ColorOS 17 Update: OPPO के फोन में मिलेंगे ये10 नए फीचर्स, जानें कब आएगा अपडेट

Join Us icon

अगर आपके पास ओप्पो (OPPO) का स्मार्टफोन है, तो जल्द ही आपको नए कलर ओएस 17 (ColorOS 17) का अपडेट मिल सकता है। Android 17 पर आधारित इस सॉफ्टवेयर में नया डिजाइन, बेहतर परफॉर्मेंस और कई AI फीचर्स मिलेंगे। कंपनी ने ColorOS 17 के ग्लोबल रोलआउट का शेड्यूल जारी कर दिया है। OPPO Find X10 और Find X10 Pro Max ग्लोबल मार्केट में 21 अक्टूबर को लॉन्च होंगे और ये फोन ColorOS 17 के साथ आएंगे। वहीं ओप्पो के पुराने स्मार्टफोन्स को 29 अक्टूबर, 2026 से अपडेट मिलना शुरू हो जाएगा। इसके बाद नवंबर और दिसंबर में रेनो (Reno), एफ (F) और के (K) सीरीज के स्मार्टफोन्स के साथ ओप्पो के टैबलेट को भी नया सॉफ्टवेयर मिलेगा। यह रोलआउट 2027 की पहली तिमाही तक जारी रहेगा। बता दें कि पुराने डिवाइस के लिए अपडेट अलग-अलग चरणों में जारी किया जाएगा। यहां देखें किन ओप्पो स्मार्टफोन्स और टैबलेट को किस तारीख से ColorOS 17 का अपडेट मिलने वाला है और आपको क्या नए फीचर्स मिलेंगेः

ColorOS 17 में क्या होगा खास?

ColorOS OPPO फोन का सॉफ्टवेयर है, जो फोन के डिजाइन, परफॉर्मेंस और अलग-अलग फीचर को नियंत्रित करता है। कंपनी का कहना है कि ColorOS 17 में फोन के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर के बीच बेहतर तालमेल पर ध्यान दिया गया है। इसका उद्देश्य मल्टीटास्किंग और लंबे समय तक 4K वीडियो रिकॉर्डिंग जैसे कामों के दौरान भी फोन का प्रदर्शन बेहतर बनाए रखना है। कंपनी के अनुसार, नया सॉफ्टवेयर OPPO के स्मार्टफोन, IoT डिवाइस और दूसरे प्रोडक्ट के बीच बेहतर तालमेल देने पर भी ध्यान देगा। हालांकि सभी नए फीचर और बदलावों की पूरी जानकारी आधिकारिक तौर पर सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

1.फ्लोटिंग आईलैंड नेविगेशन बार

ColorOS 17 में सबसे बड़ा बदलाव Floating Island Navigation Bar है। पिछले वर्जन में नेविगेशन पट्टी स्क्रीन के निचले हिस्से में रहती थी, लेकिन अब इसे स्क्रीन पर तैरते हुए पारदर्शी और गोली के आकार के डिजाइन में पेश किया गया है। यह पट्टी स्क्रीन पर मौजूद कंटेंट के ऊपर दिखाई देती है। OPPO के Files, Photos, Phone Manager, Compass और Notes जैसे ऐप्स में इसका इस्तेमाल किया गया है। Timer, Audio Recorder, Maps और Media Player जैसे ऐप्स में भी यह डिजाइन देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, बैकग्राउंड में चल रहे कुछ काम छोटे और टैप किए जा सकने वाले आकार में दिखाई देते हैं। इससे ऐप बदले बिना चल रहे काम की जानकारी देखना आसान हो सकता है।

2.फ्लूइड डिजाइन और नए एनिमेशन

कलरओएस 17 में नए डिजाइन को Fluid Design नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य फोन की स्क्रीन पर होने वाली गतिविधियों, एनिमेशन और टच के जवाब को ज्यादा सहज बनाना है। उदाहरण के लिए, स्क्रीन पर किसी चीज को खींचने पर उसका आकार थोड़ा फैल सकता है। तेजी से खींचने पर उसका आकार सिकुड़ सकता है, जबकि छोड़ने पर वह वापस अपनी जगह आ जाती है। इससे इंटरफेस ज्यादा जीवंत महसूस होता है। लॉक स्क्रीन, नोटिफिकेशन पैनल, ऐप सर्च और Floating Navigation Bar में भी इन बदलावों का असर दिखाई देता है। स्क्रीन को तेजी से छूने पर तुरंत प्रतिक्रिया मिलती है, जबकि धीरे-धीरे खींचने पर हल्का प्रतिरोध महसूस हो सकता है। इन बदलावों के लिए OPPO ने Aurora Engine और Fluid Animation का इस्तेमाल किया है। पहला स्क्रीन पर चीजों को दिखाने की प्रक्रिया से जुड़ा है, जबकि दूसरा अलग-अलग स्क्रीन और विकल्पों के बीच होने वाले बदलावों को संभालता है।

