Airtel का सालभर चलने वाला सस्ता प्रीपेड प्लान, हर महीने 187 रुपये में अनलिमिटेड कॉलिंग, जानें प्लान की डिटेल

भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के पास अपने यूजर्स की जरूरत के हिसाब से हर तरह के प्रीपेड प्लान मौजूद हैं। इनमें कुछ प्लान रोजाना डाटा और अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा देते हैं, जबकि कुछ लंबी वैलिडिटी के लिए बनाए गए हैं। कंपनी का 2,249 रुपये वाला प्रीपेड प्लान भी ऐसा ही एक विकल्प है। इस प्रीपेड प्लान की खासियत 365 दिनों की वैलिडिटी और अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा है। हालांकि पहली नजर में किफायती दिखने वाले इस प्लान में एक बड़ा पेंच भी है। इसमें पूरे साल के लिए रोजाना डाटा या अनलिमिटेड 5G डाटा नहीं मिलता है। ऐसे में रिचार्ज कराने से पहले इसके सभी बेनिफिट्स और सीमाओं को समझना जरूरी है।
एयरटेल के 2,249 रुपये वाले प्रीपेड प्लान में 365 दिनों की सर्विस वैलिडिटी मिलती है। इसमें ग्राहकों को अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, कुल 30GB डाटा और 3,600 SMS मिलते हैं यानी यह प्लान पूरे साल कॉलिंग की सुविधा तो देता है, लेकिन डाटा का इस्तेमाल सीमित मात्रा में ही किया जा सकता है। इसमें रोजाना डाटा की सुविधा नहीं है और न ही अनलिमिटेड 5G डाटा का लाभ मिलता है। डाटा लिमिट खत्म होने के बाद आपके 50पैसे प्रति एमबी चार्ज किया जाएगा।
हालांकि इस प्लान में आपको अतिरिक्त बेनिफिट्स भी मिलते हैं। ग्राहकों को 12 महीने के लिए Adobe Express Premium का सब्सक्रिप्शन मिलता है, जिसकी कीमत 4,000 रुपये बताई गई है। इसके अलावा, Airtel Safe Network की सुविधा और Airtel Xstream Play के जरिए कंटेंट देखने का फायदा भी शामिल है। साथ ही, हैलो ट्यून का लाभ भी उठा सकते हैं।
Airtel के 2,249 रुपये वाले प्लान में क्या पेंच है, तो आपको बता दें कि अगर आप यह सोचकर 2,249 रुपये का रिचार्ज कराते हैं कि आपको पूरे साल अनलिमिटेड कॉलिंग के साथ रोजाना इंटरनेट डाटा भी मिलेगा, तो ऐसा नहीं है। इस प्लान में कुल 30GB डाटा दिया जाता है, जिसे पूरे साल अपनी जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करना होगा। डाटा खत्म होने के बाद इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए अलग से डाटा पैक खरीदना पड़ सकता है।
इसके अलावा, इस प्लान में अनलिमिटेड 5G डाटा भी शामिल नहीं है। ऐसे में जिन ग्राहकों को रोजाना वीडियो स्ट्रीमिंग, ऑनलाइन गेमिंग या ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने की जरूरत होती है, उनके लिए यह प्लान सही विकल्प नहीं होगा। इसकी सबसे बड़ी उपयोगिता उन लोगों के लिए है, जिन्हें लंबी वैलिडिटी के साथ मुख्य रूप से कॉलिंग की जरूरत होती है।
वहीं अगर आपको पूरे साल के लिए कॉलिंग की सुविधा चाहिए और इंटरनेट डाटा की जरूरत नहीं है, तो एयरटेल का 1,849 रुपये वाला प्रीपेड प्लान भी देख सकते हैं। इसमें 365 दिनों की सर्विस वैलिडिटी, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और कुल 3,600 SMS मिलते हैं। हालांकि इस प्लान के साथ कंपनी इंटरनेट यानी डाटा की सुविधा नहीं देती है। मगर आपको इस प्लान के साथ Adobe Express Premium, Airtel Safe और फ्री HelloTunes जैसे अतिरिक्त बेनिफिट्स मिलते हैं। ऐसे में 2,249 रुपये वाले प्लान की तुलना में यह 400 रुपये सस्ता विकल्प है। लेकिन अगर आपको कभी-कभार इंटरनेट इस्तेमाल करना होता है, तो 2,249 रुपये वाला प्लान कुल 30GB डाटा के कारण ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता है।
कौन-सा Airtel प्लान बेहतर है? एयरटेल के 2,249 रुपये और 1,849 रुपये वाले दोनों प्लान उन ग्राहकों के लिए हैं, जिन्हें पूरे साल की वैलिडिटी चाहिए। दोनों में अनलिमिटेड कॉलिंग और 3,600 SMS मिलते हैं। मुख्य अंतर यह है कि 2,249 रुपये वाले प्लान में 30GB डाटा शामिल है, जबकि 1,849 रुपये वाले प्लान में डाटा नहीं मिलता है। अगर आप इंटरनेट का इस्तेमाल बहुत कम करते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर कुछ डाटा चाहते हैं, तो 2,249 रुपये वाला प्लान चुन सकते हैं। वहीं, अगर आपके पास पहले से इंटरनेट का कोई दूसरा साधन है और मोबाइल पर सिर्फ कॉलिंग की जरूरत है, तो 1,849 रुपये वाला प्लान किफायती रहेगा।