
Huawei को अमेरिका में बैन किया गया था तो सभी को लगा था कि अब इस टेक कंपनी का अंत करीब आ गया है और स्मार्टफोन मार्केट में हुआवई पिछड़ती चला जाएगी। हॉं, यूएस में फोन लॉन्च करने और उन्हें न बेचने की वजह से हुआवई को मुश्किलों को सामना तो जरूर करना पड़ा लेकिन इन दो सालों के संघर्ष के बाद अब लगता है यह मोबाइल कंपनी फिर से अपनी पकड़ मजबूत करती जा रही है। लगातार स्मार्टफोन मार्केट में सक्रियता दर्ज कराते इस ब्रांड ने अब ग्लोबल मार्केट में एक और नया और कम कीमत वाला स्मार्टफोन Huawei Nova Y60 लॉन्च कर दिया है।
Huawei Nova Y60 की स्पेसिफिकेशन्स
सीधे हुआवई के नए मोबाइल फोन की डिटेल्स पर चलें तो नोवा वाई60 को 1600 x 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.6 इंच की एचडी+ वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। यह डिसप्ले टीएफटी एलसीडी आईपीएस पैनल पर बनी है जो 16.7मिलियन कलर सपोर्ट करती है। स्क्रीन के तीन किनारे बेजल लेस हैं वहीं नीचे की ओर हल्का सा चिन पार्ट दिया गया है। स्क्रीन के उपरी ओर ‘यू’ वाली छोटी नॉच मौजूद है। इस फोन का डायमेंशन 165.26 x 76.02 x 9.2एमएम और वज़न 185ग्राम है।

Huawei Nova Y60 को कंपनी की ओर से एंडरॉयड 10 पर पेश किया गया है जो ईएमयूआई 11.0.1 के साथ मिलकर काम करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में आक्टाकोर (4 x Cortex-A53 2.3 GHz + 4 x Cortex-A53 1.8 GHz) प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक का हीलियो पी35 चिपसेट दिया गया है। ग्लोबल मार्केट में यह फोन 4 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च हुआ है जो 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। फोन मैमोरी को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 512जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी की बात करें तो Huawei Nova Y60 स्मार्टफोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश लाईट के साथ एफ/1.8 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ 5 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह हुआवई फोन एफ/2.0 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।

Huawei Nova Y60 डुअल सिम फोन है जो 3.5एमएम जैक और Histen 6.1 आडियो टेक्नोलॉजी के साथ ही अन्य बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स सपोर्ट करता है। सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के साईड पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर इम्बेडेड पावर बटन दिया गया है वहीं पावर बैकअप के लिए यह मोबाइल फोन 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी सपोर्ट करता है।
Huawei Nova Y60 की कीमत
हुआवई नोवा वाई60 स्मार्टफोन को फिलहाल साउथ अफ्रीका में लॉन्च किया गया है जहां इस फोन का दाम ZAR 3,099 है। यह कीमत भारतीय करंसी अनुसार 15,000 रुपये के करीब है। दक्षिण अफ्रीका में हुआवई नोवा वाई60 स्मार्टफोन को Black और Crush Green कलर में लॉन्च किया गया है। इंडियन मार्केट में यह फोन एंट्री लेने में सफल होगा या नहीं यह अभी पुख्ता नहीं हो पाया है।





















