
Realme ने अगस्त महीने में भारतीय बाजार में अपने दो नए और सस्ते स्माटफोन Realme C12 और Realme C15 लॉन्च किए थे। ये दोनों ही स्मार्टफोन 6,000एमएएच की बड़ी बैटरी सपोर्ट करते हैं और कम कीमत पर सेल के लिए उपलब्ध हैं। इनमें से एक रियलमी सी15 को लेकर अब खबर आ रही है कि कंपनी इस फोन का एक और नया मॉडल लॉन्च करने की योजना बना रही है और यह फोन Realme C15 Qualcomm Edition नाम के साथ भारतीय बाजार में उतारा जाएगा।
Realme C15 Qualcomm Edition की जानकारी टिप्सटर मुकुलशर्मा द्वारा दी गई है। सबसे पहले तो आपको बता दें कि रियलमी सी15 स्मार्टफोन कंपनी द्वारा मीडियाटेक के हीलियो जी35 चिपसेट पर लॉन्च किया गया था। वहीं नए मॉडल के नाम से ही पता चल रहा है कि रियलमी सी15 का नया मॉडल क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन चिपसेट पर लॉन्च किया जाएगा। लीक के अनुसार नया Realme C15 मार्केट में दो वेरिएंट्स में सेल के लिए उपलब्ध होगा, जिनमें 3 जीबी रैम + 32 जीबी स्टोरेज और 4 जीबी रैम + 64 जीबी स्टोरेज शामिल होगी। वहीं यह फोन Power Blue और Power Silver कलर में खरीदा जा सकेगा।
Realme C15
रियलमी सी15 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो इस फोन को कंपनी की ओर से 20:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है जो 6.5 इंच की एचडी+ एलसीडी डिसप्ले सपोर्ट करता है। यह फोन एंडरॉयड 10 पर पेश हुआ है जो रियलमी वन यूआई पर काम करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में ऑक्टा-कोर मीडियाटेक हीलियो जी35 चिपसेट दिया गया है।

फोटोग्राफी के लिए Realme C15 स्मार्टफोन क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड सेंसर, 2 मेगापिक्सल का मेक्रो सेंसर और एक ब्लैक एंड वाइट सेंसर सपोर्ट करता है। इसके साथ ही सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए रियलमी सी15 में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
Realme C15 एक डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। वाई-फाई, ब्लूटूथ, जीपीएस और 3.5एमएम जैक व बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के बैक पैनल पर रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं यह डिवाईस फेस अनलॉक फीचर भी सपोर्ट करता है। पावर बैकअप के लिए यह फोन 18वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस 6,000एमएएच की बड़ी बैटरी सपोर्ट करता है जो रिवर्स चार्जिंग फीचर से लैस है।

कीमत की बात करें तो रियलमी सी15 का 3 जीबी रैम + 32 जीबी स्टोरेज वेरिएंट 9,999 रुपये की कीमत पर सेल के लिए उपलब्ध है तथा फोन के 4 जीबी रैम + 64 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 10,999 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकता है। कंपनी की ओर से अभी Realme C15 Qualcomm Edition की कोई जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन प्राइस का अनुमान लगाए तो इस आने वाले मॉडल की भी शुरूआती कीमत 10 हजार रुपये से कम होने की उम्मीद है।





















