
गत सप्ताहांत भारत का बजट पेश हुआ है। इस बजट में सरकार की ओर से कस्टम ड्यूटी की दरें बढ़ा दी गई है। बाहर से आयात होने वाले जिन स्मार्टफोन्स व गैजेट्स पर पहले 15 प्रतिशत का कर चुकाया जाता था उन पर अब 20 प्रतिशत का कर चुकाना होगा। कस्टम ड्यूटी के बढ़ जाने से यह तय माना जा रहा था कि अब कई स्मार्टफोन्स की कीमतें बढ़ेगी। और आशा के अनुरूप ही एप्पल ने सबसे पहले अपने प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ाने की घोषणा कर दी है। आज से ही एप्पल के आईफोन व अन्य प्रोडक्ट्स महंगे दामों पर मिलेंगे।
आईफोन 10
एप्पल का सबसे मंहगा फोन आईफोन 10 भारत में 92,430 रुपये की शुरूआती कीमत पर सेल के लिए उपलब्ध था। ड्यूटी बढ़ने के बाद फोन का यह 64जीबी वेरिएंट अब 95,390 रुपये में मिलेगा। इसी तरह फोन का 256जीबी वेरिएंट 1,05,720 रुपये से बढ़कर 1,08,930 रुपये में मिलेगा।
आईफोन 8 और आईफोन 8 प्लस
आईफोन 8 के 64जीबी वेरिएंट की कीमत पहले 66,120 रुपये थी जो अब बढ़कर 67,940 रुपये हो गई है। फोन का 256 जीबी वेरिएंट जो पहले 79,420 रुपये का था उसे खरीदने के लिए अब 81,500 रुपये देने होंगे।
आईफोन 8 प्लस के 64जीबी वेरिएंट का मूल्य 75,450 रुपये से बढ़कर 77,560 रुपये हो गया है तथा फोन के 256 जीबी वेरिएंट की कीमत 88,750 रुपये से बढ़कर 91,110 रुपये हो गई है।
आईफोन 7 और 7 प्लस
आईफोन 7 (32जीबी) 50,810 रुपये में सेल के लिए उपलब्ध था, जिसकी कीमत अब बढ़कर 52,370 रुपये हो गई है। इसी तरह फोन का 128जीबी वेरिएंट 59,910 रुपये की जगह 61,560 रुपये का हो गया है।
आईफोन 7 प्लस का मूल्य 61,060 रुपये से बढ़कर 62,560 रुपये हो गया है तथा इस फोन का 128जीबी वेरिएंट अब 72,060 रुपये में बिकेगा।
आईफोन 6, आईफोन 6एस और आईफोन 6एस प्लस
आईफोन 6 की कीमत 30,780 रुपये से बढ़कर 31,900 रुपये हो गई है। इसी तरह आईफोन 6एस का 32जीबी वेरिएंट 42,900 रुपये तथा 128जीबी वेरिएंट 52,100 रुपये में सेल के लिए उपलब्ध होगा।
वहीं आईफोन 6एस प्लस के 32जीबी वेरिएंट की कीमत अब 52,240 रुपये होगी।
एप्पल वॉच सीरीज़ 3
आईफोन के साथ ही एप्पल ने अपनी आई वॉच की कीमत भी बढ़ा दी है। एप्पल वॉच का 38एमएम मॉडल 29,900 रुपये से बढ़कर 32,380 रुपये का हो गया है तथा 42एमएम मॉडल के लिए 31,900 रुपये की जगह 34,410 रुपये चुकाने होंगे।
गौरतलब है कि आईफोन की उपरोक्त कीमतें एप्पल इंडिया की वेबसाइट के अनुरूप बताई गई है। किसी भी शॉपिंग साइट या रिटेल स्टोर्स पर इन कीमतों में बदलाव देखा जा सकता है। वहीं आईफोन एसई की कीमत अभी तक समान ही रखी गई है।