3.फ्रॉस्टेड ग्लास जैसा नया डिजाइन

इस ओएस में पारदर्शी और धुंधले शीशे जैसा डिजाइन देखने को मिलता है। Media Player, Control Centre, Notes, Files Manager और Lock Screen जैसे हिस्सों में इसका इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ Contour Glow नाम का प्रभाव भी मिलता है, जो कार्ड या चुने गए विकल्प के किनारों पर हल्की चमक और उभरा हुआ रूप देता है। इसमें Progressive Blur फीचर भी है। इसमें स्क्रीन के अलग-अलग हिस्सों को अलग स्तर तक धुंधला किया जाता है, जिससे इंटरफेस में गहराई का एहसास होता है। इस डिजाइन में Apple के iOS 26 के Liquid Glass इंटरफेस जैसी कुछ समानताएं दिखाई देती हैं। हालांकि ColorOS 17 में टेक्स्ट को पढ़ने योग्य बनाए रखने और बिजली की खपत को कम रखने पर ध्यान दिया गया है।

4.कंट्रोल सेंटर में गोल बटन और नए स्लाइडर

ColorOS 17 में Control Centre का डिजाइन भी बदला गया है। पहले के गोल किनारों वाले चौकोर बटनों की जगह अब पूरी तरह गोल बटन मिलते हैं। सेटिंग, एडिट बटन और Media Player विजेट को भी नए डिजाइन में ढाला गया है। Control Centre के पीछे का हिस्सा पारदर्शी दिखाई देता है। इसमें Contour Glow प्रभाव के साथ ब्राइटनेस और आवाज को कम-ज्यादा करने वाले स्लाइडर भी गोल डिजाइन में मिलते हैं। इसके अलावा, Control Centre और Notification Centre के बीच आने-जाने पर दोनों पैनल अलग होते हुए एनिमेशन दिखाते हैं। इससे फोन का इंटरफेस ज्यादा सहज महसूस हो सकता है।

5. Lock Screen पर नई वॉच

कलरओएस 17 में लॉक स्क्रीन की घड़ी के लिए तीन नए फॉन्ट स्टाइल दिए गए हैं। वॉच के डिजाइन में फ्रॉस्टेड ग्लास जैसा प्रभाव भी मिलता है। एक खास बदलाव यह है कि अब Flux Clock के कुछ डिजाइन को केवल लॉक स्क्रीन तक सीमित नहीं रखा गया है। इन्हें Home Screen पर विजेट के रूप में भी लगाया जा सकता है। इससे यूजर अपनी पसंद के अनुसार फोन की मुख्य स्क्रीन को सजा सकते हैं और बिना ऐप खोले समय जैसी जरूरी जानकारी देख सकते हैं।

6.फोन ऐप में नए बदलाव

ColorOS 17 में Phone App को नए सिरे से डिजाइन किया गया है। इसमें Floating Bar और नया डायलर मिलता है। कॉल उठाने के लिए स्क्रीन पर ऊपर की ओर और कॉल काटने के लिए नीचे की ओर स्वाइप करने का विकल्प दिया गया है। यूजर चाहें तो इन दिशाओं को अपनी पसंद के अनुसार बदल सकते हैं। जो लोग बटन दबाकर कॉल उठाना या काटना पसंद करते हैं, उनके लिए पुराने Answer और Reject बटन भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा, कॉल के दौरान AI Call Assistant का विकल्प मिलता है। OPPO ने AI Call Anti-Fraud सुविधा भी जोड़ी है, जो बातचीत के दौरान संदिग्ध कॉल करने वालों की पहचान करने और संभावित धोखाधड़ी के बारे में चेतावनी देने के लिए बनाई गई है। इन सुविधाओं की उपलब्धता फोन और क्षेत्र के हिसाब से अलग हो सकती है।

7.नए इंजन से बढ़ेगी फोन की गति

OPPO ने ColorOS 17 में फोन के परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने के लिए नए सिस्टम इंजन दिए हैं। इनमें Aurora Engine और Tidal Engine प्रमुख हैं। कंपनी के अनुसार, Aurora Engine ऐप खुलने और चलने के दौरान मेमोरी के इस्तेमाल को 25 प्रतिशत तक कम कर सकता है। इसके अलावा, स्क्रीन पर चीजें दिखाने से जुड़ा काम 30 प्रतिशत तक कम करने का दावा किया गया है। Tidal Engine यह समझने की कोशिश करता है कि यूजर कौन से ऐप कितनी बार और कितनी देर इस्तेमाल करता है। इसके आधार पर यह सिस्टम के संसाधनों का बंटवारा करता है, ताकि जरूरी ऐप बैकग्राउंड में बेहतर तरीके से बने रहें।

