
भारत में 5जी नेटवर्क का ट्रायल शुरू हो चुका है। हाल ही में रिलायंस जियो और भारती एयरटेल ने क्रमश: मुंबई और गुड़गांव में अपने 5जी नेटवर्क की टेस्टिंग की थी। इसके अलावा उम्मीद है कि वोडाफोन-आइडिया और राज्य के स्वामित्व वाली एमटीएनएल जैसी अन्य कंपनियों भी जल्द अगली पीढ़ी के नेटवर्क का परीक्षण शुरू करने वाली हैं। हालांकि, अभी स्पेक्ट्रम नीलामी को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन, कुछ रिपोर्ट्स की माने तो दूरसंचार विभाग (DoT) इंडिया में 5G स्पेक्ट्रम की नीलामी को अगले साल कर सकता है। इस बीच एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि इंडिया में कब और कौन 5G नेटवर्क की शुरुआत करेगा। आइए जानते हैं इस नई रिपोर्ट में क्या कुछ सामने आया है।
इंडिया में कब शुरू होगा 5G
भारतीयों को अगले साल 5जी नेटवर्क कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी भारत के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर 5जी नेटवर्क लॉन्च कर सकते हैं। न्यूज वेबसाइट The Hindu Businessline की रिपोर्ट में एक सरकारी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि 5जी नेटवर्क अगले साल अगस्त के आसपास शुरू होगा और पीएम मोदी इसे 15 अगस्त को लॉन्च कर सकते हैं। इसे भी पढ़ें: भारत में मौजूद सबसे सस्ते 5G फोन, कीमत 15,000 रुपए से कम

टेलीकॉम कंपनियों को 700 मेगाहर्ट्ज, 3.5 गीगाहर्ट्ज़ और 26 गीगाहर्ट्ज़ बैंड में 5जी ट्रायल स्पेक्ट्रम आवंटित किया गया है। Airtel और Jio दोनों ने पहले कहा है कि उनके नेटवर्क 5G तैयार हैं और DoT से पर्याप्त स्पेक्ट्रम की प्रतीक्षा कर रहे हैं। BusinessLine की रिपोर्ट में कहा गया है कि DoT इस साल के अंत में 5G नीलामी आयोजित कर सकता है।
जियो करेगा सबसे पहले 5G शुरू
रिलायंस की 44वीं सालाना आम बैठक (Reliance 44th Annual General Meeting) के दौरान चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा था कि देश में 5जी की शुरुआत रिलायंस जियो (Reliance Jio) ही करेगी। रिलायंस जियो ने अत्याधुनिक स्टैंडअलोन 5G तकनीक को विकसित करने में जबरदस्त बढ़त हासिल की है, जो वायरलेस ब्रॉडबैंड के लिए बड़ी छलांग है।
इसके अलावा अंबानी ने बताया कि मुंबई में जियो द्वारा किए गए 5जी ट्रायल के दौरान जियो ने सफलतापूर्वक 1 GBPS से अधिक की स्पीड पाई थी। जियो के ‘मेड इन इंडिया’ सॉल्युशन को मुकेश अंबानी ने विश्व स्तर का बताया। इसे भी पढ़ें: उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी Jio, इन 5 बातों ने किया है जियो यूजर्स को निराश

Airtel का 5G भी होगा देशी
एयरटेल और टाटा ग्रुप ने हाल ही में घोषणा करते हुए बताया कि दोनों कंपनियां साथ मिलकर भारत के लिए 5G नेटवर्क सॉल्यूशन देश में ही विकसित करेंगी, जिसका मतलब है कि भारत में एयरटेल मेड इन इंडिया 5जी टेक्नोलॉजी का सहारा ले रही है। Airtel अपने 5G नेटवर्क को पूरी तरह से देशी रखना चाहती है। टाटा ग्रुप (Tata Group) ने ओ-आरएएन (O-RAN) तकनीक पर आधारित रेडियो और NSA/SA कोर विकसित किया है। यह तकनीक जनवरी 2022 से कमर्शियल इस्तेमाल के लिए उपलब्ध हो जाएगी।





















