
देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड Reliance Industries Limited (RIL) और यूके की दिग्गज ऊर्जा कंपनी बीपी के बीच ज्वाइंट वेंचर जियो-बीपी (Jio-BP) ने भारत में टू व्हीलर वाहनों ( two-wheeler EV) के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बैटरी स्वैपिंग को बढ़ावा देने के लिए हीरो इलेक्ट्रिक (Hero Electric) के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इसके तहत हीरो इलेक्ट्रिक के ग्राहकों को Jio-bp के व्यापक चार्जिंग और स्वैपिंग नेटवर्क तक पहुंच मिलने की उम्मीद है, जो अन्य वाहनों के लिए भी खुला रहेगा। हीरो इलेक्ट्रिक और जियो-बीपी ऐप के माध्यम से ग्राहक समीप के चार्जिंग स्टेशन को आसानी से ढूंढ सकेंगे।
ऐप से सर्च कर पाएंगे चार्जिंग स्टेशन
जियो-बीपी अपने ईवी चार्जिग और स्वैपिंग स्टेशनों को जियो-बीपी पल्स ब्रांड के तहत संचालित कर रहा है। जियो-बीपी पल्स ऐप से ग्राहक आसानी से आस-पास के स्टेशन को सर्च कर पाएंगे। इसके अलावा, भारत के सबसे बड़े ईवी नेटवर्क में से एक होने की दृष्टि के साथ, जियो-बीपी एक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकोसिस्टम बना रहा है जो ईवी वैल्यू चेन में सभी के लिए अच्छा साबित होगा।
आरबीएमएल अपने ग्राहकों को ईवी चार्जिग पॉइंट और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन (बीएसएस) ऑप्शन उपलब्ध करा रहा है। वहीं, अभी हीरो इलेक्ट्रिक के पास देश भर में फैले 750 से अधिक (और विस्तार) बिक्री और सेवा आउटलेट हैं, साथ ही ईवीएस पर व्यापक चार्जिग नेटवर्क और प्रशिक्षित रोडसाइड मैकेनिक्स हैं। भारत में 4.5 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के साथ, कंपनी पिछले 14 वर्षो में स्थायी यात्रा समाधान प्रदान कर रही है।
Jio-BP मिलकर कर रहे हैं काम
गौरतलब है कि Mukesh Ambani की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) और यूके की दिग्गज एनर्जी कंपनी बीपी (BP) के बीच ज्वाइंट वेंचर जियो-बीपी (Jio-BP) ने कुछ महीने पहले ही भारत के पहले और सबसे बड़े ऑल-इलेक्ट्रिक राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म ब्लूस्मार्ट (BluSmart) के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इस पार्टनरशिप से उन लोगों की टेंशन खत्म होगी जो अभी इलेक्ट्रिक व्हीकल को खरीदने के बाद उसकी चार्जिंग को लेकर टेंशन ले रहे हैं। दरअसल, जियो-बीपी इस पार्टनरशिप के बाद पूरे देश में कमर्शियल ईवी चार्जिंग स्टेशन नेटवर्क को लगाया जाएगा।
दोनों कंपनियां उन शहरों में ईवी चार्जिंग अवसंरचना की योजना, स्थापना और संचालन में सहयोग करेंगी, जहां ब्लूस्मार्ट काम करती है। आपको बता दें कि ब्लूस्मार्ट अपने ऑल-इलेक्ट्रिक फ्लीट के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर के मोबिलिटी क्षेत्र में हलचल मचा रही है।




















