ColorOS 17 रिव्यू : फास्ट और स्मार्ट एक्सपीरियंस

कुछ माह पहले ही Oneplus ने घोषणा की थी कि कंपनी के फोन अब ऑक्सीजन ओएस के बजाय नए ColoeOS के साथ लॉन्च होंगे। इसी के साथ उन्होंने यह भी बताया था कि पुराने फोन को भी अब कलर ओएस पर अपडेट किया जाएगा। इसके तहत कंपनी ने सबसे पहले अपने फ्लैगशिप फोन वनप्लस 15 को कलर ओएस 17 पर अपडेट किया है और मुझे भी कुछ चंद लोगों के साथ इस ओएस को एक्सपीरियंस करने का मौका मिला और हमारा जो भी अनुभव रहा, वह आपके सामने शेयर कर रहा हूं।
नया लुक और स्मूद एनिमेशन
नए ColorOS 17 की जो सबसे अच्छी बात है कि लुक बिल्कुल नया हो गया है और कंपनी ने इसे काफी इजी टू यूज यानी कि उपयोग में आसान बनाया है। एक तरह से कहें तो इसमें कई चीजें आपको ऑक्सीजन ओएस वाली देखने को मिलती हैं।
सबसे पहले ColorOS 17 के Living Flow Design डिजाइन की बात करते हैं। इसमें कंपनी ने Luminous Effect, Fluid Motion और Flexible Feedback की बात की है। जहां इंटरफेस पहले से कहीं ज्यादा नेचुरल हो गए हैं और आइकन हो या फिर ऐप, उसमें अलग तरह के लाइट इफेक्ट मिलते हैं। जैसे कि आप नोटिफिकेशन पैनल या फिर क्विक मेन्यू में जाते हैं तो आइकन में लेयर आधारित लाइट इफेक्ट्स हैं, जो काफी अच्छा अनुभव कराते हैं।
वहीं, एनिमेशन भी आपको पहले से कहीं बेहतर लगेंगे। सबसे खास बात कि आप जितना स्वाइप करेंगे, वे उतने ही स्वाइप होते हैं। उपयोग के दौरान हमने कहीं भी जर्क नहीं देखा। वहीं, कंपनी ने इसमें Living Clock फीचर दिया है, जहां आप लॉक स्क्रीन, होम स्क्रीन सहित दूसरी जगहों पर घड़ी का आकार और उसका स्थान बदल सकते हैं। इसकी वजह से ऑलवेज-ऑन डिस्प्ले, लॉक स्क्रीन और होम स्क्रीन पर घड़ी का प्लेसमेंट बेहतर हो जाता है।
स्मूथ भी, फास्ट भी
ColorOS 17 के लिए कंपनी का कहना है कि इसे Luminous Rendering Engine और Laminar Flow Engine से लैस किया गया है, जो पुराने ओएस के मुकाबले फास्ट और स्मार्ट है। आपके फोन के उपयोग के अनुसार जरूरत पड़ने पर रेंडरिंग लोड को कम करता है और वहीं दूसरी ओर ऐप लॉन्च की स्थिति में फास्ट रेंडर कर ऐप लोडिंग को 50 प्रतिशत तक तेज करता है।
हालांकि, यह कितने प्रतिशत तेज काम कर रहा था, यह कहना थोड़ा मुश्किल था, लेकिन डेली यूज में ऐप लोडिंग फास्ट तो हो गई थी।
यहां भी है AI पर जोर
हालांकि, वनप्लस के माइंड स्पेस फीचर को हम पहले भी देख चुके हैं, जो डेली यूज में काफी उपयोगी साबित होता है। परंतु ColorOS 17 में AI Mind Pilot के Agent Mode के माध्यम से कंपनी ने इसे और बेहतर बना दिया है।
यह डिवाइस अब गूगल के Gemini सहित ओपनएआई ChatGPT और Perplexity जैसे AI क्लाइंट के साथ बेहतर तरीके से काम करने में सक्षम है।
