
अगर बात की जाए कि कौन-से ब्रांड के मोबाइल यूजर अपनी कंपनी के प्रति पूरे ईमानदार और निष्ठावान होते हैं, तो सबसे उपर शायद Apple का नाम आएगा। यदि कहीं बहस भी छिड़ जाए कि Android Smartphone बेहतर होते हैं या फिर iOS पर चलने वाले Apple के iPhone, तो आईफोन यूजर एप्पल को कहीं से भी नीचे नहीं झुकने देते हैं। लेकिन एप्पल को पसंद करने वाले ऐसे ही इंडियन्स फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। Apple कंपनी ने भारत में शुरू होने वाले एक प्रोजेक्ट को फिलहाल के लिए टाल दिया है। एप्पल कंपनी ने इंडिया में बनाए जा रहे अपने पहले Offline Apple Store का निर्माण स्थगित कर दिया है। यह स्टोर मुबंई में खुलना था।
Apple Store के निर्माण को विलंबित किए जाने को लेकर मीडिया रिपोर्ट में सामने आया है कि इंडिया में बनाए जाने वाले कंपनी के पहले ऑफलाईन स्टोर के निर्माण को फिलहाल टाल दिया है और अब इस स्टोर का निर्माण बाद में किया जाएगा। जिस प्रोजेक्ट को कंपनी की ओर से स्थगित किया गया है वह एप्पल कंपनी द्वारा इंडिया में बनाया जाने वाला पहला एप्पल स्टोर था। अभी तक एप्पल के प्रोडक्ट सिर्फ कंपनी की वेबसाइट और अन्य शॉपिंग साइट्स पर ही बिकते हैं। लेकिन इस Offline Apple Store की शुरूआत होने के बाद कंपनी को सेल और डिस्ट्रीब्यूशन में काफी मदद मिलने वाली थी। कोरोना वायरस को यह निर्माण स्थगित किए जाने का कारण बताया जा रहा है।
LG और Apple की डील
कोरियन कंपनी एलजी और अमेरिकी कंपनी एप्पल के बीच कुछ समय पहले एक डील हुई थी, जिसके तहत साउथ कोरिया में मौजूद एलजी स्टोर्स पर एप्पल प्रोडक्ट्स बेचे जाने थे। इन प्रोडक्ट्स में iPhones, iPads और smartwatches के साथ-साथ अन्य Apple wearables डिवाईस भी शामिल किए जाने की बात सामने आई थी। वहीं हाल ही सामने आई खबर के अनुसार दोनों कंपनियों के बीच की यह डील पक्की हो गई है और अब साउथ कोरिया में LG Stores पर Apple प्रोडक्ट्स व iPhone बेचे जा सकेंगे। गौरतलब है कि एलजी कंपनी ने iMac, Mac Pro और Apple desktop computers को इस डील से बाहर रखा था क्योंकि एलजी स्टोर्स में कंपनी अपने खुद के LG ‘Gram’ laptops बेचेगी।
शुरू में जब इस डील की बात सामने आई थी, तब LG को छोटे उद्योग और मीडियम स्केल डिस्ट्रीब्यूटर्स की आलोचना का शिकार होना पड़ा था। व्यापारियों और रिटेस स्टोर्स मालिकों ने इस डील को छोटे बिजनेस के लिए खतरा बताया था। लेकिन अब LG Electronics और Korea Mobile Distribution Association के बीच नया एग्रीमेंट हुआ है जिसके बाद LG Stores पर Apple प्रोडक्ट्स व iPhone बेचे जा सकेंगे। शर्तों के अनुसार Apple products की बिक्री शुरू करने के पहले एलजी को छोटे डिस्ट्रीब्यूटर्स के सामने यह बताना होगा कि कंपनी एप्पल प्रोडक्ट्स की कितनी यूनिट्स को बेचने की प्लानिंग कर रही है।
Samsung की समस्या
बता दें कि Apple और LG की इस साझेदारी से Samsung को भी समस्या हुई थी। सैमसंग नहीं चाहती थी कि एलजी स्टोर्स पर एप्पल प्रोडक्ट बेचे जाएं क्योंकि ऐसा करने से सैमसंग की मार्केट पर भी बुरा असर पड़ता। कंपनी ने साल 2018 में एलजी और सैमसंग के बीच हुई डील की दलील दी थी, जिसके मुताबिक साउथ कोरिया में एलजी स्टोर्स पर सिर्फ एलजी मोबाइल फोंस और सैमसंग स्टोर्स पर सिर्फ सैमसंग स्मार्टफोंस ही बेचे जाने की बात तय हुई थी। Samsung ने कहा था कि एलजी स्टोर्स पर एप्पल आईफोंस बेचे जाएंगे तो यह डील का कानूनी उल्लंघन होगा। हालांकि दूसरी ओर LG ने सफाई दी थी कि जब कंपनी अपने मोबाइल बिजनेस से ही बाहर हो गई है तो यह डील भी कोई मायने नहीं रखती है।




















