
आप जब कोई फोन लेते हैं तो उस वक्त आपकी सोच यही होती है कि अब इस फोन का उपयोग लंबे समय तक करना है। परंतु कुछ ही माह में आपकी सोच बदल जाती है और आपका मन फिर से नया फोन लेने का करने लगता है। हालांकि ऐसा नहीं है कि आपको अपने फोन से लगाव कम हो जाता है बल्कि फोन के परफॉर्मेंस में कमी आ जाती है और कई समस्याएं शुरू हो जाती है। इन कारणों से नए फोन की तलाश में लग जाते हैं। हालांकि फोन में समस्या आने और परफॉर्मेंस में कमी का कारण कई बार खुद आप ही होते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप शुरुआत से ही सचेत रहें जिससे कि फोन में लंबे समय तक नए जैसा रहे और आप उसका भरपूर उपयोग कर सकें।
हालांकि यदि आप चहते हैं कि अपने स्मार्टफोन का उपयोग लंबे समय तक करें तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना आवश्यक है। आगे हमने ऐसे ही कुछ उपाय सुझाए हैं।
1. मजबूत बैक कवर
फोन को सबसे ज्यादा नुकसान गिरने से होता है और रोजमर्रा के कार्यों में उलझकर हम अक्सर फोन को गिरा देते हैं। ऐसे में चाहते हैं कि आपका फोन लंबा साथ निभाए तो फोन के साथ ही एक मजबूत बैक कवर लगा दें।
अगर आप हैं एंडरॉयड फोन यूजर तो ये 20 फीचर्स हैं बड़े काम के
2. स्क्रीन प्रोटेक्शन
स्मार्टफोन में स्क्रीन पर स्क्रैच पड़ते ही टच का मजा खराब हो जाता है। ऐसे में फोन लेने के साथ ही आप स्क्रीन कवर जरूर करें। इससे स्क्रीन टूटने से भी बचता है और स्क्रैच से भी। हालांकि पहले लोग स्क्रीन गार्ड लगाते थे जिसमें टच का अहसास खराब हो जाता था लेकिन आज टेंपर्ड ग्लास का उपयोग किया जाता है जो स्क्रीन की सुरक्षा के साथ फोन टच के अहसास को बरकरार रखता है।
3. अनचाहे ऐप्स हटाएं
फोन में कई ऐप्स ऐसे होते हैं जिनका उपयोग आप कभी नहीं करते। ऐसे में जब आप नया फोन लें तो सबसे पहले उन ऐप्स को हटाएं जिनका उपयोग आप नहीं करते। यदि अनइंस्टॉल नहीं हो रहे हैं तो उन्हें डिसेबल कर दें।
7 नायाब तरीके जिससे अपने धीमे सैमसंग फोन को कर सकते हैं फास्ट
4. जरूरी ऐप्स को ही करें इंस्टॉल
फोन में कई बार गैर जरूरी ऐप्स को इंस्टॉल कर लेते हैं जो सिर्फ मैमोरी भरते हैं और फोन को धीमा ही करते हैं। ऐसे में ऐप्स इंस्टॉल करते वक्त एहतियात बरतें और जरूरी ऐप्स ही रखें।
5. जंक फाइल को करें क्लिन
फोन उपयोग के दौरान जंक फाइल इतना ज्यादा हो जाता है कि वह फोन के अनुभव को खराब करता है। ऐसे में आप कुछ महीने उपरांत कैशे मैमोरी जरूर क्लिन करें। इससे आपका फोन नए जैसा रहेगा और आप लंबे समय तक उपयोग कर सकेंगे।
6. बड़ी फाइल्स को रखें एक्सटर्नल स्टोरेज पर
फोन में वीडियो और फोटो सहित अन्य बड़ी फाइलों को इंटरनल स्टोरेज में रखने के बजाय किसी एक्सटर्नल स्टोरेज या क्लाउड पर रखें तो ज्यादा बेहतर है। फोन की मैमोरी खाली रहेगी और लंबे समय तक परफॉर्मेंस बेहतर रहेगा।
7. ज्यादा ओएस अपडेट न करें
वैसे तो एंडरॉयड फोन निर्माता ज्यादा आॅपरेटिंग सिस्टम का अपडेट नहीं देते लेकिन यदि आपके फोन पर दो बार से ज्यादा का अपडेट आता है तो भी उसे न करें। अर्थात ज्यादा से ज्यादा दो बार ही अपने फोन में ओएस अपडेट करें। क्योंकि नया ओएस नए हार्डवेयर पर डिजाइन किए होते हैं और आपके फोन का हार्डवेयर पुराना हो जाता है। ऐसे में ज्यादा अपडेट से आपका फोन ही धीमा हो जाएगा।
8. समय-समय पर पावर करें आॅफ
हालांकि इस बारे में अब तक कोई पुख्ता रिपोर्ट तो नहीं मिली है लेकिन जानकारों का मानना है कि यदि आप अपने स्मार्टफोन को समय—समय पर आॅफ करते हैं तो इससे फोन की लाइफ बढ़ जाती है। सप्ताह में कम से कम एक बार फोन को जरूर आॅफ करें।
जानें क्यों होता है आपके फोन में जल्दी डाटा खत्म
9. बैटरी भी है जरूरी
यदि आप चाहते हैं कि आपका फोन लंबे समय तक चले तो फोन की बैटरी पर भी जरूर ध्यान दें। बैटरी को पूरी तरह से डिस्चार्ज न होनें दें। क्योंंकि लीथियम आयन बैटरी डिस्चार्ज होने से परफॉर्मेंस पर फर्क पड़ता है और बैटरी की लाइफ भी जल्दी खत्म होती है। कोशिश करें कि फोन को हमेशा 40 से 80 फीसदी तक चार्ज रखें।
10. अधिकारिक ऐप स्टोर से करें ऐप्स इंस्टॉल
यदि आप अपने स्मार्टफोन को लंबे समय तक उपयोग करना चाहते हैं तो अपने फोन में ऐप्स अधिकारिक ऐप्स स्टोर से ही डाउनलोड करें। साइडलोटिंग और थर्ड पार्टी ऐप्स स्टोर से वायरस आने का खतरा होता है और फोन जल्दी खराब हो सकता है।





















