी फिलहाल ब्राजील में लॉन्च किया गया है जो आने वाले दिनों में अन्य बाजारों में एंट्री लेगा।
Moto E7 Plus
मोटोरोला के इस नए स्मार्टफोन मोटो ई7 प्लस की बात करें तो इसे वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले डिजाईन पर लॉन्च किया गया है। फ्रंट पैनल पर स्क्रीन के तीन किनारें जहां बॉडी पार्ट से मिले हुए हैं वहीं नीचे की ओर हल्का सा चिन पार्ट मौजूद है। कंपनी की ओर से इस फोन को 1600 x 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.5 इंच की एचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है।

Moto E7 Plus ने एंडरॉयड 10 ओएस के साथ मार्केट में एंट्री ली है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 460 चिपसेट पर रन करता है। इसी तरह ग्राफिक्स के लिए यह फोन एड्रेनो 610 सपोर्ट करता है। ब्राजील में इस फोन को 4 जीबी रैम मैमोरी के साथ लॉन्च किया गया है जो 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। फोन मैमोरी को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Moto E7 Plus डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है जो बैक पैनल के बीच में बनी चौकोर शेप में स्थित है। इस सेटअप में फ्लैश लाईट के साथ एफ/1.7 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और एफ/2.4 अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर दिया गया है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।

Motorola Moto E7 Plus एक डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। 3.5एमएम जैक और अन्य बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं यह फोन फेस अनलॉक फीचर भी सपोर्ट करता है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए मोटो ई7 प्लस में 10वॉट चार्जिंग सपोर्ट वाली 5,000एमएएच की बैटरी दी गई है।
यह भी पढ़ें : 5,000एमएएच बैटरी और 8 जीबी रैम के साथ OPPO A32 हुआ लॉन्च
मोटोरोला ने ब्राजील में Moto E7 Plus को BRL 1,349 में लॉन्च किया है जो भारतीय करंसी अनुसार 18,500 रुपये के करीब है। इस स्मार्टफोन ने Amber Bronze और Navy Blue कलर में एंट्री ली है। बहरहाल Motorola अपने इस फोन को इंडियन मार्केट में कब लॉन्च करेगी, इस बारे में अभी कुछ भी पुख्ता नहीं कहा जा सकता है।





