फोटो के साथ आपको AI Mind Pilot मिलेगा, जिसकी मदद से आप अपनी फोन की फोटो गैलरी को व्यवस्थित कर सकते हैं और इसमें ही एआई आधारित फीचर है, जिसकी मदद से आप नया कंटेंट तैयार कर सकते हैं। वहीं, AI Mind Space के माध्यम से आप स्क्रीन पर मौजूद किसी भी कंटेंट का स्क्रीनशॉट लेकर उसे सेव कर सकते हैं और उससे संबंधित जानकारी को लेख या समरी के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि, यह फीचर हम लोग पहले भी वनयूआई में देख चुके हैं, लेकिन फिर भी वनप्लस के साथ देखकर अच्छा लगा।
हालांकि, हमें सबसे अच्छा फीचर AI Live Interpreter लगा, जो वनप्लस के इयरबड्स के जरिए रियल-टाइम ट्रांसलेशन की सुविधा देता है। यह बिल्कुल नया फीचर तो नहीं है, लेकिन अच्छा तो है।
सिक्योरिटी
इंटरनेट और एआई के बढ़ते उपयोग के साथ ही स्पैमिंग भी काफी बढ़ रही है। ऐसे में कॉलिंग और कम्युनिकेशन के दौरान कभी भी आपके साथ धोखा हो सकता है। इसे देखते हुए कंपनी ने ColorOS 17 के साथ AI Call Guard और Private Computing Cloud जैसे फीचर्स दिए हैं, जहां क्लाउड पर होने वाली AI प्रोसेसिंग के दौरान डेटा की सुरक्षा का ख्याल रखा जाता है। वहीं, कॉलिंग के दौरान संभावित धोखाधड़ी, AI से बनाई गई आवाज और वीडियो कॉल को भी पकड़ने में सक्षम है।
AI सजेशन
इस फीचर का जिक्र मैं अलग से करना चाहूंगा, क्योंकि मुझे यह बहुत काम का लगा। सबसे पहले तो आपको बता दूं कि इसे कैसे सेट करना है। इसके लिए आपको फोन की स्क्रीन पर उपलब्ध खाली जगह में कुछ देर तक टच करके रखना है। इसके बाद नीचे विजेट्स का ऑप्शन मिलेगा। विजेट्स पर टच करते ही कई ऑप्शन मिलेंगे, जिन्हें आप होम स्क्रीन पर सेट कर सकते हैं, लेकिन इसमें सबसे पहले AI माइंड सजेशन का ऑप्शन मिलता है, उसे क्लिक कर देना है।
इसके साथ ही स्क्रीन पर माइंड सजेशन विजेट आ जाएगा। अब यहां पर आपको कैलेंडर, क्लॉक, फिटनेस और जरूरी सेवाओं से संबंधित जानकारी मिलती रहती है, जिन्हें आप क्विक स्वाइप कर देख सकते हैं। यह फीचर आपके रोज के काम में काफी सहायक है। वहीं, इसमें डायरेक्ट आप AI सर्विस को भी ऐक्सेस कर सकते हैं।
कंपनी ने आस्क नाम से इसे दिया है, जहां आप चाहें तो Gemini, ChatGPT या Perplexity का उपयोग बस एक क्लिक से कर सकते हैं।
निष्कर्ष
सबकुछ देखने के बाद अंत में निष्कर्ष की बात करें तो यही कहूंगा कि ColorOS 17 को कंपनी ने पहले से कहीं बेहतर बना दिया है। वहीं, जो सबसे अच्छी बात लगी कि यदि आप वनप्लस के पुराने यूजर हैं, तो इसमें बहुत ज्यादा बदलाव नहीं दिखेगा, बल्कि फीचर्स को थोड़े-थोड़े इम्प्रूव यानी कि बेहतर किया गया है। ऐसे में नए ओएस को समझने में आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
रही बात फीचर्स की, तो एनिमेशन तो अच्छे हैं ही, स्मूथ और फास्ट भी हो गया है। इसके अलावा AI टूल्स और AI आधारित सिक्योरिटी फीचर्स इसे उपयोग में बेहतर बनाते हैं।