8.एआई फोटो एडिटर

इस नए ओएस में AI आधारित फोटो एडिटिंग पर भी जोर दिया गया है। नए AI Photo Editor की मदद से तस्वीरों में मौजूद अनचाही चीजों को हटाने, धुंधलेपन को ठीक करने और रंगों व रोशनी में सुधार करने जैसे काम किए जा सकते हैं। इस सुविधा के पीछे Da Vinci Engine दिया गया है। इसमें तस्वीर की बनावट, रोशनी, रंग, सब्जेक्ट, एक्सपोजर आदि जैसे पहलुओं पर काम करने के लिए छह मॉडल इस्तेमाल किए जाते हैं। इसका मकसद फोटो एडिटिंग को आसान बनाना है, ताकि हर बदलाव के लिए अलग एडिटिंग ऐप की जरूरत न पड़े। हालांकि उपलब्ध विकल्प फोन के मॉडल और सॉफ्टवेयर वर्जन पर निर्भर कर सकते हैं।

9. एआई मेमोरी गैलरी और एआई नोट्स

ColorOS 17 में AI Memory Gallery नाम की सुविधा भी दी गई है। यह अलग-अलग समय पर खींची गई तस्वीरों को मिलाकर फोटो स्टोरी तैयार कर सकती है और उनके लिए AI की मदद से कैप्शन भी बना सकती है। इसके अलावा, AI Notes को भी बेहतर किया गया है। यह मीटिंग के दौरान कही गई बातों को सुनकर नोट्स तैयार करने और जानकारी को व्यवस्थित रूप में दिखाने में मदद कर सकता है। OPPO AI को कंपनी के ईयरफोन के साथ भी जोड़ा गया है। इसके जरिए बातचीत का दूसरी भाषा में तुरंत अनुवाद करने की सुविधा मिल सकती है। ध्यान देने वाली बात यह है कि इनमें से कई AI सुविधाएं चीन की सेवाओं पर निर्भर हैं। इसलिए ColorOS 17 के ग्लोबल वर्जन में सभी सुविधाएं मिलें, यह जरूरी नहीं है।

10. स्टेटस बार में छोटे बदलाव

ColorOS 17 में Status Bar के आइकन का क्रम भी बदला गया है। अब दाईं ओर से देखने पर पहले बैटरी, फिर Wi-Fi और उसके बाद मोबाइल नेटवर्क के संकेत दिखाई देते हैं। अगर फोन में दो SIM लगी हैं, तो दोनों नेटवर्क के संकेतों को एक साथ दिखाने या अलग-अलग रखने का विकल्प मिल सकता है। इसके अलावा, ऐप फोल्डर को पारदर्शी और धुंधले शीशे जैसा रूप दिया गया है। फोन चार्ज करते समय चमकती हुई बैटरी पट्टी दिखाई देती है। टॉर्च चालू करने पर पूरा स्क्रीन पैनल खुलता है, जहां स्लाइडर की मदद से रोशनी की तीव्रता बदली जा सकती है।

Oppo ColorOS 17 रोलआउट शेड्यूल

रोलआउट की तारीखColorOS 17 अपडेट पाने वाले फोन और टैबलेट
29 अक्टूबर, 2026ओप्पो फाइंड एन6, फाइंड एक्स9 अल्ट्रा, फाइंड एक्स9एस, फाइंड एक्स9 प्रो, फाइंड एक्स9
30 अक्टूबर, 2026ओप्पो फाइंड एन5, फाइंड एक्स8 प्रो, फाइंड एक्स8, रेनो16 प्रो 5G, रेनो16 5G, रेनो16सी 5G, रेनो16 एफएस 5G, रेनो16 एफ 5G
नवंबर, 2026ओप्पो फाइंड एन3, फाइंड एन3 फ्लिप, रेनो15 प्रो मैक्स 5G, रेनो15 प्रो 5G, रेनो15 प्रो मिनी 5G, रेनो15 5G, रेनो15 एफएस 5G, रेनो15 एफ 5G, रेनो15सी 5G, रेनो15 ए, रेनो14 प्रो 5G, रेनो14 5G, रेनो14 5G दिवाली एडिशन, रेनो14 एफएस 5G, रेनो14 एफ 5G, रेनो14 एफ डार्क साइड लिमिटेड एडिशन, के14एक्स 5G, के14 5G, के13एक्स 5G, एफ33 5G, एफ31 5G, एफ29 5G
दिसंबर, 2026ओप्पो रेनो13 प्रो 5G, रेनो13 5G, रेनो13 एफएस 5G, रेनो13 ए, रेनो13 एफ 5G, रेनो13 एफ, के13 टर्बो प्रो 5G, के13 टर्बो 5G, के13 5G, पैड 5, पैड 5 मैट डिस्प्ले एडिशन, पैड 3 प्रो, पैड 3, पैड 3 मैट डिस्प्ले एडिशन
पहली तिमाही (Q1), 2027ओप्पो फाइंड एन2 फ्लिप, रेनो12 प्रो 5G, रेनो12 प्रो 5G मनीष मल्होत्रा लिमिटेड एडिशन, रेनो12 5G, एफ33 प्रो 5G, एफ31 प्रो+ 5G, एफ31 प्रो 5G, एफ29 प्रो 5G, पैड एसई, पैड एसई मैट डिस्प्ले एडिशन

 

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here