HMD और M-Kopa की साझेदारी से अफ्रीका में लॉन्च हुआ M-Kopa X30 फोन, इसमें है 5000mAh बैटरी और 50MP सेल्फी कैमरा

फिनलैंड की कंपनी HMD Global नोकिया फोन बनाने और बेचने के लिए जानी जाती है, लेकिन कंपनी ने चुपचाप एक नया स्मार्टफोन लॉन्च किया है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस बार फोन HMD नाम से नहीं, बल्कि अफ्रीकी फिनटेक कंपनी M-Kopa के साथ साझेदारी में M-Kopa X30 के नाम से लॉन्च हुई है।
HMD और M-Kopa पिछले कुछ सालों से अफ्रीका में स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहे हैं। बता दें कि M-Kopa अपने पे-ऐज-यू-गो फाइनेंसिंग मॉडल के लिए जानी जाती है, जिसके तहत ग्राहक बिना पूरी कीमत दिए फोन खरीद सकते हैं और उसका भुगतान आसान मासिक किस्तों में कर सकते हैं। इस साझेदारी में HMD फोन का हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर संभालता है, जबकि M-Kopa इसकी डिस्ट्रीब्यूशन और फाइनेंसिंग का काम करती है। इसका मकसद अफ्रीका के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक आसान किस्तों में फोन पहुंचाना है।
M-Kopa X30 के स्पेसिफिकेशंस की बात करें, तो इसमें Unisoc T615 प्रोसेसर दिया गया है, जो 6GB रैम और 256GB इंटरनल स्टोरेज के साथ आता है। यह फोन Android 15 पर काम करता है, जिसमें HMD के अपने AI फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें 6.72 इंच का FHD+ डिस्प्ले (2400×1080 पिक्सल) है, जो 60Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है।
फोन के रियर पैनल पर 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा OIS सपोर्ट के साथ दिया गया है, जबकि 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी शामिल है। वहीं फोन के फ्रंट में 50 मेगापिक्सल का हाई-रिजॉल्यूशन सेल्फी कैमरा मौजूद है, जो इस प्राइस सेगमेंट में खास फीचर है।
कैमरा में AI आधारित फीचर्स भी दिए गए हैं, जैसे- AI Remix Shots, जो ग्रुप फोटो में हर किसी की बेस्ट एक्सप्रेशन को चुनता है और Gesture Selfie, जिससे यूजर सिर्फ आंख झपकाकर या पीस साइन दिखाकर फोटो क्लिक कर सकते हैं।
फोन में कंपनी ने 5,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 20W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है, हालांकि बॉक्स में सिर्फ 10W का चार्जर दिया गया है। इसमें USB Type-C पोर्ट, 3.5mm हेडफोन जैक और IP52 रेटिंग दी गई है, जो हल्के पानी के छींटों और धूल से बचाव प्रदान करती है।
कुल मिलाकर, M-Kopa X30 अफ्रीका के बाजार को ध्यान में रखकर तैयार किया गया एक बजट स्मार्टफोन है। इसमें लेटेस्ट फीचर्स, पावरफुल कैमरा और लंबी बैटरी लाइफ जैसी खूबियां हैं।