ट्रेन में गुम हुआ ऑनर का फोन, ढूंढने वाले को मिलेगा 3,90,000 रुपये का ईनाम

Join Us icon

मोबाईल फोन आज हर व्यक्ति की जिंदगी का बेहद अहम हिस्सा बन चुका है। मोबाईल फोन अब सिर्फ कॉलिंग या ​मनोरंजन ही नहीं बल्कि दैनिक दिनचर्या के कार्यो में भी यूज़ होता है। जब यही फोन खो जाता है तो बड़ी समस्या बन जाती है। फोन के गुम हो जाने पर पैसों के नुकसान से ज्यादा इस बात की निराशा होती है कि उसमें मौजूद मीडिया फाइल्स, कॉटेक्ट लिस्ट तथा अन्य जरूरी डाक्यूमेंट्स व मैसेज भी हमारे पास नहीं रहते। लेकिन ज़रा सोचिए यदि कोई स्मार्टफोन कंपनी ही अपना प्रोटोटाइप फोन खो दे तो क्या होगा। ऐसे ही दुखद हादसे का शिकार हुई है टेक कंपनी ऑनर। ऑनर के एक कर्मचारी से कंपनी का प्रोटोटाइप फोन गुम हो गया है और इस वजह से पूरी कंपनी में हड़कंप मचा हुआ है।

क्या है प्रोटोटाइप फोन

यदि आप सोच रहे हैं कि प्रोटोटाइप फोन क्या होता है तो सबसे पहले आपको यही बता देते हैं। दुकान तक पहुॅंचने से पहले स्मार्टफोन कई तरह के स्टेप्स से होकर गुजरता है। और जब फोन निर्माण की शुरूआती स्टेज पर होता तब यह सबसे ज्यादा अहम और ध्यान रखने योग्य होता है। इसी स्टेज पर फोन की हर तरह की टेस्टिंग की जाती है जिसमें हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर के साथ ही इसके डिजाईन को परखा जाता है। इस स्टेज पर मौजूद फोन को प्रोटोटाइप फोन कहा जाता है। यह फोन पूरी तरह से डेवेलप नहीं होता है यहां बस इसके फीचर्स की टेस्टिंग की जाती है और जरूरत के अनुसार इनमें बदलाव किए जाते हैं।

honor-lost-prototype phone in train offering-5000 euro-reward

अब आप समझ सकते हैं कि किसी भी स्मार्टफोन कंपनी के लिए प्रोटोटाइप फोन कितना ज्यादा अहम होता है। ऐसे ही एक प्रोटोटाइप फोन पर ऑनर कंपनी काम कर रही थी। इस फोन में ऑनर के कुछ ऐसे आइडिया शामिल थे जो खुफिया थे। इस प्रोटोटाइप फोन को लेकर कंपनी का एक कर्मचारी ट्रेन में सफर कर रहा था। लेकिन सफर के दौरान किसी तरह की चूक हो जाने से ऑनर का प्रोटोटाइप फोन ट्रेन में ही गुम हो गया।

ऐसे हुआ गुम

यह वाक्या जर्मनी का है। ऑनर ने अपने आफिशियल ट्वीटर हैंडल पर इस हादसे की जानकारी देते हुए बताया है कि गत सोमवार एक ऑनर कर्मचारी डुसैलड्रॉर्फ से म्यूनिक की ट्रेन में बैठा था। गलती से ऑनर का प्रोटोटाइप इस ट्रेन में ही छूट गया। ऑनर कर्मचारी अपने गंत्वय स्टेशन तक पहुॅंच गया लेकिन इस दौरान उसे फोन नहीं मिला। यह फोन खो जाने के बाद ऑनर ने अपने ट्वीटर हैंडल से यह जानकारी सार्वजनिक की है।

ढूंढने वाले को भारी ईनाम

यह घटना हो जाने के बाद ऑनर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रोटोटाइप फोन ईनाम की घोषणा कर दी है। ऑनर ने कहा है कि कंपनी का गुम हुआ प्रोटोटाइप फोन खोजकर लाने वाले को 5000 यूरो का ईनाम दिया जाएगा। आपको जानकार हैरानी होगी कि यह राशि इंडियन करंसी अनुसार तकरीबन 3,90,418 रुपये के करीब है। यानि ऑनर का गुम हुआ फोन ढूंढने वाले को कंपनी की ओर से तकरीबन 4 लाख रुपये का ईनाम दिया जाएगा। यह भी पढ़ें : शाओमी की तैयारी ! 8जीबी रैम, 48-एमपी ट्रिपल कैमरा और स्नैपड्रैगन 855 चिपसेट पर लॉन्च होगा यह दमदार फोन

ऑनर ने बताया है कि यह प्रोटोटाइप फोन ग्रे रंग के प्रोटेक्टिव केस में बंद था और फोन का कैमरा भी केस ने शटर से ढंका हुआ था। बहरहाल अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर यह प्रोटोटाइप ऑनर के किस फोन का था, जो कंपनी इसे ढूंढने वाले को इतनी भारी रकम ईनाम में दे रही है। बता दें कि खबर लिखे जाने तक यह फोन नहीं ढूंढा जा सका है।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here